पिता चलाते थे रिक्शा, बेटा 48वीं रैंक हासिल कर बना IAS, अब जम्मू कश्मीर में मिली ये बड़ी जिम्मेदारी

लाइव हिन्दुस्तान
share

गोविंद के पिता चाहते थे कि अब बेटा भी ऑटो चलाने लगे तो कुछ पैसे घर में आने लगेंगे। उन्होंने सोचा कि मैं रिक्शा चलाता हूं और बेटा ऑटो चलाएगा तो कमाई होगी और ऐसे बहनों की शादी कर पाएंगे। हालांकि, गोविंद पढ़कर कुछ बनना चाहते थे वह रिक्शा नहीं चलाना चाहते थे।

govind jaiswal ias success story upsc rank 48 first attempt jammu kashmir posting
आईएएस गोविंद जायसवाल सक्सेस स्टोरी

AGMUT कैडर में साल 2007 बैच के आईएएस अधिकारी गोविंद जायसवाल को जम्मू कश्मीर में नई जिम्मेदारी मिली है। उन्हें जम्मू-कश्मीर सरकार ने उपराज्यपाल का प्रधान सचिव नियुक्त किया है। इसके साथ ही उन्हें श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। आईएएस गोविंद जायसवाल की कहानी भी काफी प्रेरणादायी है। आईएएस बनने के लिए इन्होंने कई चुनौतियों का सामना किया। लेकिन सारी चुनौतियों को पार करते हुए उन्होंने यूपीएससी में 48वीं रैंक हासिल कर नई मिसाल कायम कर दी। दरअसल, वो काफी गरीब परिवार से ताल्लुक रखते थे। उनके पिता रिक्शा चलाते थे। चलिए आज हम आपको उनकी सक्सेस स्टोरी बताते हैं।

वाराणसी के रहने वाले हैं गोविंद जायसवाल

गोविंद जायसवाल वाराणसी के रहने वाले हैं। यहीं उनका बचपन बीता। घर छोटा था और हालात उससे भी तंग। पिता रिक्शा चलाकर परिवार का पेट पालते थे। मां घर संभालती थीं। पैसे कम थे पर एक बात पक्की थी। बच्चों की पढाई रुकनी नहीं चाहिए। अपने एक इंटरव्यू में गोविंद बताते हैं कि गरीबी ने उन्हें बहुत जल्दी मेहनत और जिम्मेदारी का मतलब समझा दिया। यही आगे चलकर उनकी सबसे बडी पूंजी बनी।

मां का निधन

बता दें कि जब गोविंद 7वीं कक्षा में थे, तब उनकी मां का निधन ब्रेन हेमरेज के कारण हो गया था और इस घटना ने पूरे परिवार को तोड़ दिया था। पिता और 3 बहनों के साथ एक कोठरी में रहना काफी मुश्किल हो गया था और इलाज में हुए खर्च के कारण घर के हालात भी काफी बिगड़ चुके थे।

ऑटो चालक बनाना चाहते थे पिता

गोविंद के पिता चाहते थे कि अब बेटा भी ऑटो चलाने लगे तो कुछ पैसे घर में आने लगेंगे। उन्होंने सोचा कि मैं रिक्शा चलाता हूं और बेटा ऑटो चलाएगा तो कमाई होगी और ऐसे बहनों की शादी कर पाएंगे। हालांकि, गोविंद पढ़कर कुछ बनना चाहते थे वह रिक्शा नहीं चलाना चाहते थे।

अपमान ने बदली जिंदगी

जब गोविंद 11 साल के थे तब वह अपने दोस्त के घर गए हुए थे, वहां पर कुछ लोगों ने उनके पिता के रिक्शा चलाने पर ताने दिए। लोगों ने ये भी कहा कि तुम्हें भी यही काम करना है। बस ये अपमान गोविंद के दिल तक जा पहुंचा और चोट की तरह लगा। इसके बाद ही उन्होंने ठान लिया कि अब कुछ करके ही दिखाना है, रिक्शा नहीं चलाना है।

