सिविल इंजीनियर समेत युवा प्रोफेशनल्स की मौज, NHAI देगा 1.50 लाख सैलरी, क्या हैं नए नियम
एनएचएआई ने योग्य साइट इंजीनियरों की नियुक्ति नीति में बड़ा संशोधन किया है। नई नीति के तहत विभाग में कॉन्ट्रैक्ट पर तैनात होने वाले अनुभवी साइट इंजीनियरों और युवा पेशेवरों को डेढ़ लाख प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने देशभर में स्थित क्षेत्रीय कार्यालयों और परियोजना कार्यान्वयन इकाइयों में योग्य साइट इंजीनियरों की नियुक्ति नीति में बड़ा संशोधन किया है। नई नीति के तहत विभाग में कॉन्ट्रैक्ट पर तैनात होने वाले अनुभवी साइट इंजीनियरों और युवा पेशेवरों को डेढ़ लाख रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। यह पहला मौका है जब प्राधिकरण इतनी तनख्वाह पर अनुभवी युवा पेशेवरों को अपने ड्रीम इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स से जोड़ने जा रहा है। एनएचएआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, इससे राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण और परियोजना निगरानी में सुधार होगा। पहले साइट इंजीनियरों और युवा पेशेवरों के लिए कोई निश्चित वेतन नहीं था।
इससे फील्ड में तैनात इंजीनियर सड़क परियोजनाओं से दूरी बना लेते थे। इस कमी को दूर करने के लिए प्राधिकरण ने न्यूनतम पांच वर्ष के अनुभव वाले साइट इंजीनियरों व यंग प्रोफेशनल्स के लिए डेढ़ लाख रुपये प्रतिमाह का पारिश्रमिक तय किया है।
निष्पक्ष और योग्यता आधारित होगी चयन प्रक्रिया
एनएचएआई ने चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और योग्यता आधारित बनाने के लिए स्किल ब्रिज डिजिटल पोर्टल लागू किया है। उम्मीदवार इसी पोर्टल पर आवेदन करेंगे, इसके बाद अनिवार्य साक्षात्कार होगा। इसमें उम्मीदवारों की योग्यता, साइट प्रबंधन, फील्ड अनुभव और राजमार्ग निर्माण से जुड़ी समझ का मूल्यांकन होगा और केवल मेरिट के आधार पर ही इंजीनियरों को पैनल में शामिल किया जाएगा। नियुक्ति पूरी तरह अल्पकालिक ठेके और परियोजना-आधारित (अधिकतम पांच वर्ष) होगी।
परामर्श क्षेत्र में आगे बढ़ने के मौके मिलेंगे, 20 फीसदी स्टाफ का नया नियम
एनएचएआई ने पांच साल पूरे होने पर यह भी अनिवार्य किया है कि राजमार्ग परियोजनाओं में परामर्श देने वाली अथॉरिटी इंजीनियर (एई) और इंडिपेंडेंट इंजीनियर (आईई) फर्मों की टीम में न्यूनतम 20 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं अनुभवी साइट इंजीनियरों और यंग प्रोफेशनल्स का होना अनिवार्य होगा। जिससे उनके लिए परामर्श क्षेत्र में आगे बढ़ने के दरवाजे खुले रहेंगे।

