10 रुपये की पर्ची ने बदली जिंदगी, ग्रेजुएशन के 1 साल बाद यूपीएससी में AIR 51 लाकर बनीं IAS
महज 25 साल की उम्र में नेहा ने अपनी जिंदगी के दो सबसे बड़े ख्वाबों को हकीकत में बदल दिया। प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज से डॉक्टरी करने के बाद उन्होंने 51वीं रैंक के साथ यूपीएससी भी क्रैक कर डाला।

UPSC IAS Neha Rajput Success Story : जब कड़ी मेहनत के बाद मालामाल कर देने वाला करियर आपकी दहलीज पर हो तो यूपीएससी की तैयारी जैसा बड़ा जोखिम लेना आसान नहीं होता। लेकिन डॉ. नेहा राजपूत ने रिस्क लिया और इतिहास रच दिया। महज 25 साल की उम्र में उन्होंने अपनी जिंदगी के दो सबसे बड़े ख्वाबों को हकीकत में बदल दिया। मुंबई के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेज से डॉक्टरी करने के बाद उन्होंने अनिश्चितताओं से भरी यूपीएससी की चुनौतीपूर्ण राह चुनी। इस फैसले के पीछे एक छोटी-सी घटना थी, जिसने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया था। एक महिला के पास अस्पताल की सिर्फ 10 रुपये की ओपीडी पर्ची बनवाने तक के पैसे नहीं थे। यही घटना उनके लिए टर्निंग पॉइंट बनी। इसके बाद नेहा ने अपने बुलंद इरादे और चमत्कारिक प्रतिभा से पहले ही प्रयास में यूपीएससी में 51वीं रैंक हासिल की और आईएएस अफसर बनीं।
जलगांव में हुआ जन्म, मां पढ़ाती थी ट्यूशन
डॉ. नेहा राजपूत का जन्म महाराष्ट्र के जलगांव में हुआ। यहीं उनका बचपन भी बीता। उनके पिता सामाजिक न्याय विभाग में कार्यरत रहे और बाद में सेवानिवृत्त हुए, जबकि उनकी मां ट्यूशन पढ़ाती हैं। नेहा ने अपनी 11वीं और 12वीं की पढ़ाई जलगांव से पूरी की। इसके बाद मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफलता हासिल कर उन्होंने मुंबई के प्रतिष्ठित सेठ जीएस मेडिकल कॉलेज और केईएम अस्पताल में एमबीबीएस में दाखिला लिया। कई बरसों की लंबी मेडिकल की पढ़ाई, क्लिनिकल ट्रेनिंग और इंटर्नशिप के बीच उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना पूरा किया।
10 रुपये की एक घटना ने बदली सोच, लिया यूपीएससी का फैसला
नेहा की जिंदगी में एक छोटी-सी घटना ने बड़ा असर डाला। मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई के दौरान एक महिला उनसे ओपीडी पर्ची बनवाने के लिए 10 रुपये मांगने लगीं। पैसे बहुत कम थे लेकिन उस महिला के लिए इतनी भी राशि जुटाना मुश्किल था। इस अनुभव ने नेहा को हिला कर रख दिया। एक तरफ वह देश के प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थान में डॉक्टर बनने की पढ़ाई कर रही थीं और दूसरी तरफ उनके सामने ऐसा व्यक्ति था, जिसके पास इलाज करने के पैसे नहीं थे। इस घटना ने उन्हें यह सोचने पर मजबूर किया कि समाज में स्वास्थ्य, गरीबी और बुनियादी सुविधाओं की समस्याएं कितनी गहरी हैं।
