
हिंदी मीडियम से कैसे करें जेईई मेन, नीट और यूपीएससी परीक्षाओं की तैयारी, क्या ध्यान रखना जरूरी
अकसर हिंदी माध्यम के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा देते समय लगता है कि अंग्रेजी में कमजोर होना उन्हें पीछे धकेल देगा। हालांकि, प्रतियोगी परीक्षाओं में असल ताकत विषय की समझ और विश्लेषण क्षमता में होती है, भाषा में नहीं
प्रतियोगी परीक्षाओं में हिंदी माध्यम से परीक्षा देने वाले छात्रों की सफलता दर अंग्रेजी माध्यम के छात्रों की तुलना में कम ही मिलती है। दरअसल, अंग्रेजी पर कमजोर पकड़ का अहसास ही सबसे बड़ी बाधा बनता है। कई छात्रों ने हिंदी माध्यम से ही बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में शानदार सफलता पाई है। यह साबित करता है कि भाषा नहीं, बल्कि स्पष्ट रणनीति और ठोस तैयारी ही सफलता का असली आधार है।
हिंदी में अध्ययन सामग्री की कमी बड़ी चुनौती
करेंट अफेयर्स के विशेषज्ञ कुणाल किशोर बताते हैं कि हिंदी माध्यम के छात्रों को सबसे अधिक संघर्ष अकादमिक सामग्री की कमी के कारण करना पड़ता है। भरोसेमंद और उच्च गुणवत्ता वाली हिंदी की किताबें कम हैं और अंग्रेजी से अनूदित किताबें अकसर समझने में कठिन होती हैं। कई हिंदी विश्वविद्यालयों की कमजोर शिक्षा और कोचिंग संस्थानों में मार्गदर्शन की कमी भी तैयारी में बाधा बनती है। ऑनलाइन वीडियो पर्याप्त मदद नहीं कर पाते, इसलिए छात्रों को तैयारी में मुश्किल होती है, खासकर यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षाओं में।
अकसर हिंदी माध्यम के छात्रों को प्रतियोगी परीक्षा देते समय लगता है कि अंग्रेजी में कमजोर होना उन्हें पीछे धकेल देगा। हालांकि, प्रतियोगी परीक्षाओं में असल ताकत विषय की समझ और विश्लेषण क्षमता में होती है, भाषा में नहीं। साल 2002 में राजस्थान के डूंगराराम चौधरी इसका उदाहरण हैं। हिंदी माध्यम से उन्होंने जेईई में टॉप किया और साबित कर दिया कि सफलता मेहनत, इच्छाशक्ति और सही रणनीति से मिलती है, केवल भाषा से नहीं। हां, प्रतियोगी परीक्षाओं की हिंदी बोलचाल की हिंदी से अलग होती है। इसीलिए आपको तैयारी भी उसी अनुसार करनी होगी।
विशेषज्ञ की राय
ऋचा रत्नम, यूपीएससी, 274 रैंक (हिंदी मीडियम) कहती हैं, 'मैंने हिंदी माध्यम से पढ़ाई के बाद इंजीनियरिंग की और फिर सिविल सेवा की तैयारी सेल्फ स्टडी से की। करेंट अफेयर्स के लिए अंग्रेजी समाचार पत्र पढ़े, विविध विषयों की किताबें देखीं और टीवी चैनलों के डिबेट सुने। हिंदी में तैयारी के लिए कोचिंग संस्थानों के नोट्स और इग्नू के संसाधन मददगार हैं। प्रारंभिक परीक्षा के लिए एनसीईआरटी की हिंदी किताबें मजबूत आधार देंगी। हिंदी माध्यम के अभ्यर्थियों को मेरी सलाह है कि खूब पढ़ें, विविध विषयों का ज्ञान रखें। इससे निबंध लेखन और सामाजिक-आर्थिक मुद्दों का ज्ञान होगा। जेईई, नीट जैसी परीक्षाएं कॉन्सेप्ट-ओरिएंटेड हैं। कॉन्सेप्ट क्लियर हो तो भाषा सफलता में बाधा नहीं बनती है।'
