जिम गर्ल ने हिंदी मीडियम से पढ़कर फोड़ा UPSC , हरियाणा के गांव की बेटी लाई 28वीं रैंक
UPSC Success Story : हरियाणा की वंदन फोगट ने यूपीएससी सिविल सेवा के सभी छह प्रयास दिए। इस बीच उन्होंने भारतीय वन सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 28 (AIR 28) हासिल की।

UPSC Success Story : हरियाणा के एक छोटे से गांव से ताल्लुक रखने वाली वंदना फोगट की कहानी उन लाखों युवाओं के लिए बड़ी प्रेरणा है, जिनका बचपन ग्रामीण इलाकों में गुजरा है लेकिन सपने बड़े हैं। ग्रामीण और मध्यमवर्गीय परिवार से निकलकर भारतीय वन सेवा (आईएफएस) तक पहुंचने वाली वंदना फोगट की कहानी उन अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहते हैं। हिंदी माध्यम से पढ़ाई, इंजीनियरिंग की डिग्री, कॉर्पोरेट नौकरी, दिल्ली के मुखर्जी नगर में बिना गाइडेंस के तैयारी और कई असफलताओं के बाद वंदना ने अपनी रणनीति बदली और भारतीय वन सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 28 (AIR 28) हासिल की। आपको बता दें कि वंदना एक फिटनेस फ्रीक महिला हैं। घंटों जिम में पसीना बहाती हैं। सोशल मीडिया पर उन्होंने जिम में बिताएं पलों और आउटडोर एक्सरसाइज की तस्वीरें भी शेयर की हैं।
गांव के स्कूल से इंजीनियरिंग तक का सफर
वंदना फोगट का शुरुआती जीवन हरियाणा के ग्रामीण परिवेश और मध्यमवर्गीय परिवार में बीता। उनके परिवार या करीबी रिश्तेदारों में पहले से कोई सिविल सर्वेंट नहीं था। उन्होंने गांव के स्कूल से हिंदी माध्यम में पढ़ाई की। इसके बाद उन्होंने गुड़गांव के एपीजे कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग में बीटेक किया। इंजीनियरिंग के बाद उन्होंने नोएडा में एचसीएल में करीब डेढ़ से दो साल तक नौकरी की।
क्यों आई यूपीएससी में
कॉर्पोरेट नौकरी के दौरान उन्हें महसूस हुआ कि वह अपने करियर में कुछ ऐसा करना चाहती हैं, जिससे उन्हें अधिक सार्थकता महसूस हो। प्राइवेट नौकरी से संतुष्टि नहीं हो रही थी। इसी दौरान अखबारों और पत्रिकाओं में प्रकाशित सिविल सेवा टॉपर्स के इंटरव्यू ने उनका ध्यान UPSC की ओर खींचा। वंदना 'द हिंदू', 'इंडियन एक्सप्रेस' और 'प्रतियोगिता दर्पण' जैसी अध्ययन सामग्री पढ़ती थीं। टॉपर्स की सफलता की कहानियों के जरिए उन्हें UPSC परीक्षा के बारे में जानकारी मिली।
धीरे-धीरे सिविल सेवा परीक्षा को लेकर उनकी रुचि बढ़ती गई। उनके लिए यह सिर्फ एक नौकरी पाने की कोशिश नहीं थी। तैयारी के दौरान उनका उद्देश्य अपनी क्षमता का बेहतर इस्तेमाल करने और समाज के लिए कुछ अच्छा करने की दिशा में विकसित हुआ।
बिना गाइडेंस के पहुंचीं मुखर्जी नगर
यूपीएससी की तैयारी शुरू करने के लिए वंदना दिल्ली के मुखर्जी नगर पहुंचीं। उनके पास कोई व्यक्तिगत मेंटर या ऐसा व्यक्ति नहीं था जो उन्हें शुरुआत से बता सके कि कौन सी किताब पढ़नी है, किस कोचिंग में जाना है या तैयारी की शुरुआत कैसे करनी है। मुखर्जी नगर पहुंचने का उनका शुरुआती अनुभव भी आसान नहीं था। चारों तरफ UPSC की तैयारी कर रहे छात्रों की भीड़ देखकर वह घबरा गई थीं। वहां वह किसी को जानती भी नहीं थीं।