उनके मन में एक दूसरा सवाल भी जन्म लेने लगा- क्या डॉक्टर बनकर ही समाज की सबसे ज्यादा सेवा की जा सकती है? उन्हें महसूस हुआ कि एक डॉक्टर के रूप में वह एक मरीज की मदद कर सकती हैं, लेकिन अगर प्रशासनिक जिम्मेदारी मिले तो वह नीतियों और योजनाओं के स्तर पर कहीं अधिक लोगों तक पहुंच सकती हैं। कोविड महामारी के दौरान नेहा ने अपने मेडिकल कॉलेज के वरिष्ठ डॉ. राजेंद्र भरूड़ के बारे में जाना, जो IAS अधिकारी बने थे और कोविड के दौरान प्रशासनिक स्तर पर काम कर रहे थे। एक डॉक्टर के प्रशासनिक अधिकारी बनने की इस राह ने नेहा को प्रेरित किया।
छह साल की मेडिकल पढ़ाई के बाद फिर नई शुरुआत
अब नेहा के सामने यह सवाल था कि क्या कई साल की मेडिकल पढ़ाई के बाद फिर से एक अनिश्चितता से भरी परीक्षा की तैयारी करना सही होगा? लोगों ने फैसले पर ताने कसने शुरू कर दिए थे। 2021 में एमबीबीएस इंटर्नशिप के दौरान उन्होंने UPSC की तैयारी करने का मन बनाया।
अगस्त 2022 से शुरू हुई फुल-टाइम तैयारी
इंटर्नशिप पूरी होने के बाद अगस्त 2022 से नेहा ने UPSC की तैयारी को पूरी तरह समय देना शुरू किया। शुरुआत में उन्होंने बेसिक विषयों पर ध्यान दिया। करीब तीन-चार महीनों में उन्होंने इतिहास, भूगोल, पॉलिटी और इकोनॉमी जैसे प्रमुख विषयों की पहली रीडिंग पूरी करने की कोशिश की। कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2023 का प्रीलिम्स दिया। पेपर का पैटर्न देखकर वह परीक्षा हॉल से बाहर आने के बाद काफी निराश थीं। पर किस्मत ने साथ दिया और वह पास हो गईं।
दिल्ली में मेन्स की तैयारी
मेन्स में उन्होंने मेडिकल बैकग्राउंड के बावजूद एंथ्रोपॉलोजी चुना। उन्हें लगा कि इसका सिलेबस सीमित होने के कारण इसे अपेक्षाकृत कम समय में कवर करके बार-बार रिवाइज किया जा सकता है। जून 2023 में मेन्स की तैयारी के लिए दिल्ली आ गईं। नया शहर, घर से दूरी और अकेले रहकर पढ़ाई करना अपने आप में चुनौती थी। लेकिन जिस जगह वह रह रही थीं, वहां आसपास लगातार निर्माण कार्य चल रहा था। दिनभर कंस्ट्रक्शन का तेज शोर रहता था। ऐसे माहौल में पढ़ाई करना मुश्किल था। इसलिए उन्होंने अपनी दिनचर्या ही बदल दी। वह दिन में सोतीं और रात में पढ़ाई करतीं, जब आसपास अपेक्षाकृत शांति होती थी।
लगभग 9-10 घंटे रोज पढ़ाई करने की कोशिश के साथ उन्होंने अगले कुछ महीनों में मेन्स के लिए खुद को तैयार किया।
जन्मदिन के दिन था मेन्स का पहला पेपर
नेहा ने अपने जन्मदिन के दिन यूपीएससी मेन्स का पहला पेपर दिया था। जन्मदिन मनाने या परिवार के साथ समय बिताने के बजाय वह परीक्षा केंद्र में बैठकर कई घंटे लगातार उत्तर लिख रही थीं।
ब्रेक में हाथों में लगवानी पड़ी वोलिनी
लगातार लिखने के कारण उनके हाथों में काफी दर्द होने लगा। पेपर्स के बीच मिलने वाले ब्रेक में उन्हें हाथों पर वोलिनी स्प्रे लगाना पड़ता था। रिजल्ट पॉजिटिव रहा। मेन्स भी क्रैक कर डाला। उनका इंटरव्यू भी अच्छा गया। फिर 16 अप्रैल को जब परिणाम आया तो डॉक्टर नेहा बन IAS बन गईं।


