12वीं में फेल, फिर IIT में दाखिला, मध्य प्रदेश के आदिवासी लड़के ने दोहराई 12th Fail वाले IPS मनोज जैसी कहानी

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के चेतन सोलंकी ने 12वीं बोर्ड में असफल होने के बाद ऑनलाइन पढ़ाई और सेल्फ स्टडी के दम पर जेईई एडवांस्ड में सफलता हासिल की। ST वर्ग में 1309वीं रैंक रही। उन्होंने आईआईटी खड़गपुर में सीट मिली है।

12वीं में फेल, फिर IIT में दाखिला, मध्य प्रदेश के आदिवासी लड़के ने दोहराई 12th Fail वाले IPS मनोज जैसी कहानी

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के 20 वर्षीय चेतन सोलंकी ने लोकप्रिय फिल्म '12th Fail' की प्रेरक कहानी को एक बार फिर दोहराया है। 2023 की इस बहुचर्चित फिल्म में चंबल के मनोज कुमार शर्मा की आर्थिक तंगी और पढ़ाई में आई भारी दिक्कतों को पार कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी बनने की कहानी दिखाई गई है। इसी फिल्म से सीख लेकर चेतन ने भी एक शानदार वापसी की कहानी रची। 12वीं बोर्ड परीक्षा में फेल होने के बाद चेतन वहीं लौट आए जहां से सब शुरू हुआ था यानी अपने घर। हार मानकर आगे बढ़ने के लिए नहीं, बल्कि एक बड़ी असफलता के बाद खुद को संभालकर फिर से उठने के लिए।

वारला तहसील के खुतवाड़ी गांव (जो मध्य प्रदेश के आदिवासी इलाकों में से एक बड़वानी जिला मुख्यालय से लगभग 100 किमी दूर है) के इस नौजवान ने अब जेईई एडवांस्ड परीक्षा में एसटी कैटेगरी में 1,309वीं रैंक हासिल की है। उन्हें रविवार को इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) खड़गपुर में एग्रीकल्चर एंड फूड इंजीनियरिंग कोर्स में सीट मिली।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक चेतन ने अपनी 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं इंदौर के बेटमा स्थित श्रमोदय आवासीय विद्यालय में दी थीं। हालांकि जब वे फेल हुए, तो उन्हें लगा जैसे उनकी दुनिया बिखर रही हो। उनके चाचा के अनुसार, यह झटका बहुत गहरा था। सिविल इंजीनियर ओंकार सोलंकी ने कहा, '12वीं बोर्ड में फेल होने का उन पर गहरा असर पड़ा। वे घर लौट आए और लगभग खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।' ओंकार सोलंकी ने दुबई से ऑपरेशन्स और मेंटेनेंस में पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है और वे फलों और सब्जियों के एग्रीकल्चरल एक्सपोर्ट के मैनेजमेंट से जुड़े हैं।

हालांकि उस कमरे के अंदर वे खाली नहीं बैठे थे। बिना किसी कोचिंग इंस्टीट्यूट, स्टडी ग्रुप या शहर की लाइब्रेरी के सहारे के चेतन ने इंटरनेट की मदद से 12वीं की परीक्षा पास की। ऑनलाइन कोर्सेज और सेल्फ स्टडी की बदौलत उन्होंने अपनी स्कूलिंग पूरी कर ली। अब उन्हें चुनौतीपूर्ण जेईई एडवांस्ड की तैयारी शुरू की जिसे देश की सबसे मुश्किल इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में से एक माना जाता है।

गांव में बिजली इंटरनेट की समस्या

खुतवाड़ी जैसे गांव में, जहां इंटरनेट और बिजली की समस्या आम थी, यह कोई आसान काम नहीं था। शहर के छात्रों को पढ़ाई के दौरान अच्छा ब्रॉडबैंड कनेक्शन और बिना रुकावट बिजली मिलती है, लेकिन चेतन के लिए ऐसा माहौल पाना रोज की चुनौती थी। इसके साथ ही वह जरूरत पड़ने पर अपने किसान पिता कमल सोलंकी की खेती के कामों में भी मदद करते थे।

