आईआईटी से आईपीएस, फिर नौकरी छोड़ करियर में बार बार की नई शुरुआत, खड़ी कीं 3 कंपनियां

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग करने वाले राजन सिंह करियर में लगातार कुछ नया सीखते रहने और कुछ नया करने की जबरदस्त मिसाल हैं। आईपीएस की नौकरी छोड़ उन्होंने तीन कंपनियां खड़ी दीं।

Ex Rajan Singh
पूर्व आईपीएस राजन सिंह

आईपीएस जैसी ड्रीम जॉब पाने के लिए लाखों युवा सालों साल तैयारी करते हैं। लेकिन बहुत कम ऐसे होते हैं जिनका इस प्रतिष्ठित पद को पाने का ख्वाब पूरा हो पाता है। यहां हम आपको एक ऐसे शख्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिसने कुछ नया सीखने और करने के लिए आईपीएस की नौकरी को ज्वॉइनिंग के महज 8 साल बाद ठुकरा दिया। आईआईटी कानपुर से इंजीनियरिंग करने वाले राजन सिंह करियर में लगातार कुछ नया सीखते रहने और कुछ नया करने की जबरदस्त मिसाल हैं। ये कहानी करियर में बदलाव का जोखिम लेने, असफलता से सीखने और बार-बार नई शुरुआत करने को लेकर है।

आईआईटी से होने के वाबजूद भी राजन का करियर सफलता की एक सीधी लकीर की तरह नहीं था। उन्होंने आईपीएस की नौकरी छोड़कर अमेरिका के प्रतिष्ठित व्हार्टन स्कूल से एमबीए किया, McKinsey जैसी कंपनी में काम किया, प्राइवेट इक्विटी में अनुभव हासिल किया और आखिरकार खुद की कंपनियां शुरू करने का फैसला लिया। करियर में उन्होंने इंजीनियरिंग, पुलिस सेवा, बिजनेस स्कूल, कंसल्टिंग, प्राइवेट इक्विटी और अपना बिजनेस, हर क्षेत्र में काम किया और कई बार अपनी दिशा बदली।

IIT कानपुर से इंजीनियरिंग, फिर IPS में एंट्री

राजन सिंह ने IIT कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। पारंपरिक इंजीनियरिंग करियर चुनने के बजाय उन्होंने सिविल सेवा परीक्षा दी और भारतीय पुलिस सेवा में शामिल हो गए। उन्होंने सितंबर 1997 में IPS की सेवा शुरू की। उनकी पहली पोस्टिंग केरल के करुनागप्पल्ली में एएसपी के तौर पर हुई। साल 2001 तक वह तिरुवनंतपुरम के पुलिस कमिश्नर बन गए। उस समय वह इस पद पर पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के अधिकारियों में शामिल थे।

पुलिस की नौकरी के बीच आया जिंदगी बदलने वाला मोड़

साल 2004 में राजन सिंह तिरुवनंतपुरम के पुलिस कमिश्नर के पद पर थे। एक LinkedIn पोस्ट में उन्होंने अपने करियर के उस दौर को याद किया। उन्होंने बताया कि एक दिन वह शहर की एक झुग्गी बस्ती में पुलिस रेड कर रहे थे। इसी दौरान उनके दोस्त और साथी IPS अधिकारी सुनील असनानी का फोन आया। सुनील को व्हार्टन एमबीए प्रोग्राम में दाखिला मिल गया था।

दोस्त को देखकर करियर की दिशा बदली

उन्होंने नोटिस किया कि एक तरफ वह पुलिस ऑपरेशन कर रहे थे, वहीं उनका दोस्त दुनिया के प्रतिष्ठित बिजनेस स्कूलों में से एक में पढ़ाई की तैयारी कर रहा था। अगले ही साल राजन ने भी अपनी दिशा बदलने का फैसला किया। उन्होंने जुलाई 2005 में करीब आठ साल की IPS सेवा के बाद इस्तीफा दे दिया और उसी वर्ष Wharton के MBA प्रोग्राम में दाखिला लिया।

पुलिस सेवा छोड़ने से पहले उनकी पोस्टिंग में बदलाव हुआ था। केरल सरकार के 17 जून 2004 के आदेश के अनुसार, उन्हें तिरुवनंतपुरम सिटी के पुलिस कमिश्नर पद से हटाकर एसपी (सिक्योरिटी), एसबी सीआईडी, मुख्यालय के पद पर ट्रांसफर किया गया था।

Wharton MBA के बाद McKinsey में नौकरी

2007 में MBA पूरा करने के बाद राजन सिंह ने न्यूयॉर्क में McKinsey & Company में कंसल्टेंट के रूप में काम शुरू किया। यहां उन्होंने इंश्योरेंस, फार्मास्युटिकल्स, बायोटेक्नोलॉजी और बैंकिंग समेत अलग-अलग क्षेत्रों की कंपनियों के साथ काम किया। इसके बाद उन्होंने प्राइवेट इक्विटी फर्म न्यू सिल्क रूट में काम किया। यहां उन्हें कंपनियों को एक निवेशक के नजरिए से समझने का अवसर मिला।

