
गुजरात पुलिस में 950 पदों पर बड़ी भर्ती, 12वीं से लेकर इंजीनियरिंग डिग्री वाले भी करें आवेदन
गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड ने 2026 की बहुप्रतीक्षित भर्ती का नोटिफिकेशन किया जारी किया है। इस भर्ती में 12वीं से इंजीनियरिंग डिग्री वालों के लिए सुनहरा मौका है।
गुजरात में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड ने साल 2026 के लिए पुलिस सब इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल ड्राइवर मैकेनिक और टेक्निकल ऑपरेटर समेत कुल 950 पदों पर बंपर भर्ती का ऐलान कर दिया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार तय तारीख तक आवेदन कर सकते हैं।
किन पदों पर होगी भर्ती
गुजरात पुलिस भर्ती बोर्ड की इस भर्ती के तहत तकनीकी और मोटर ट्रांसपोर्ट से जुड़े अहम पदों को भरा जाएगा। जारी अधिसूचना के मुताबिक कुल 950 पदों में शामिल हैं -
पुलिस सब इंस्पेक्टर (मोटर ट्रांसपोर्ट) - 35 पद
हेड कांस्टेबल ड्राइवर मैकेनिक (ग्रेड 1) - 45 पद
पुलिस सब इंस्पेक्टर (वायरलेस) - 172 पद
टेक्निकल ऑपरेटर - 698 पद
इन पदों पर श्रेणीवार आरक्षण लागू होगा, जिसमें सामान्य, ईडब्ल्यूएस, एसईबीसी, एससी, एसटी, महिलाएं और भूतपूर्व सैनिक शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता क्या चाहिए
हर पद के लिए अलग अलग योग्यता तय की गई है -
हेड कांस्टेबल ड्राइवर मैकेनिक
उम्मीदवार का 12वीं पास होना जरूरी है। इसके साथ मोटर मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, वेल्डर या ऑटो इलेक्ट्रिशियन में आईटीआई प्रमाणपत्र होना चाहिए। भारी वाहन चलाने का वैध लाइसेंस और कम से कम तीन साल का अनुभव भी अनिवार्य है।
पुलिस सब इंस्पेक्टर (मोटर ट्रांसपोर्ट)
मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ऑटोमोबाइल या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक डिग्री होनी चाहिए।
पुलिस सब इंस्पेक्टर (वायरलेस) और टेक्निकल ऑपरेटर
इलेक्ट्रॉनिक्स, कम्युनिकेशन, टेलीकॉम, आईटी या कंप्यूटर इंजीनियरिंग में चार साल की डिग्री जरूरी है।
उम्र सीमा और छूट
अलग अलग पदों के लिए अधिकतम उम्र सीमा 33 से 35 साल तय की गई है। हालांकि महिलाओं, आरक्षित वर्ग, दिव्यांग और भूतपूर्व सैनिकों को नियमों के अनुसार उम्र में अतिरिक्त छूट दी जाएगी। कुछ श्रेणियों में अधिकतम उम्र सीमा 45 साल तक जा सकती है।
सैलरी और सुविधाएं
चयनित उम्मीदवारों को 40,800 से 49,600 रुपये तक का वेतन मिलेगा। इसके अलावा राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अन्य भत्ते और सुविधाएं भी दी जाएंगी।
आवेदन की अहम तारीखें
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 9 जनवरी 2026 को दोपहर 2 बजे से शुरू हो चुकी है। आवेदन करने की अंतिम तारीख 29 जनवरी 2026 रात 11:59 बजे तक तय की गई है।
आवेदन कैसे करें
उम्मीदवार केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें OJAS पोर्टल पर जाकर फॉर्म भरना होगा। आवेदन करते समय हाल की पासपोर्ट साइज फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करना अनिवार्य है। आवेदन पूरा होने के बाद उसकी प्रति संभालकर रखने की सलाह दी गई है।
चयन प्रक्रिया
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षण, मेडिकल टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन शामिल होंगे। शारीरिक मानकों को लेकर सख्त नियम तय किए गए हैं, जिनका पालन अनिवार्य होगा।

लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव




