नकल, डमी स्कूल और नंबरों का खेल... आईआईटी बॉम्बे में छात्र की मौत पर क्या बोले एच सी वर्मा
मशहूर टीचर एचसी वर्मा ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोड़े की मौत के बाद शिक्षा व्यवस्था, डमी स्कूलों और छात्रों में बढ़ती नकल की आदत पर गहरी चिंता जताई है।

भारत में इंजीनियरिंग की पढ़ाई को लेकर हमेशा से एक अलग ही जुनून रहा है। लाखों बच्चे हर साल बड़े-बड़े सपने लेकर कोचिंग सेंटर्स का रुख करते हैं लेकिन इस कामयाबी की अंधी दौड़ में हम पीछे क्या छोड़ रहे हैं? आईआईटी बॉम्बे के सेकंड ईयर बीटेक छात्र साहिल वाकोड़े की आत्महत्या इन दिनों चर्चा में हैं। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद देश भर में बहस छिड़ गई है। इसी बीच फिजिक्स की मशूहर किताब लिखने वाले और पढ़ाने के अनूठे अंदाज के लिए मशहूर भौतिक विज्ञानी और आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर एच सी वर्मा ने एक ऐसा बयान दिया है, जो हर मां-बाप और शिक्षक को सोचने पर मजबूर कर देगा। उन्होंने छात्रों के बीच तेजी से पनप रहे अनैतिक एग्जाम कल्चर पर गहरी चोट की है।
प्रोफेसर एच सी वर्मा ने भारी मन से कहा कि आईआईटी बॉम्बे के छात्र की खुदकुशी की खबर सुनकर उन्हें गहरा सदमा लगा है। हर एक जिंदगी बेहद कीमती होती है और इस तरह किसी का बेवक्त चले जाना बहुत तकलीफदेह है। लेकिन बात सिर्फ यहीं खत्म नहीं होती। उन्होंने जिस बात पर सबसे ज्यादा जोर दिया वो हमारे समाज की एक कड़वी सच्चाई है। उनका मानना है कि आज के दौर में आईआईटी जैसे बड़े संस्थानों के छात्रों का परीक्षा में नकल या गलत तरीकों का इस्तेमाल करना कोई एक-दो मामलों तक सीमित नहीं है बल्कि यह एक गहरी बीमारी बन चुका है।
एच सी वर्मा स्कूली सिस्टम की खोली
उन्होंने सीधे तौर पर हमारे स्कूलिंग सिस्टम की पोल खोलकर रख दी और डमी स्कूलों के बढ़ते चलन को आड़े हाथों लिया। जरा सोचिए आज के समय में यह प्रैक्टिस इतनी आम हो गई है कि किसी को इसमें कुछ गलत ही नहीं लगता। न मां-बाप को शर्म आती है, न कोचिंग वालों को, और न ही समाज को। सालों से बच्चों को यह पट्टी पढ़ाई जा रही है कि रोज स्कूल जाने की कोई जरूरत नहीं, बस कोचिंग में दिन-रात एक करो और सीधे बोर्ड एग्जाम में बैठ जाओ।
प्रैक्टिकल परीक्षाओं पर भी खूब बोले
प्रोफेसर वर्मा ने प्रैक्टिकल परीक्षाओं में बांटे जा रहे नंबरों का भी कच्चा चिट्ठा खोल दिया। कई नामी स्कूलों में बच्चे लैब का मुंह तक नहीं देखते, उन्हें पता ही नहीं होता कि केमिकल कैसे मिलाए जाते हैं या फिजिक्स के उपकरण कैसे काम करते हैं। इसके बावजूद, 30 नंबर के प्रैक्टिकल में उन्हें खैरात की तरह 28 या 29 नंबर दे दिए जाते हैं। वर्मा जी का साफ कहना है कि जब बच्चा बचपन से ही अपने आस-पास ऐसी बेईमानी देखता है, तो उसके मन में यह बात बैठ जाती है कि नैतिकता से समझौता करना कोई बड़ी बात नहीं है और शॉर्टकट लेना बिल्कुल जायज है।
तैयारी के उन सालों में बच्चे जिस तरह की बनावटी जीवनशैली जीते हैं, वह उन्हें शारीरिक और मानसिक दोनों तरह से खोखला कर रही है। प्रोफेसर वर्मा ने समाज विज्ञानियों से अपील की है कि वे आगे आएं और एक ऐसा अभियान चलाएं जहां युवा संघर्ष करने में गर्व महसूस करें, न कि नैतिकता को ताक पर रखकर बस आगे निकलने की होड़ में शामिल हों। उन्होंने साफ लफ्जों में कहा, "पूरे समाज को अपनी प्राथमिकताओं पर फिर से विचार करना ही होगा।"
साहिस की मौत के बाद सुलग उठा आईआईटी बॉम्बे का कैंपस
अगर साहिल वाकोड़े के मामले की बात करें, तो आईआईटी बॉम्बे की तरफ से जो आधिकारिक जानकारी सामने आई है वो भी कई सवाल खड़े करती है। संस्थान के मुताबिक, साहिल को परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। बताया जा रहा है कि वह एक एआई प्लेटफॉर्म पर क्वेश्चन पेपर अपलोड करके जवाब ढूंढने की कोशिश कर रहा था। इस घटना के बाद 18 सितंबर को उसने मौत को गले लगा लिया। साहिल की मौत के बाद आईआईटी बॉम्बे का कैंपस सुलग उठा। छात्रों ने लगातार चार दिनों तक जोरदार प्रदर्शन किया। उनके गुस्से और सवालों के भारी दबाव में आईआईटी बॉम्बे के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स को कड़ा कदम उठाना पड़ा। इस पूरे विवाद के केंद्र में रहे प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला को छुट्टी पर भेज दिया गया।
अब तक क्या हुआ
यह मामला यहीं नहीं थमा है। साहिल के माता-पिता की शिकायत पर मुंबई पुलिस ने प्रोफेसर डूला के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली है। परिवार का सीधा आरोप है कि उनके बेटे के साथ प्रोफेसर द्वारा जातिगत भेदभाव किया गया, जिससे वह गहरे तनाव में चला गया था। इस गंभीर आरोप और छात्रों के भारी विरोध को देखते हुए सोमवार को आईआईटी बॉम्बे ने प्रोफेसर डूला को डीन ऑफ एडमिनिस्ट्रेटिव अफेयर्स के पद से तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही साहिल की मौत के पीछे की असली वजहों और हालात की निष्पक्ष जांच के लिए 10 सदस्यों वाली एक हाई-लेवल कमेटी भी बना दी गई है।

