हरियाणा में कांस्टेबल की 5500 भर्तियां, आवेदन की आखिरी तारीख का रखें ध्यान
haryana constable bharti 2026: हरियाणा पुलिस में भर्ती का बड़ा मौका है। 5500 कांस्टेबल पदों पर आवेदन शुरू हो चुके हैं। 12वीं पास युवा 25 जनवरी 2026 तक जरूर आवेदन करें।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने पुलिस विभाग में पुरुष और महिला कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) के कुल 5500 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। लंबे समय से पुलिस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह एक बड़ा अवसर माना जा रहा है। आयोग की ओर से साफ किया गया है कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और किसी भी वर्ग के उम्मीदवार से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। ऐसे में अभ्यर्थियों को आवेदन की आखिरी तारीख का ध्यान रखें।
haryana constable bharti 2026: पदों का पूरा विवरण
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 5500 पद भरे जाएंगे। इनमें 4500 पद पुरुष कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी), 600 पद महिला कांस्टेबल (सामान्य ड्यूटी) और 400 पद पुरुष कांस्टेबल (जीआरपी) के लिए निर्धारित हैं। कुल पदों में से 1980 पद अनारक्षित श्रेणी के हैं। आरक्षण का लाभ केवल हरियाणा के मूल निवासियों को मिलेगा, जबकि अन्य राज्यों के उम्मीदवार सभी वर्गों में अनारक्षित श्रेणी के तहत आवेदन कर सकेंगे।
haryana constable bharti 2026: शैक्षणिक योग्यता की शर्त
कांस्टेबल भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 12वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही 10वीं कक्षा में हिंदी या संस्कृत में से किसी एक विषय का अध्ययन किया होना चाहिए। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 12वीं से अधिक किसी भी उच्च शैक्षणिक योग्यता को अतिरिक्त महत्व नहीं दिया जाएगा।
haryana constable bharti 2026: आयु सीमा का मानक
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 25 वर्ष से कम होनी चाहिए। आयु की गणना 01 जनवरी 2026 को आधार मानकर की जाएगी। हरियाणा राज्य के आरक्षित वर्गों के उम्मीदवारों को सरकार के नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
haryana constable bharti 2026: वेतनमान और सुविधाएं
चयनित उम्मीदवारों को 21,700 रुपये से 69,100 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। यह वेतनमान 7वें वेतन आयोग के अनुसार तय किया गया है। इसके अलावा हरियाणा पुलिस में कार्यरत कर्मचारियों को अन्य सरकारी भत्तों और सुविधाओं का भी लाभ मिलेगा।
haryana constable bharti 2026: चयन प्रक्रिया का पूरा खाका
कांस्टेबल भर्ती की चयन प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होगी। सबसे पहले शारीरिक परीक्षण लिया जाएगा, इसके बाद लिखित परीक्षा यानी नॉलेज टेस्ट होगा। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों का दस्तावेज सत्यापन किया जाएगा और अंत में चिकित्सीय परीक्षण होगा। कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (सीईटी) के स्कोर के आधार पर ही उम्मीदवारों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
haryana constable bharti 2026: नॉलेज टेस्ट और अंक व्यवस्था
फिजिकल टेस्ट क्वॉलिफाई करने वाले उम्मीदवारों को नॉलेज टेस्ट देना होगा, जिसका वेटेज 97 प्रतिशत रखा गया है। परीक्षा पास करने के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को कम से कम 50 प्रतिशत अंक लाने होंगे, जबकि आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
haryana constable bharti 2026: शारीरिक मापदंड की शर्तें
पुरुष उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम कद 170 सेंटीमीटर तय किया गया है, जबकि आरक्षित वर्ग के लिए यह 168 सेंटीमीटर है। पुरुष उम्मीदवारों का सीना न्यूनतम 83 सेंटीमीटर होना चाहिए, जिसमें 4 सेंटीमीटर का फुलाव अनिवार्य है। आरक्षित वर्ग के लिए सीना 81 सेंटीमीटर निर्धारित किया गया है। महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम कद 158 सेंटीमीटर और आरक्षित वर्ग के लिए 156 सेंटीमीटर रखा गया है।
haryana constable bharti 2026: शारीरिक दक्षता परीक्षा
शारीरिक दक्षता परीक्षा में पुरुष उम्मीदवारों को 12 मिनट में 2.5 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होगी। महिला उम्मीदवारों के लिए 6 मिनट में 1 किलोमीटर दौड़ अनिवार्य है। वहीं भूतपूर्व सैनिकों को 5 मिनट में 1 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी।
haryana constable bharti 2026: आवेदन शुल्क और आखिरी तारीख
इस भर्ती प्रक्रिया में किसी भी वर्ग के उम्मीदवार से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 25 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
haryana constable bharti 2026: आवेदन करने की प्रक्रिया
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट hssc.gov.in पर जाना होगा। होमपेज पर Advertisements सेक्शन में जाकर Advt. No. 01/2026 की अधिसूचना को ध्यान से पढ़ना जरूरी है। इसके बाद निर्धारित वेबसाइट पर जाकर नया पंजीकरण करें। सीईटी क्वालीफाइड उम्मीदवार अपने सीईटी पंजीकरण नंबर से लॉगिन करेंगे। आवेदन पत्र भरने के बाद आवश्यक दस्तावेज, फोटो और हस्ताक्षर अपलोड कर फॉर्म सब्मिट करें और भविष्य के लिए प्रिंट आउट सुरक्षित रखें।
haryana constable bharti 2026: संपर्क और सहायता
भर्ती से जुड़ी किसी भी जानकारी या समस्या के लिए उम्मीदवार secretaryhssc01@gmail.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके अलावा आयोग का हेल्पलाइन नंबर 0172 2568897 भी उपलब्ध है। हरियाणा पुलिस में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह भर्ती एक सुनहरा अवसर है, इसलिए आखिरी तारीख से पहले आवेदन करना बेहद जरूरी है।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


