
HP SET Notification 2026: हिमाचल राज्य पात्रता परीक्षा 2026 के लिए आवेदन शुरू, 30 जनवरी है अंतिम तारीख
HP SET 2026: हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने हिमाचल प्रदेश राज्य पात्रता परीक्षा (HP SET) 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। उम्मीदवार hppsc.hp.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
HP SET 2026 Registration: हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग (HPPSC) ने हिमाचल प्रदेश राज्य पात्रता परीक्षा (HP SET) 2026 का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इच्छुक उम्मीदवार जो शिक्षण के क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहते हैं, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hppsc.hp.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
महत्वपूर्ण तिथियां
आयोग द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है। उम्मीदवारों के पास आवेदन करने और फीस जमा करने के लिए 30 जनवरी 2026 (रात 11:59 बजे तक) का समय है।
आवेदन शुल्क-
सामान्य वर्ग: 1150 रुपये
सामान्य-ईडब्ल्यूएस / ओबीसी (हिमाचल प्रदेश): 600 रुपये
अनुसूचित जाति / जनजाति / बीपीएल / दिव्यांग (हिमाचल प्रदेश): 325 रुपये
आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी भी अन्य माध्यम से भेजे गए आवेदन फॉर्म सीधे रद्द कर दिए जाएंगे।
योग्यता और आयु सीमा
HP SET 2026 के लिए आवेदन करने हेतु उम्मीदवारों के पास यूजीसी (UGC) द्वारा मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में मास्टर डिग्री (PG) होनी चाहिए।
न्यूनतम अंक: सामान्य और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए कम से कम 55% अंक अनिवार्य हैं। वहीं, आरक्षित श्रेणियों (SC/ST/OBC/PWD) के लिए 50% अंकों की आवश्यकता है।
आयु सीमा: इस परीक्षा के लिए कोई ऊपरी आयु सीमा निर्धारित नहीं है, यानी किसी भी उम्र के योग्य उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं।
अंतिम वर्ष के छात्र: जो उम्मीदवार अभी मास्टर डिग्री के अंतिम वर्ष में हैं या परिणाम का इंतजार कर रहे हैं, वे भी प्रोविजनल आधार पर आवेदन कर सकते हैं।
परीक्षा पैटर्न और केंद्र
HP SET 2026 परीक्षा ऑफलाइन (OMR-based) मोड में आयोजित की जाएगी। इसमें दो पेपर होंगे।
पेपर-I (100 अंक): इसमें सामान्य जागरूकता और शिक्षण/अनुसंधान योग्यता से जुड़े 50 प्रश्न होंगे। (समय: 1 घंटा)
पेपर-II (200 अंक): यह उम्मीदवार द्वारा चुने गए विशिष्ट विषय पर आधारित होगा, जिसमें 100 प्रश्न होंगे। (समय: 2 घंटे) परीक्षा में कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी। परीक्षा का आयोजन राज्य के प्रमुख शहरों जैसे शिमला, सोलन, मंडी, धर्मशाला, हमीरपुर, ऊना आदि में किया जाएगा।
आयोग ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए समय रहते अपना रजिस्ट्रेशन (OTR) और आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।