एक पुराने इंटरव्यू में राजन ने बताया था कि निवेशक के तौर पर वह लगातार अलग-अलग उद्यमियों से मिलते थे। इससे उन्हें प्रोफेशनल करियर और खुद कुछ नया खड़ा करने के बीच का अंतर समझने में मदद मिली। आखिरकार उन्होंने दूसरा रास्ता चुना।

पहली कंपनी CourseBrew, लेकिन नहीं मिली बड़ी सफलता

2012 में राजन सिंह ने CourseBrew शुरू किया। यह एक ऑनलाइन लर्निंग मार्केटप्लेस था, जहां कोर्स और ट्यूशन से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराई जाती थीं। यह उनकी उद्यमिता की शुरुआती बड़ी कोशिश थी, लेकिन यह कारोबार लंबे समय तक नहीं चल सका और आखिरकार बंद हो गया। लेकिन राजन ने इसके बाद दोबारा कॉर्पोरेट नौकरी में लौटने के बजाय फिर से कारोबार शुरू करने का फैसला किया।

ConceptOwl: छोटे शहरों के छात्रों के लिए शिक्षा का प्लेटफॉर्म

इसके बाद उनकी अगली बड़ी पहल ConceptOwl थी। करीब 2015-16 के आसपास शुरू हुए इस शिक्षा स्टार्टअप का फोकस भारत के Tier-II और Tier-III शहरों के छात्रों पर था। खास तौर पर विज्ञान और गणित की पढ़ाई को तकनीक के माध्यम से छात्रों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। समस्या यह थी कि छोटे शहरों के कई छात्रों को बेहतर कोचिंग के लिए कोटा और हैदराबाद जैसे बड़े शिक्षा केंद्रों का रुख करना पड़ता था।

ConceptOwl ने इसी समस्या का तकनीक आधारित विकल्प तैयार करने की कोशिश की। कंपनी ने ऑनलाइन लर्निंग के साथ-साथ क्लासरूम प्रोग्राम भी चलाए। टेस्ट और प्रैक्टिस के लिए बंसल क्लालses के साथ साझेदारी भी की गई।

एक समय ऐसा भी आया जब शिक्षकों को कंपनी के साथ बनाए रखना मुश्किल हो गया। तब राजन सिंह ने खुद फिजिक्स पढ़ाना शुरू कर दिया। कंपनी ने सिर्फ रिकॉर्डेड लेक्चर उपलब्ध कराने के बजाय छात्रों को पढ़ाई में ज्यादा सक्रिय रूप से शामिल करने के तरीकों पर भी प्रयोग किया।

कोविड महामारी के दौरान शुरू हुआ HabitStrong का आइडिया

कोरोना महामारी के दौरान राजन और उनकी टीम ने आदतों, दिनचर्या और प्रोडक्टिविटी से जुड़े कुछ नए प्रयोग शुरू किए। यही प्रयोग आगे चलकर HabitStrong में बदल गया। इस आइडिया के पीछे राजन के अपने अनुभव भी थे। पुलिस सेवा, कंसल्टिंग और निवेश की बिजी लाइफ के दौरान उन्होंने रूटीन, एक्सरसाइज, मेडिटेशन, जर्नलिंग और फोकस जैसी चीजों पर ध्यान देना शुरू किया था।

एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने सुबह 5 बजे उठने को लेकर एक साधारण YouTube प्रोग्राम शुरू किया था। उन्होंने करीब 100 दिनों तक इस प्रयोग को जारी रखा। इस दौरान प्रतिभागियों ने अपनी दिनचर्या में बदलाव की जानकारी दी। धीरे-धीरे यह प्रयोग सेट प्रोग्राम में बदल गया।

2020 में लॉन्च हुआ HabitStrong

HabitStrong को 2020 में लॉन्च किया गया। इसका फोकस रूटीन बनाने, ध्यान केंद्रित करने और डिजिटल डिस्ट्रैक्शन कम करने जैसे विषयों पर रहा। इस तरह सुबह 5 बजे उठने के एक छोटे से प्रयोग ने एक नए बिजनेस मॉडल का रूप ले लिया।

राजन सिंह की कहानी की खासियत सिर्फ यह नहीं है कि उन्होंने कई कंपनियां शुरू कीं। उनकी यात्रा इसलिए भी अलग है क्योंकि उन्होंने अपने करियर में कई बार दिशा बदली और असफलता के बाद दोबारा कोशिश की।

राजन सिंह की कहानी में सबसे दिलचस्प बात शायद किसी एक कंपनी का आकार या किसी एक पद की उपलब्धि नहीं, बल्कि लगातार दिशा बदलने और नए क्षेत्र में शुरुआत करने की उनकी यात्रा है। एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर ने पुलिस अधिकारी का रास्ता चुना। पुलिस अधिकारी ने बिजनेस स्कूल का रुख किया। MBA के बाद कंसल्टिंग और प्राइवेट इक्विटी में काम किया और फिर एन्टरप्रिन्योरशिप में उतर गए। और एन्टरप्रिन्योरशिप के सफर में भी उन्होंने एक बार नहीं, बल्कि कई बार शुरुआत की।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay

पंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार

शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।


15 से अधिक सालों का अनुभव

पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।


विजन

तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।


विशेषज्ञता

तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsकरियर न्यूज़आईआईटी से IPS, नौकरी छोड़ करियर में बार बार की नई शुरुआत, खड़ी कीं 3 कंपनियां