सोलंकी ने गर्व से कहा, 'ऑनलाइन कोर्स और खुद से पढ़ाई करके, उन्होंने न सिर्फ़ 12वीं पास की, बल्कि IIT में एडमिशन भी पाया।'

चेतन का जन्म ऐसे परिवार में हुआ था जिसे कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा, लेकिन जिसने कभी भी शिक्षा को जरूरी नहीं समझा, ऐसा नहीं था। उनके चाचा ने ट्रक ड्राइवर के तौर पर एक साल काम किया और उसे अपने करियर में आगे बढ़ने का जरिया बनाया। उनकी चाची एग्रीकल्चर एक्सटेंशन ऑफिसर हैं।

सोलंकी ने कहा, 'जब चेतन 12वीं में फेल हो गए, तो हमने उनसे कहा कि दबाव न लें। हमने कहा कि अगर वह IIT पास नहीं भी कर पाते हैं, तो भी खेती और परिवार के दूसरे कामों में योगदान दे सकते हैं। उस समय IIT पास करना बहुत मुश्किल लग रहा था, लेकिन उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से सबको गलत साबित कर दिया।'

आईआईटी में खेती से जुड़ा विषय चुना

इंजीनियरिंग में स्पेशलाइजेशन चुनने की बात आई तो चेतन के पास कई विकल्प थे, लेकिन उन्होंने एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग को चुना, एक ऐसा क्षेत्र जो सीधे तौर पर उस दुनिया से जुड़ा था जिसमें वह पले-बढ़े थे। इस फैसले से उन्हें जानने वाले लोग हैरान नहीं हुए। चेतन ने टीओआई को बताया, 'मेरे चाचा ने इंजीनियरिंग की और बाद में एग्रीकल्चर एक्सपोर्ट सेक्टर में काम किया। मैं भी अपनी शिक्षा का इस्तेमाल खेती और किसानों के फायदे के लिए करना चाहता हूं।'

IAS अफसर बनने का सपना, 12th फेल से ली सीख

कुछ समय पहले मायूसी के अंधरे में डूबे इस 20 साल के युवा ने अब जिंदगी में बड़े लक्ष्य तय किए हैं। वह अब यूपीएससी क्रैक कर आईएएस ऑफिसर बनने का सपना देख रहे हैं, हालांकि अगर वह रास्ता नहीं खुलता है, तो भी वह अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई को अपने आप में सार्थक मानते हैं। चेतन ने बताया कि उन्होंने ‘12th Fail’ फिल्म देखी और उन्हें उसमें बहुत कुछ ऐसा लगा जो उनके अपने जीवन से गहराई से जुड़ा हुआ था और दिल को छू गया।

पीछे मुड़कर देखें तो चेतन के परिवार का उनकी 12वीं कक्षा में फेल होने को लेकर एक अलग ही नज़रिया है। वे इसे कोई दुखद घटना या हार नहीं, बल्कि एक नई सच्चाई के सामने आने जैसा मानते हैं। परिवार के एक सदस्य ने कहा, 'अगर वह फेल न हुआ होता, तो शायद हमें कभी पता ही नहीं चलता कि उसमें कितनी हिम्मत और काबिलियत है। अब हमें यकीन है कि वह आगे चलकर सिविल सर्विस में भी जा सकता है।" फिलहाल, चेतन का कहना है कि वह पूरी तरह अपनी पढ़ाई पर ध्यान दे रहे हैं और अगले महीने आईआईटी खड़गपुर में दाखिला लेने वाले हैं।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay

पंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार

शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।


15 से अधिक सालों का अनुभव

पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।


विजन

तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।


विशेषज्ञता

तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी

और पढ़ें
करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।