समझें प्रतियोगी परीक्षाओं की हिंदी
●प्रतियोगी परीक्षाओं में ‘शुद्ध हिंदी’ या ‘मानक हिंदी’ उपयोग होती है। तकनीकी, प्रशासनिक, आर्थिक और राजनीतिक शब्दावली के लिए आधिकारिक और औपचारिक शब्दों का प्रयोग किया जाता है, जैसे, जीडीपी की जगह ‘सकल घरेलू उत्पाद’ इकोनॉमी की जगह ‘अर्थव्यवस्था’, गवर्नेंस की जगह ‘शासन व्यवस्था आदि।’
●बैंक परीक्षाओं में हिंदी टर्मिनॉल्जी से अच्छी तरह परिचित होना चाहिए। इसमें भाषा के सेक्शन का उद्देश्य मुख्य रूप से भाषा कौशल की सामान्य जांच होता है।
●सिविल सेवा परीक्षा में पूरे विषय के ज्ञान को विश्लेषणात्मक ढंग से व्यक्त करने के लिए भाषा पर अच्छी पकड़ होना जरूरी है। इसलिए हिंदी में कुशल लेखन कौशल की आवश्यकता होगी।
चुनौतियां और भी
अंग्रेजी की प्रचलित शब्दावली: कंप्यूटर्स, इंजीनियरिंग या अर्थशास्त्र जैसे विषयों में आमतौर पर अंग्रेजी की शब्दावली उपयोग होती है। इसे हिंदी में समझना कठिन हो जाता है।
प्रवेश परीक्षाओं में करें अच्छी तैयारी
केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के ताजा आंकड़ों पर गौर करें, तो साल 2020 में जेईई मेन के लिए हिंदी माध्यम से आवेदन करने वाले छात्र मात्र 6.73 फीसदी थे। इसका मतलब यह नहीं कि हिंदी छात्रों के लिए तैयारी मुश्किल है। साल 2025 में महेश कुमार ने हिंदी माध्यम से नीट यूजी में ऑल इंडिया फर्स्ट रैंक हासिल की, जो दिखाता है कि तीन साल की अनुशासित तैयारी, सेल्फ स्टडी और समय प्रबंधन सफलता की कुंजी हैं।
विषय की समझ काम आएगी
ध्यान रहे कि हिंदी में जितनी भी सामग्री मिले, वह भरोसेमंद और काम की होनी चाहिए। जरूरी है कि बुनियाद मजबूत हो, विषयों को गहराई से पढ़ा जाए और निबंधात्मक उत्तरों में स्पष्टता व गुणवत्ता दिखे। अकसर हिंदी माध्यम के कई छात्र इसी में पीछे रह जाते हैं।
हिंदी सामग्री के लिए मदद के मंच : दृष्टि आईएएस, प्लूटस आईएएस, योजना आईएएस, ध्येय आईएएस और वाजीराव एंड रेड्डी आईएएस हिंदी माध्यम से सिविल सर्विसेज की तैयारी के लिए कुछ नामी संस्थान हैं। फिजिक्सवाला जैसे कई ऑनलाइन पोर्टल्स खासतौर पर हिंदी माध्यम के लिए बने हैं। यूट्यूब ट्यूटोरियल्स और एप मुफ्त सामग्री और मार्गदर्शन देते हैं। रेडिट, कोरा, टेलीग्राम ग्रुप्स, डिस्कॉर्ड सर्वर्स जैसे ऑनलाइन मंच से प्रतिभागियों को मदद मिल सकती है। इसके अतिरिक्त एनसीईआरटी (कक्षा 6-12) की किताबें, भरोसेमंद स्टडी मैटीरियल, सैंपल पेपर्स, मॉक टेस्ट और नियमित अभ्यास हमेशा ही ठोस तैयारी के संसाधन हैं।
सामाजिक और आर्थिक अंतर: हिंदी माध्यम के छात्र अलग-अलग सामाजिक और आर्थिक पृष्ठभूमि से आते हैं। कोचिंग संस्थानों में और हिंदी में सामग्री देने वाले अन्य संसाधनों तक आमतौर पर उनकी पहुंच सीमित होती है। इससे भी तैयारी पर असर पड़ता है।





