
Delhi Nursery Admissions 2026: दिल्ली नर्सरी दाखिले की पहली लिस्ट आज, जानें डॉक्यूमेंट लिस्ट व अहम तिथियां
Delhi Nursery School Admission 2025: दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नर्सरी में दाखिले के लिए शॉर्टलिस्ट बच्चों की पहली लिस्ट आज जारी होगी। परेंट्स 24 जनवरी से 3 फरवरी के बीच दिए गए अंकों पर स्पष्टीकरण प्राप्त कर सकते हैं।
Delhi Nursery School Admission 2025: दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नर्सरी में दाखिले के लिए शॉर्टलिस्ट बच्चों की पहली लिस्ट आज जारी होगी। नर्सरी, केजी और पहली कक्षा में बच्चों के एडमिशन होंगे। अधिकारियों ने बताया है कि इस लिस्ट में लगभग 12 लाख बच्चों के नाम शामिल होने की संभावना है। एक अधिकारी ने कहा, ‘शहर भर के 1741 निजी गैर-सहायता प्राप्त स्कूल पहली सूची जारी करेंगे, जिसमें वेटिंग लिस्ट के अभ्यर्थियों सहित लगभग 12 लाख अभ्यर्थियों के नाम होंगे।’ शिक्षा निदेशालय ने बताया कि 2026-27 सत्र के लिए नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चे की आयु 31 मार्च, 2026 तक कम से कम तीन वर्ष, केजी में दाखिले के लिए चार वर्ष और कक्षा एक में दाखिले के लिए पांच वर्ष होनी चाहिए। विभाग ने कहा कि स्कूल प्रमुख के विवेकानुसार स्कूलों में दाखिले की आयु में एक महीने तक की छूट दी जा सकती है।
शिक्षा विभाग के अनुसार परेंट्स 24 जनवरी से 3 फरवरी के बीच दिए गए अंकों के अलॉटमेंट के संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त कर सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया 19 मार्च को समाप्त होगी। नियमों का पालन सुनिश्चित करने और शिकायतों के निवारण के लिए जिला स्तरीय निगरानी प्रकोष्ठ का गठन किया गया है।
ऐसे होगा बच्चों का चयन-
प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन के लिए एक पॉइंट-आधारित सिस्टम लागू होता है। इसमें स्कूल अलग-अलग चीजों के लिए पॉइंट देते हैं, जिनमें सबसे ज्यादा महत्व स्कूल से आपके घर की दूरी को दिया जाता है। अन्य पैरामीटर में स्कूल से घर की दूरी, उसी स्कूल में बड़े भाई-बहन का पढ़ना, माता-पिता का स्कूल का पूर्व छात्र होना, स्कूल स्टाफ के बच्चे होना आदि शामिल हो सकता है।
यदि सीमित सीटों के लिए कई बच्चों के पॉइंट एक जैसे होते हैं, तो स्कूल को अभिभावकों की मौजूदगी में लॉटरी के जरिए चयन करना अनिवार्य होगा।
जरूरी तारीखें (Key Dates at a Glance)
24 जनवरी – 3 फरवरी: अभिभावक आपत्तियां/क्वेरी दर्ज करा सकते हैं
9 फरवरी: दूसरी सूची जारी
10–16 फरवरी: आपत्ति/क्वेरी समाधान अवधि
5 मार्च: अगली सूची (यदि सीटें बचती हैं)
19 मार्च: एडमिशन प्रक्रिया समाप्त
उम्र सीमा का नियम
नए शिक्षा नीति (NEP) के तहत शिक्षा निदेशालय ने एडमिशन के लिए उम्र के नियम तय किए हुए हैं। बच्चों के माता-पिता को सलाह दी जाती है कि वे अपने बच्चे की उम्र की गणना इन तारीखों के आधार पर ही करें। 31 मार्च 2026 तक बच्चे की उम्र ये होनी चाहिए-
नर्सरी : 3 साल या उससे ज्यादा, लेकिन 4 साल से कम।
केजी : 4 साल या उससे ज्यादा, लेकिन 5 साल से कम।
कक्षा 1: 5 साल या उससे ज्यादा, लेकिन 6 साल से कम।
दाखिला के लिए यह दस्तावेज जरूरी
-माता-पिता/अभिभावक के नाम पर जारी राशन कार्ड/स्मार्ट कार्ड (जिसमें बच्चे का नाम भी हो)
-बच्चे या माता-पिता का मूल निवास प्रमाण पत्र
-माता-पिता में से किसी एक का वोटर आई कार्ड
-बच्चे या माता-पिता के नाम पर बिजली/टेलीफोन/पानी का बिल या पासपोर्ट
-माता-पिता में से किसी एक का आधार कार्ड/यूआईडी कार्ड
- बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र (Birth Certificate)
- भाई-बहन का प्रमाण
- माता-पिता का एलुमनाई प्रमाण
- भाई-बहन का ट्रांसफर सर्टिफिकेट
- पासपोर्ट साइज फोटो
27 दिसंबर तक लिए गए थे आवेदन
प्रवेश कार्यक्रम के अनुसार, स्कूलों को आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस), वंचित समूह (डीजी) और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) को छोड़कर, खुली सीटों के लिए प्रवेश मानदंड और अंक 28 नवंबर तक अपलोड करने थे। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 27 दिसंबर थी। स्कूलों ने 9 जनवरी को सभी आवेदकों का विवरण अपलोड किया और 16 जनवरी तक अंक प्रणाली के तहत प्रत्येक बच्चे को आवंटित अंक जारी कर दिए।





