BITS पिलानी और IIM कलकत्ता से पढ़ाई, लंदन में की नौकरी, फिर खड़ी की स्विगी जैसी बड़ी कंपनी
आज स्विगी से करीब-करीब हर कोई परिचित है। इसका नाम देश के बड़े फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म में शामिल है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस कंपनी के को-फाउंडर कौन हैं और वो कितने पढ़े-लिखे हैं? जो नहीं जानता है उन्हें बता दें कि इस कंपनी के को-फाउंडर श्रीहर्ष मजेटी हैं, जिनकी सक्सेस स्टोरी काफी कमाल की है।

आज स्विगी से करीब-करीब हर कोई परिचित है। इसका नाम देश के बड़े फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म में शामिल है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस कंपनी के को-फाउंडर कौन हैं और वो कितने पढ़े-लिखे हैं? जो नहीं जानता है उन्हें बता दें कि इस कंपनी के को-फाउंडर श्रीहर्ष मजेटी हैं, जिनकी सक्सेस स्टोरी काफी कमाल की है। वो काफी पढ़े-लिखे हैं। उन्होंने BITS पिलानी और आईआईएम कलकत्ता जैसे टॉप संस्थानों से पढ़ाई की। इसके बाद लंदन में नौकरी की, लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने नौकरी छोड़कर अपना कारोबार शुरू करने का फैसला किया। शुरुआत में उन्होंने ई-कॉमर्स से जुड़ी लॉजिस्टिक्स की समस्या को हल करने के लिए काम किया। बाद में उन्होंने अपना बिजनेस मॉडल बदला और साल 2014 में स्विगी की शुरुआत की। चलिए आज हम आपको श्रीहर्ष मजेटी की सक्सेस स्टोरी बताते हैं।
कौ हैं श्रीहर्ष मजेटी
श्रीहर्ष मजेटी का जन्म आंध्र प्रदेश में हुआ। वह एक कारोबारी और प्रोफेशनल बैकग्राउंड वाले परिवार से ताल्लुक रखते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पिता एक रेस्तरां चलाते थे जिसके चलते फूड इंडस्ट्री से उनका नाता जल्द हो गया। वहीं उनकी मां एक मेडिकल प्रोफेशनल थीं। श्रीहर्ष माजेटी ने साल 2003 में बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (BITS) पिलानी में दाखिला लिया। साल 2008 में उन्होंने यहां से दो डिग्रियां हासिल कीं। उन्होंने इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग (B.E.) और फिजिक्स में मास्टर ऑफ साइंस (M.Sc.) की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के साथ वह संस्थान में फोटोग्राफी विभाग के कोऑर्डिनेटर भी रहे।
साल 2008 में उन्होंने चार्टर्ड फाइनेंशियल एनालिस्ट (CFA) प्रोग्राम की तैयारी शुरू की और इसका लेवल II पास किया। लेकिन इसके बाद में उन्होंने फाइनेंस के फील्ड में करियर बनाने का इरादा बदल दिया। श्रीहर्ष के मुताबिक,उन्हें CFA की पढ़ाई अच्छी लगी थी, इसलिए इसकी तैयारी की।
आईआईएम कलकत्ता से की पढ़ाई
इसके बाद साल 2009 से 2011 के बीच श्रीहर्ष ने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM), कलकत्ता में पढ़ाई की। यहां से उन्होंने फाइनेंस में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन मैनेजमेंट (PGDM) हासिल किया। संस्थान में पढ़ाई के दौरान उन्होंने रिक्रूटमेंट कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी भी संभाली। इस भूमिका में उन्होंने 280 विद्यार्थियों के बैच के प्लेसमेंट और 360 विद्यार्थियों के बैच की इंटर्नशिप से जुड़े काम देखे। श्रीहर्ष इस अनुभव को अपनी जिंदगी के सबसे बेहतरीन अनुभवों में से एक मानते हैं। उनका कहना है कि संस्थान में मिली सीख और एक्सपीरियंस के लिए वह इसके आभारी हैं।
