टीचरों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य, स्कूलों की इमारतें भी नए रंग में रंगेंगी; कहां लिया गया फैसला
हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के लिए नया ड्रेस कोड लागू कर दिया गया है, जिसके तहत लिलाक व नेवी ब्लू ब्लेजर और आई-कार्ड अनिवार्य रहेगा।

हिमाचल प्रदेश के सीबीएसई स्कूलों की तस्वीरें और माहौल अब पूरी तरह बदलने जा रहा है। राज्य के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश के बाद अब प्रदेश भर के सभी सीबीएसई स्कूलों में अध्यापकों और प्रधानाचार्यों के लिए एक नया और एक समान ड्रेस कोड आधिकारिक तौर पर लागू कर दिया गया है। सरकार ने साथ ही स्कूलों की इमारतों के रंग-रोगन से लेकर उनके बुनियादी ढांचे को भी नया रूप देने की मुकम्मल तैयारी कर ली गई है।
शिक्षा विभाग की ओर से जारी ताजा बयान के मुताबिक, शिक्षण संस्थानों में अनुशासन और एकरूपता लाने के मकसद से यह कदम उठाया गया है। नए नियमों में अध्यापकों के पहनावे के रंग बहुत ही सोच-समझकर तय किए गए हैं। अब महिला और पुरुष अध्यापकों के लिए हल्के लिलाक, लिलाक पर्पल और नेवी ब्लू रंग का परिधान तय किया गया है। इसके साथ ही जूते और अन्य जरूरी एसेसरीज के लिए केवल काला रंग ही मान्य होगा।
महिला टीचरों के लिए क्या विकल्प
पहनावे की शैलियों में काफी सहूलियत दी गई है ताकि अध्यापकों को रोजमर्रा के काम में कोई परेशानी न आए। महिला अध्यापिकाओं के लिए कई विकल्प रखे गए हैं। वे साड़ी के साथ ब्लेजर, कुर्ता या कमीज के साथ पैंट, प्लाजो या सलवार और ब्लेजर पहन सकती हैं। इसके अलावा शर्ट-ट्रॉउजर के साथ टाई और ब्लेजर पहनने की भी छूट दी गई है। दूसरी तरफ, पुरुष शिक्षकों के लिए पैंट, शर्ट, टाई और ब्लेजर पहनना अनिवार्य किया गया है। इस नए ड्रेस कोड की सबसे खास बात यह है कि यह नियम सिर्फ स्थायी शिक्षकों पर ही नहीं, बल्कि आउटसोर्स के जरिए तैनात किए गए कर्मचारियों और स्कूल के प्रिंसिपलों पर भी समान रूप से लागू होगा।
ड्रेस कोड के साथ-साथ पहचान को पुख्ता करने के लिए ड्यूटी के दौरान पहचान पत्र पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। इतना ही नहीं, अध्यापकों को अपने ब्लेजर पर स्कूल या शिक्षा विभाग का आधिकारिक लोगो भी लगाना होगा। सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से राज्य के सभी सीबीएसई संस्थानों में एक जैसी व्यवस्था दिखेगी और शिक्षकों की एक अलग और सम्मानजनक पहचान कायम होगी।
स्कूलों की पहचान भी बदलने की योजना
सिर्फ अध्यापकों के पहनावे तक ही बात सीमित नहीं है, बल्कि स्कूलों की पहचान बदलने की भी बड़ी योजना है। मुख्यमंत्री सुक्खू ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि प्रदेश के सभी स्कूल भवनों की इमारतों को अब ऑलिव ग्रीन और सैंड बेज रंगों में रंगा जाएगा। इससे दूर से ही सरकारी स्कूल भवनों की एक विशिष्ट पहचान बन सकेगी।
इमारतों और पहनावे के साथ-साथ शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए राज्य सरकार ने बजट का बड़ा पिटारा खोला है। सीबीएसई से संबद्ध स्कूलों के इंफ्रास्ट्रक्चर यानी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और आधुनिक सुविधाएं जुटाने के लिए 80 करोड़ रुपये की भारी राशि आवंटित की गई है। इसका सीधा फायदा बच्चों और अध्यापकों दोनों को मिलेगा। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने हाल ही में 5 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि जारी करने का भी ऐलान किया था ताकि दूर-दराज के बच्चों को उनके घर के पास ही गुणवत्तापूर्ण और विश्वस्तरीय शिक्षा हासिल हो सके।


