रेलवे में 1465 पदों पर भर्ती, असिस्टेंट लोको पायलट समेत कई पोस्ट के लिए आवेदन शुरू, जानिए योग्यता

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

ईस्ट सेंट्रल रेलवे ने असिस्टेंट लोको पायलट समेत 1465 पदों पर भर्ती निकाली है। यह भर्ती के तहत नियमित कर्मचारी 15 अक्टूबर 2026 तक ecr.indianrailways.gov.in पर आवेदन कर सकते हैं।

east central railway alp gdce recruitment 2026 1465 posts
ईस्टर्न रेलवे लोकल ट्रेन

रेलवे में नौकरी की तलाश कर रहे उम्मीदवारों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। ईस्ट सेंट्रल रेलवे (ईसीआर) ने जनरल डिपार्टमेंटल कॉम्पिटिटिव एग्जामिनेशन के तहत कुल 1465 पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। इसमें सबसे ज्यादा पद असिस्टेंट लोको पायलट (एएलपी) के लिए रखे गए हैं, इसके अलावा गुड्स ट्रेन मैनेजर, टेक्निशियन, जूनियर इंजीनियर और स्टेशन मास्टर जैसे पदों पर भी भर्तियां निकाली गई हैं। जो उम्मीदवार इन पदों के लिए योग्य हैं, वे रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट ecr.indianrailways.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

रेलवे रिक्रूटमेंट सेल, ईस्ट सेंट्रल रेलवे की ओर से जारी इस नोटिफिकेशन के मुताबिक आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 15 अक्टूबर 2026 रात 11:59 बजे तक अपना फॉर्म भर सकते हैं। हालांकि यहां एक जरूरी बात समझनी जरूरी है कि यह भर्ती आम जनता के लिए ओपन नहीं है। यह भर्ती सिर्फ ईस्ट सेंट्रल रेलवे और रेल व्हील प्लांट, बेला के मौजूदा नियमित कर्मचारियों के लिए है। यानी अगर आप पहले से रेलवे में रेगुलर एंप्लॉयी के तौर पर काम कर रहे हैं, तभी आप इस भर्ती में हिस्सा ले सकते हैं। इसमें भी आरपीएफ और आरपीएसएफ के कर्मचारी इस भर्ती के दायरे में नहीं आते हैं।

कितने पदों पर होगी भर्ती

वैकेंसी के आंकड़ों पर नजर डालें तो कुल 1,465 पदों में सबसे ज्यादा हिस्सेदारी असिस्टेंट लोको पायलट यानी एएलपी की है, जिसमें 910 पद रखे गए हैं। इसके बाद गुड्स ट्रेन मैनेजर के 389 पद और कमर्शियल कम टिकट क्लर्क के 42 पद शामिल हैं। बाकी पद टेक्निशियन, जूनियर इंजीनियर और स्टेशन मास्टर जैसी श्रेणियों में बंटे हुए हैं। खास बात यह है कि यह पूरी भर्ती 24 अलग-अलग पोस्ट कैटेगरी में बंटी हुई है, जिसमें ब्लैकस्मिथ, फिटर, मेसन, वेल्डर, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल, टेली, डीजल मैकेनिकल, पी-वे और वर्क्स जैसे तकनीकी पद भी शामिल हैं।

उम्र सीमा और पात्रता

जहां तक उम्र सीमा का सवाल है, तो सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 42 साल, ओबीसी वर्ग के लिए 45 साल और एससी/एसटी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 47 साल तय की गई है। ध्यान देने वाली बात यह है कि उम्र की गणना 1 जनवरी 2027 के आधार पर की जाएगी। पात्रता को लेकर कोई न्यूनतम सर्विस अवधि की शर्त नहीं रखी गई है, लेकिन जिन कर्मचारियों ने रेलवे से इस्तीफा दिया है या ट्रांसफर लिया है, वे इस भर्ती के लिए योग्य नहीं माने जाएंगे। इसके अलावा जो कर्मचारी जिस पद पर पहले से कार्यरत हैं, वे उसी पद के लिए दोबारा आवेदन नहीं कर सकते।

चयन प्रक्रिया कैसी रहेगी

भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) से होगी। पद के हिसाब से कुछ उम्मीदवारों को कंप्यूटर बेस्ड एप्टिट्यूड टेस्ट या कंप्यूटर बेस्ड टाइपिंग स्किल टेस्ट भी देना पड़ सकता है। सीबीटी में कुल 100 सवाल पूछे जाएंगे और इसे हल करने के लिए उम्मीदवारों को 120 मिनट का समय दिया जाएगा। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल एग्जामिनेशन जैसे चरण भी पूरे करने होंगे। दिलचस्प बात यह है कि अभी तक जारी नोटिफिकेशन में इस भर्ती के लिए किसी आवेदन शुल्क का जिक्र नहीं किया गया है।

आवेदन कैसे करें

पात्र उम्मीदवार सबसे पहले ईस्ट सेंट्रल रेलवे की वेबसाइट ecr.indianrailways.gov.in पर जाएं और वहां दिए गए रिक्रूटमेंट या रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिसके बाद फॉर्म में मांगी गई जरूरी जानकारी सही-सही भरनी है। जरूरी दस्तावेज स्कैन करके अपलोड करने के बाद तय शुल्क का भुगतान करना होगा। फॉर्म भरने के बाद उसे ध्यान से जांच लें और फिर सबमिट कर दें। सबमिट करने के बाद कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लें और उसकी एक हार्ड कॉपी अपने पास भविष्य के लिए जरूर रख लें। जो उम्मीदवार इस भर्ती के लिए योग्य हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे 15 अक्टूबर 2026 की आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते अपना आवेदन पूरा कर लें, ताकि आखिरी वक्त की भागदौड़ और वेबसाइट पर सर्वर की दिक्कतों से बचा जा सके। पूरी और सही जानकारी के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जरूर पढ़ें।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsकरियर न्यूज़रेलवे में 1465 पदों पर भर्ती, असिस्टेंट लोको पायलट समेत कई पोस्ट पर आवेदन शुरू