दिल्ली यूनिवर्सिटी के 67 कॉलेजों की 73 कोर्स के लिए एडमिशन शुरू, CSAS पोर्टल पर करें रजिस्ट्रेशन
DU UG Admissions 2026:

DU CSAS UG Portal 2026 Admission: डीयू ने अंडरग्रेजुएट कोर्सेज में एडमिशन के लिए कॉमन सीट आवंटन प्रणाली (सीएसएएस-यूजी) के पहले चरण की शुरुआत कर दी है। जिन अभ्यर्थियों ने सीयूईटी (यूजी)-2026 परीक्षा दी है और डीयू के किसी कॉलेज में प्रवेश लेना चाहते हैं, उन्हें सीएसएएस पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सभी स्नातक प्रवेश केवल सीयूईटी के अंकों और संबंधित पाठ्यक्रम की पात्रता के आधार पर ही होंगे। डीयू के 67 कॉलेजों में संचालित 73 स्नातक पाठ्यक्रमों और 100 से अधिक बीए प्रोग्राम के पाठयक्रमों में प्रवेश दिए जाएंगे। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से कहा कि आवेदन करने से पहले स्नातक सूचना पुस्तिका और सीएसएएस-2026 के नियमों को ध्यान से पढ़ लें, ताकि पात्रता, विषय संयोजन और सीट आवंटन प्रक्रिया को लेकर किसी प्रकार की परेशानी न हो। ध्यान दें सीयूईटी आवेदन संख्या के बिना सीएसएएस पोर्टल पर आवेदन नहीं किया जा सकता।
एपीआई (API) सेतु के जरिए आवेदन करें :
विश्वविद्यालय ने इस वर्ष पंजीकरण प्रक्रिया को अधिक आसान बनाया है। एपीआई सेतु के माध्यम से अभ्यर्थियों का नाम, जन्मतिथि, फोटो और हस्ताक्षर स्वतः पोर्टल पर उपलब्ध होंगे। इससे बार-बार जानकारी भरने की आवश्यकता नहीं होगी और गलतियों की संभावना भी कम रहेगी। अभ्यर्थी केवल अपने सीयूईटी आवेदन संख्या के माध्यम से ही पंजीकरण कर सकेंगे।
सीएसएएस के पहले चरण में केवल पंजीकरण करना होगा। इसके बाद दूसरे चरण में अभ्यर्थियों को अपने पसंदीदा पाठ्यक्रम-कॉलेजों की प्राथमिकताएं भरनी होंगी। इसी दौरान सीयूईटी के विषयों का कक्षा 12 में पढ़े गए विषयों से मिलान किया जाएगा। विश्वविद्यालय केवल उन्हीं भाषा और विषय पत्रों के अंक स्वीकार करेगा, जिन विषयों में अभ्यर्थी ने कक्षा 12 उत्तीर्ण की है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि जहां थ्योरी और प्रायोगिक परीक्षा के अंक अलग-अलग दिए गए हैं, वहां अलग-अलग भरें। यदि किसी विषय में प्रायोगिक अंक अलग नहीं दिए गए हैं तो केवल थ्योरी में अंक भरें और प्रायोगिक वाले कॉलम में शून्य लिखें। आंतरिक मूल्यांकन या सत्रीय अंक प्रायोगिक वाले कॉलम में जोड़े जा सकते हैं।
ये भी अहम : आवेदन तब पूरा माना जाएगा, जब शुल्क का सफलतापूर्वक भुगतान होगा। डीयू ने सभी अभ्यर्थियों को अपने सीएसएएस डैशबोर्ड, पंजीकृत ई-मेल और दिल्ली विश्वविद्यालय की आधिकारिक प्रवेश वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर रखने के लिए कहा है।
व्यक्तिगत जानकारी
पोर्टल से कुछ जानकारी स्वतः आ जाएंगी। इनमें नाम, श्रेणी, जन्मतिथि, फोटो, हस्ताक्षर, नंबर और ई-मेल शामिल हैं। इनमें बदलाव नहीं किया जा सकेगा। इसके बाद अन्य व्यक्तिगत जानकारियां सावधानीपूर्वक भरनी होंगी। यदि आपने सीयूईटी में दिव्यांग श्रेणी का लाभ लिया है तो सीएसएएस में श्रेणी नहीं बदल सकेंगे। सीडब्ल्यू श्रेणी के अभ्यर्थियों को अपनी प्राथमिकता सही भरनी होगी।
नया पंजीकरण
सीएसएएस पोर्टल पर न्यू रजिस्ट्रेशन पर क्लिक करें। सीयूईटी आवेदन संख्या और जन्मतिथि दर्ज करें। दोनों जानकारियां वही होनी चाहिए जो सीयूईटी आवेदन में दर्ज हैं। सत्यापन के लिए पंजीकृत मोबाइल नंबर और ई-मेल पर एक ओटीपी आएगा। ओटीपी दर्ज करने के बाद पंजीकरण पूरा हो जाएगा और अभ्यर्थी अपने डैशबोर्ड में प्रवेश कर आवेदन भर सकेंगे।
शैक्षणिक जानकारी
कक्षा 10 और 12 में उत्तीर्ण सभी विषयों के अंक भरने होंगे। यदि अंकपत्र में कक्षा 11 और 12 दोनों के अंक हैं तो केवल कक्षा 12 के अंक ही दर्ज करें। अंक बहुत सावधानी से भरें। यदि बराबरी की स्थिति (टाई) बनती है तो इन्हीं अंकों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। गलत अंक भरने के कारण यदि सीट चली जाती है तो उस पर शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी।
खेल और ईसीए कोटा (ECA)
खेल कोटे से प्रवेश चाहने वाले अभ्यर्थी अधिकतम तीन खेलों का चयन कर सकते हैं। उन्हें 1 मई 2023 से 30 अप्रैल 2026 के बीच जारी अधिकतम तीन खेल उपलब्धि या सहभागिता प्रमाण-पत्र अपलोड करने होंगे। ईसीए कोटे में अधिकतम तीन श्रेणियों के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्रत्येक श्रेणी केे अधिकतम पांच स्वप्रमाणित प्रमाण-पत्र अपलोड करने होंगे।
डॉक्यूमेंट अपलोड करें
दस्तावेज निर्धारित प्रारूप में अपलोड करें। यदि अभ्यर्थी आरक्षण का दावा कर रहे हैं तो नाम, माता-पिता का नाम और अन्य विवरण प्रमाण-पत्र, बोर्ड के रिकॉर्ड और सीयूईटी आवेदन में एक समान होने चाहिए। डीयू ने सलाह दी है कि केवल नवीनतम और वैध प्रमाण-पत्र ही अपलोड करें। गलत, फर्जी या छेड़छाड़ किए गए दस्तावेज मिलने पर प्रवेश रद्द कर दिया जाएगा।
अंतिम अवसर
दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन का पूरा विवरण स्क्रीन पर दिखाई देगा। इसी चरण में यदि कोई गलती हो तो उसे ठीक किया जा सकता है। दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन शुल्क का भुगतान करें। भुगतान केवल डैशबोर्ड पर उपलब्ध भुगतान लिंक के माध्यम से करें। शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या यूपीआई से किया जा सकता है।
हेल्पलाइन नंबर
8065068768, 8065068769 8065068771, 8065068772 8065068774, 8065068775 8065068777, 8065068779 8065068782, 8065068784
ये सभी नंबर सोमवार से शुक्रवार सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपलब्ध रहेंगे।