लंदन में की इन्वेस्टमेंट बैंकिंग की नौकरी
श्रीहर्ष के प्रोफेशनल करियर की शुरुआत ब्रिटेन की कंपनी नोमुरा इंटरनेशनल (Nomura International) से हुई। अप्रैल से जून 2010 के बीच उन्होंने यहां समर एनालिस्ट के तौर पर काम किया। इस दौरान वह फिक्स्ड इनकम क्वांटिटेटिव ट्रेडिंग स्ट्रैटेजीज और स्ट्रक्चर्ड क्रेडिट ट्रेडिंग डेस्क से जुड़े रहे। बतात चलें कि जुलाई 2011 में उन्होंने एसोसिएट के तौर पर काम शुरू किया और लंदन में रेट्स ट्रेडिंग डेस्क पर करीब एक साल तक काम किया। मगर उन्हें कुछ और करना था। इसके बाद लंदन में नौकरी छोड़कर अपना बिजनेस शुरू करने का फैसला किया। अगस्त 2012 में उन्होंने रिजाइन दिया। उनका उद्देश्य भारत लौटकर स्टार्टअप की दुनिया से जुड़ना और अपना बिजनेस खड़ा करना था।
नौकरी छोड़कर छह महीने तक किया ट्रैवल
भारत आने से पहले श्रीहर्ष की लाइफ में एक और दिलचस्प मोड़ है। उन्होंने करीब छह महीने तक बेहद कम बजट में यूरोप से एशिया तक का सफर अकेले तय किया। इतना ही नहीं, इस दौरान उन्होंने तीन महीने में पुर्तगाल से ग्रीस तक लगभग 3500 किलोमीटर साइकिल चलाई। इसके बाद तुर्किये से कजाकिस्तान तक पब्लिक ट्रांसपोर्ट और दूसरे गाड़ियों से लिफ्ट लेकर सफर तय किया। श्रीहर्ष के मुताबिक, इस दौरान उन्हें अपने फ्यूचर के बारे में सोचने और कारोबार शुरू करने की दिशा तय करने का मौका मिला।
Bundl से शुरू हुई कारोबार की नई कहानी
भारत लौटन के बाद श्रीहर्ष मजेटी ने 2013 में एक कूरियर सर्विस एग्रीगेटर Bundl की शुरुआत की जिसके उन्हें भारत में लॉजिस्टिक चैलेंज को मदद करने की उम्मीद थी। हालांकि, Bundl को अपर्याप्त टेक्नोलॉजिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर के चलते कई बड़ी चुनौतियां झेलनी पड़ीं और कंपनी को संघर्ष करना पड़ा। इसके बाद उन्होंने अपने बिजनेस मॉडल पर दोबारा विचार किया और बड़े बाजार में काम करने की योजना बनाई।
फिर स्विगी किया लॉन्च
मजेटी ने साल 2014 में को-फाउंडर नंदन रेड्डी के साथ मिलकर Bundl को रीब्रैंड किया और फूड डिलीवरी सेक्टर पर फोकस शिफ्ट करते हुए स्विगी लॉन्च किया। उनका यह फैसला गेमचेंजर साबित हुआ।कंपनी का फोकस आसपास के रेस्टोरेंट से ग्राहकों तक खाना पहुंचाने की सेवा को आसान बनाना था।
आज कई सेवाएं देता है स्विगी
बता दें कि स्विगी अब सिर्फ खाना डिलीवर करने का काम नहीं करती, बल्कि कई तरह की सेवाएं भी देती है। इनमें इंस्टामार्ट, स्विगी डाइनआउट, स्विगी जिनी और स्विगी वन शामिल हैं। स्विगी डाइनआउट की मदद से ग्राहक रेस्टोरेंट में टेबल बुक कर सकते हैं और छूट का लाभ ले सकते हैं। यह सेवा 34 से ज्यादा शहरों में उपलब्ध बताई गई है। वहीं, स्विगी जिनी के जरिए सामान एक जगह से दूसरी जगह भेजा जा सकता है। यह सेवा 68 शहरों में उपलब्ध बताई गई है। वहीं, इंस्टामार्ट से घर बैठे रोजमर्रा के सामान मंगवा सकते हैं। इसके अलावा, स्विगी वन कंपनी का मेंबरशिप प्रोग्राम है, जिसके तहत ग्राहकों को कुछ खास सुविधाएं मिलती हैं।