पिता भेजा दिल्ली

गांव के एक बुजुर्ग ने उन्होंने यूपीएससी के बारे में बताया और वही से गोविंद ने आईएएस अधिकारी बनने का फैसला किया। सपना बडा था और जेब खाली थी। फिर भी पिता ने बेटे पर भरोसा किया। उन्होंने अपनी जमीन बेच दी और गोविंद को तैयारी के लिए दिल्ली भेज दिया। एक रिक्शा चलाने वाले पिता के लिए यह कोई छोटा दांव नहीं था। अगर बेटा नाकाम रहता तो पीछे कुछ नहीं बचता। गोविंद यह बात अच्छी तरह जानते थे।

ट्यूशन पढ़ाकर खर्च निकाला

दिल्ली में जिंदगी आसान नहीं थी। खर्च निकालने के लिए गोविंद ने बच्चों को गणित की ट्यूशन पढाई। कई बार ऐसा हुआ कि एक वक्त का खाना छोड देना पडा। पैसे बचाने थे और समय भी। कुछ लोगों ने ताने भी दिए। हिंदी मीडियम से पढे लडके को अंग्रेजी वाले माहौल में अक्सर कमतर आंका जाता है। गोविंद ने इन बातों को दिल पर नहीं लिया। उन्होंने हर मुश्किल को हौसले की ईंट बना लिया और किताबों में डूबे रहे।

पहले प्रयास में यूपीएससी किया क्रैक

कड़ी मेहनत और लगन के साथ गोविंद ने पहले ही प्रयास में यूपीएससी की परीक्षा निकाल ली। साल 2006 में गोविंद ने 48वीं रैंक हासिल की और अधिकारी बनकर दिखाया। जिस पिता ने जमीन बेचकर बेटे को भेजा था उनके लिए इससे बडा इनाम कुछ नहीं हो सकता था। यूपीएससी सीएसई 2006 में इनका वैकल्पिक विषय दर्शनशास्त्र और इतिहास था। गोविंद जायसवाल की पत्नी चंदना चौधरी आईपीएस अधिकारी हैं। यह दोनों की अरेंज्‍ड मैर‍िज थी। गोविंद जायसवाल के तीन बहनें निर्मला, ममता, गीता हैं।

गोविंद आज लाखों युवाओं की प्रेरणा है और उनकी कहानी बताती है कि अगर आप कुछ ठान लेते हैं, तो उसे पूरा करना ज्यादा मुश्किल नहीं होता, बस आपकी मेहनत और लगन चाहिए होती है।

Dheeraj Pal

लेखक के बारे में

Dheeraj Pal

संक्षिप्त विवरण: धीरज पाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 साल का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए इन्हें 4 साल हो गए हैं। धीरज एजुकेशन रिपोर्टर के तौर पर काम कर चुके हैं। अपने करियर के दौरान धीरज ने राजनीति समाचार, एजुकेशन बीट के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की है।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि
धीरज ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए इन मीडिया स्टडीज और राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज से जनसंचार एवं पत्रकारिता से परास्नातक की पढ़ाई की। धीरज पाल ने अपने पत्रकारिता कर की शुरुआत एपीएन न्यूज चैनल से की। इसके बाद उन्होंने लोकमत न्यूज हिंदी और एनडीटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया। हिंदुस्तान लाइव में यूपी बोर्ड से लेकर उन्होंने लोकसभा चुनाव कवर करने साथ-साथ खेल जैसे बीट पर काम किया। अब इनका एकमात्र उद्देश्य करियर और एजुकेशन से जुड़ी रुचिगत, सरल, प्रमाणिक और पाठक-हितैषी रूप में प्रस्तुत करना है।

व्यक्तिगत रुचियां
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के निवासी धीरज पाल को पत्रकारिता और ज्योतिषीय अध्ययन के साथ-साथ घूमने, किताबें पढ़ने और क्रिकेट खेलने का शौक है।

व्यक्तिगत रुचियां
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के निवासी धीरज पाल को पत्रकारिता के साथ-साथ घूमने, किताबें पढ़ने और क्रिकेट खेलने का शौक है।

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsकरियर न्यूज़पिता चलाते थे रिक्शा, बेटा 48वीं रैंक हासिल कर बना IAS, अब मिली बड़ी जिम्मेदारी