
IIT धनबाद के चार छात्रों को 80 लाख का पे पैकेज, 11 दिनों में 350 से अधिक का कैंपस प्लेसमेंट
आईआईटी धनबाद के वर्ष 2026 बैच के छात्र-छात्राओं की बल्ले-बल्ले है। देशी-विदेशी कंपनियां मेधावी छात्र-छात्राओं को भारी भरकम पे पैकेज पर लपक रही हैं। कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के चार छात्रों को 80-80 लाख रुपए का पे पैकेज मिला है।
आईआईटी धनबाद के वर्ष 2026 बैच के छात्र-छात्राओं की बल्ले-बल्ले है। देशी-विदेशी कंपनियां मेधावी छात्र-छात्राओं को भारी भरकम पे पैकेज पर लपक रही हैं। कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग के चार छात्रों को 80-80 लाख रुपए का पे पैकेज मिला है। इन छात्रों का नाम गोपनीय रखा गया है। कई छात्रों को 50 लाख रुपए से अधिक का पे पैकेज मिला है। भारी भरकम पे पैकेज मिलने पर छात्र-छात्राओं में जश्न का माहौल है। आनेवाले दिनों में यह पैकेज और बढ़ने की संभावना है।
बताते चलें कि एक दिसंबर से देश के सभी 23 आईआईटी में विधिवत रूप से कैंपस प्लेसमेंट शुरू हुआ है। पिछले 11 दिनों में आईआईटी के 350 से अधिक छात्र-छात्राओं को कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से जॉब ऑफर की गई है। वहीं 200 से अधिक छात्र-छात्राओं को पहले ही पीपीओ (प्री प्लेसमेंट ऑफर) मिला था। ऐसे में प्लेसमेंट पाने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या 550 से अधिक से पहुंच गई है। जल्द ही यह संख्या 600 को पहुंच जाएगी। आईआईटी का करियर डेवलपमेंट सेंटर (सीडीसी) इससे काफी उत्साहित है। कई नामी-गिरामी कंपनियों का कैंपस प्लेसमेंट अभी होना है। वर्ष 2025 में आईआईटी के छात्र सौरव शक्ति को सर्वाधिक 1.22 करोड़ सलाना पे पैकेज मिला था। संस्थान को उम्मीद है कि इस बार भी छात्र-छात्राओं को बेहतर पे पैकेज मिलेगा।
1 दिसंबर, सोमवार को भी संस्थान के करियर डेवलपमेंट सेंटर में विभिन्न कंपनियों की ओर से आयोजित साक्षात्कार में छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इन कंपनियों ने जारी किया रिजल्ट बीईएल में 11, इनमोबी में पांच, एक्सेंचर एस एंड सी में नौ, मीशो (डीएस) में एक, एनालॉग डिवाइस में एक, एक्सट्रिया में एक, एक्सेला में आठ, बीपी (सब सरफेस) में दो, बीपी (इंटीग्रिटी) में तीन, बजाज ऑटो में पांच, मीशो (एसडीई) में छह, मीशो (एसए) में आठ, एक्सेंचर जापान में दो, सी डॉट में छह, एनवीडिया सॉफ्टवेयर में एक, कुरे एआई में तीन, सीमेंस में एक, माइक्रोसाफ्ट (अप्लाइड साइंटिस्ट) में दो, स्क्वायर प्वाइंट (इन्फ्रा) में दो, मैथवर्क्स में तीन, मीडिया डॉट नेट में दो, एसएलबी (एम्बेडेड) में तीन छात्र-छात्राओं को नौकरी का ऑफर दिया गया है।





