सीए और सीएस वालों की मौज, कंपनियों में सबसे ज्यादा भर्ती की तैयारी
एऑन की कैंपस स्टडी 2026-27 के मुताबिक 56 फीसदी कंपनियां सीए और सीएस की भर्ती बढ़ाएंगी। नेट हायरिंग इंटेंट +45 अंक के साथ यह सभी समूहों में सबसे ऊपर है।

सीए बनने वालों की गिनती घट रही है फिर भी कंपनियां सबसे ज्यादा सीए और सीएस को ही ढूंढ़ रही हैं। सुनने में उलटा लगता है पर आंकड़े यही कहानी कह रहे हैं। नौकरी के बाजार में इस वक्त सबसे गरम मांग इन्हीं दो पेशों की है। ग्लोबल प्रोफेशनल सर्विसेज कंपनी एऑन की कैंपस स्टडी रिपोर्ट 2026-27 में यह तस्वीर सामने आई है। सर्वे में शामिल 56 फीसदी संगठन सीए और सीएस की भर्ती और ज्यादा करना चाहते हैं। 33 फीसदी की योजना पुराने स्तर पर ही बने रहने की है। सिर्फ 11 फीसदी कंपनियां भर्ती घटाने के मूड में हैं। इन तीनों आंकडों को जोडें तो नेट हायरिंग इंटेंट +45 अंक बैठता है। रिपोर्ट में शामिल सभी टैलेंट समूहों में यह सबसे ऊंचा है।
बाकी समूह कहां खड़े हैं
बाकी समूहों का हाल इतना चमकदार नहीं है। इंटर्न का नेट इंटेंट +20 अंक रहा। "अन्य" श्रेणी को +17 अंक मिले। नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट के हिस्से +7 आए और डिप्लोमा धारकों के हिस्से +5। अनुभवी पेशेवरों यानी लेटरल हायरिंग पर कंपनियां बंटी हुई हैं। 40 फीसदी भर्ती बढाना चाहती हैं और 40 फीसदी घटाना। इंजीनियरों के लिए नेट इंटेंट -4 अंक रहा। एमबीए की हालत और कमजोर है। उनका आंकडा -10 अंक पर है। 44 फीसदी कंपनियां एमबीए की भर्ती घटाना चाहती हैं। बढाने की बात सिर्फ 34 फीसदी ने कही।
इंटर्नशिप बनी नौकरी का दरवाजा
मांग सिर्फ पक्की नौकरियों तक सीमित नहीं है। करीब 91 फीसदी संगठन सीए और सीएस इंटर्न रखते हैं। इंटर्नशिप का रास्ता आगे नौकरी तक भी जाता है। करीब 82 फीसदी कंपनियां इन इंटर्न को प्री-प्लेसमेंट इंटरव्यू या ऑफर देती हैं। यह अनुपात बीटेक, एमटेक और एमबीए जैसे बडे समूहों के बराबर है। साफ है कि सीए और सीएस की राह पर चल रहे छात्रों के लिए इंटर्नशिप अब भी सबसे मजबूत एंट्री पॉइंट है।
सीए फाइनल में रजिस्ट्रेशन गिरे
अब कहानी का दूसरा पहलू। इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया यानी आईसीएआई के आंकडों के मुताबिक मई 2017 में सीए फाइनल के लिए 1,32,007 उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। जांचे गए दौर में यह सबसे ऊंचा आंकड़ा है। मई 2025 तक यह संख्या घटकर 99,466 रह गई। यानी करीब 25 फीसदी की गिरावट। सितंबर 2025 के अटेम्प्ट में रजिस्ट्रेशन 81,852 रहे। यह 2017 के शिखर से करीब 38 फीसदी नीचे है।
महिलाओं की हिस्सेदारी में इजाफा
कुल संख्या भले घटी हो पर एक मोर्चे पर अच्छी खबर है। सीए की तैयारी करने वालों में महिलाओं का हिस्सा बढ़ा है। मई 2015 में रजिस्ट्रेशन कराने वालों में करीब 35 फीसदी महिलाएं थीं। मई 2025 और सितंबर 2025 में यह हिस्सा करीब 41 फीसदी रहा।
आखिर इसका मतलब क्या है
एऑन की रिपोर्ट बाजार की एक दिलचस्प चाल दिखाती है। एक तरफ कंपनियां सीए और सीएस पर दांव लगा रही हैं। दूसरी तरफ सीए फाइनल देने वालों का पूल अपने पुराने शिखर के मुकाबले काफी छोटा हो चुका है। मांग ज्यादा और सप्लाई कम। इस हिसाब से जो छात्र यह कठिन सफर पूरा कर लेते हैं उनके लिए मौके खुले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इंटर्नशिप से पक्की नौकरी तक का रास्ता भी पहले से ज्यादा आसान दिख रहा है।