ऐसे में उन्होंने खुद रास्ता निकालने का फैसला किया। वह मुखर्जी नगर बस स्टैंड पर बैठकर कोचिंग से निकलने वाले छात्रों से पूछती थीं कि कौन सा संस्थान अच्छा है और तैयारी के लिए किन किताबों से शुरुआत करनी चाहिए।
अंग्रेजी अखबार समझना टेड़ी खीर
हिंदी माध्यम से पढ़ाई करने के कारण शुरुआत में अंग्रेजी अखबार उनके लिए आसान नहीं थे। लेकिन उन्होंने भाषा की इस समस्या को तैयारी के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया। वह अखबार पढ़ते समय मुश्किल शब्दों के अर्थ डिक्शनरी में खोजतीं, उन्हें हाइलाइट करतीं और फिर अपने नोट्स तैयार करतीं। धीरे-धीरे उनकी समझ बेहतर होती गई।
पहला प्रयास असफल, लेकिन गलती समझ में आ गई
शुरुआती तैयारी में वंदना ने एक बड़ी गलती की, उन्होंने जरूरत से ज्यादा अध्ययन सामग्री इकट्ठा कर ली। अलग-अलग कोचिंग के नोट्स, किताबें और मैगजीन जुटाने के बावजूद उनकी तैयारी व्यवस्थित नहीं हो पाई। सिलेबस पूरा करने और सामग्री को बार-बार रिवाइज करने पर पर्याप्त ध्यान नहीं था। नतीजा यह हुआ कि उनका पहला प्रीलिम्स नहीं निकल सका। वह करीब 1 से 1.5 अंक से चूक गईं।
यह असफलता उनके लिए अंत नहीं, बल्कि अपनी तैयारी को समझने का मौका बनी।
रणनीति में लेस इज मोर (Less is More) का सिद्धांत अपनाया
उन्होंने अध्ययन सामग्री को सीमित किया और एनसीईआरटी तथा लक्ष्मीकांत जैसी बेसिक किताबों पर फोकस किया। खास तौर पर लक्ष्मीकांत को उन्होंने करीब 40-50 बार तक रिवाइज किया।
उनकी तैयारी का फोकस धीरे-धीरे नई-नई किताबें जुटाने से हटकर रिवीजन, गलतियों की पहचान और अपनी कमजोरियों को दूर करने पर आ गया।
प्रीलिम्स में 130+ स्कोर के बाद IFS पर फोकस
लगातार तैयारी और रणनीति में बदलाव का असर उनके प्रदर्शन पर दिखाई देने लगा। सिविल सेवा प्रीलिम्स में उनके अंक लगातार 130 से अधिक आने लगे। इसी दौरान उन्हें भारतीय वन सेवा परीक्षा के बारे में गंभीरता से जानकारी मिली। उन्होंने IFS की तैयारी भी शुरू की। भारतीय वन सेवा मुख्य परीक्षा के लिए उन्होंने फॉरेस्ट्री और जियोलॉजी को वैकल्पिक विषयों के रूप में चुना।
तीसरे प्रयास में AIR 28
यूपीएससी की लंबी यात्रा में वंदना ने सिविल सर्विसेज परीक्षा के छह प्रयास दिए। लेकिन इस बीच भारतीय वन सेवा परीक्षा 2020 में उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 28 हासिल की।
इंटरव्यू में अकेलेपन के सवाल का दिया दिलचस्प जवाब
इंटरव्यू के दौरान बोर्ड अध्यक्ष व्यास सर ने उनसे पूछा कि एक महिला के रूप में वह जंगल के अकेलेपन से कैसे निपटेंगी? वंदना ने जवाब दिया कि जिसे दूसरे लोग लोनलीनेस यानी अकेलापन कह रहे हैं, वह उनके लिए 'solitude' यानी एकांत का अवसर हो सकता है। ऐसा एकांत उन्हें अपने जीवन के लक्ष्य के और करीब ले जाएगा। उन्हें इंटरव्यू में 207 अंक मिले।
फिटनेस फ्रीक हैं वंदना
वंदना फोगट अपनी फिटनेस को लेकर काफी सजग हैं और घंटों जिम में पसीना भी बहाती हैं। वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। उन्होंने जिम में एक्सरसाइज की काफी फोटो भी शेयर की है।


