Delhi University 2026: डीयू में एडमिशन का नया चांस, 3 अगस्त से मिड-एंट्री; तीसरे राउंड का पूरा शेड्यूल जारी
Delhi University 2026: डीयू ने सीएसएएस यूजी 2026 के तहत मिड एंट्री और तीसरे राउंड की दाखिला तारीखों का ऐलान किया, अब तक 71,342 छात्रों ने सीट पक्की की।

Delhi University 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) में दाखिले की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही और अब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उन छात्रों के लिए भी दरवाजा खोल दिया है जो अब तक किसी वजह से सीट पक्की नहीं कर पाए थे। दिल्ली यूनिवर्सिटी ने बुधवार, 29 जुलाई को मिड-एंट्री दाखिलों और अंडरग्रेजुएट दाखिलों के तीसरे राउंड का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया, वो भी उस वक्त जब यूनिवर्सिटी में यूजी दाखिलों का आंकड़ा 71 हजार के पार जा चुका है।
कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम यानी CSAS-UG 2026 के तहत जारी नोटिस के मुताबिक, अपग्रेड की गई सीटों की लिस्ट और वॉर्ड कोटा की पहली एलोकेशन लिस्ट 1 अगस्त को पोर्टल पर डाली जाएगी। इसके बाद कॉलेजों को 3 अगस्त तक इन आवेदनों की जांच-पड़ताल कर उन्हें मंजूरी देनी होगी, जबकि छात्रों के पास दाखिला फीस जमा करने के लिए 4 अगस्त तक का वक़्त रहेगा।
सीटों का एलोकेशन 8 अगस्त तक
वहीं तीसरे राउंड की बात करें तो सीट एलोकेशन की तीसरी लिस्ट 8 अगस्त को जारी होगी, जबकि जिन उम्मीदवारों को सीट अलॉट होगी, उन्हें 8 से 11 अगस्त की रात 11:59 बजे तक अपनी सीट स्वीकार करनी होगी। इसके बाद कॉलेज 12 अगस्त तक इन आवेदनों का सत्यापन करेंगे, और दाखिला फीस भरने की आखिरी तारीख 13 अगस्त की रात 11:59 बजे तय की गई है। यानी जिन छात्रों को अब तक मनचाहा कॉलेज या कोर्स नहीं मिल पाया है, उनके पास अभी भी किस्मत आजमाने का मौका बचा हुआ है।
71,342 छात्रों ने पक्की अपनी सीट
इस बीच डीयू प्रशासन ने जो आंकड़े साझा किए हैं, वो भी काफी दिलचस्प हैं। यूनिवर्सिटी के मुताबिक 29 जुलाई शाम साढ़े छह बजे तक कुल 71,342 छात्रों ने अपनी सीट एलोकेशन पक्की कर ली थी। इनमें से 25,088 उम्मीदवारों ने 'अपग्रेड' का विकल्प चुना है, यानी उन्हें उम्मीद है कि आगे के राउंड में उन्हें बेहतर कॉलेज या कोर्स मिल सकता है। जबकि 32,233 छात्रों ने दूसरे राउंड की काउंसलिंग के बाद अपने अलॉट किए गए कॉलेज और कोर्स को ही 'फ्रीज' यानी अंतिम रूप देना बेहतर समझा।
अब बात करते हैं उन छात्रों की जो अब तक रजिस्ट्रेशन ही नहीं करा पाए थे या फिर बीच में ही दाखिले की प्रक्रिया अधूरी छोड़ गए थे। ऐसे छात्रों के लिए डीयू 3 अगस्त से मिड-एंट्री रजिस्ट्रेशन शुरू कर रहा है, जिसकी आखिरी तारीख 5 अगस्त की रात 11:59 बजे तक रखी गई है। जो छात्र CSAS UG 2026 के पहले या दूसरे राउंड में हिस्सा नहीं ले पाए थे, वो अतिरिक्त 1000 रुपये फीस देकर मिड-एंट्री के जरिए दाखिला प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
मिड एंट्री के लिए क्या है शर्त
हालांकि, यूनिवर्सिटी ने अपनी 29 जुलाई की आधिकारिक नोटिस में यह भी साफ कर दिया है कि यह मिड-एंट्री सुविधा हर किसी के लिए नहीं है। एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज (ईसीए), स्पोर्ट्स कोटा, चिल्ड्रन/विडोज (सीडब्ल्यू) कोटा, वॉर्ड सुपरन्यूमेररी कोटा के तहत आवेदन करने वाले छात्र इस सुविधा का फायदा नहीं उठा पाएंगे। इसके अलावा बीए (ऑनर्स) म्यूजिक और बीएससी (पीई, एचई एंड स्पोर्ट्स) जैसे परफॉर्मेंस-बेस्ड कोर्सेज और बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (बीएफए) जैसे प्रैक्टिकल-बेस्ड प्रोग्राम में भी मिड-एंट्री से दाखिला संभव नहीं होगा।
28 जुलाई से शुरू हो चुका है सत्र
गौरतलब है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में अंडरग्रेजुएट सत्र 2026-27 पहले ही 28 जुलाई से शुरू हो चुका है, जब सभी संबद्ध कॉलेजों में नए छात्रों के लिए ओरिएंटेशन सेशन आयोजित किए गए। ऐसे में जिन छात्रों को अभी तक सीट नहीं मिली, उनके लिए यह मिड-एंट्री विंडो किसी सुनहरे मौके से कम नहीं है। यूनिवर्सिटी ने साफ किया है कि किसी भी तरह की जानकारी के लिए छात्र दाखिले के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर पूरी प्रक्रिया और शर्तें देख सकते हैं।


