CTET : सीटीईटी आवेदन की कल लास्ट डेट, बगैर TET वाले शिक्षकों में कौन होगा पास, 4 विकल्पों पर नजर
CTET September 2026 Registration : सीटीईटी सितंबर 2026 के लिए कल 10 जून 2026 आवेदन की अंतिम तिथि है। इस बार देखना होगा कि बगैर टीईटी वाले सेवारत देश के 25 लाख शिक्षकों में से इस परीक्षा में कौन कौन सफल हो पाता है।

CTET September 2026 Registration : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की सितंबर 2026 सत्र की केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) के लिए कल 10 जून 2026 आवेदन की अंतिम तिथि है। सीटीईटी के 22वें संस्करण के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 मई से शुरू हुई थी। यह परीक्षा 6 सितंबर को देशभर के 132 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिन इच्छुक अभ्यर्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है वे फौरन ऑनलाइन माध्यम से कल 10 जून रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी 15 जून से 18 जून के बीच ऑनलाइन सुधार कर सकते हैं। इस बार देखना होगा कि बगैर टीईटी वाले सेवारत देश के 25 लाख शिक्षकों में से इस परीक्षा में कौन कौन सफल हो पाता है। लाखों कार्यरत टीचर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद अपनी नौकरी बचाने के लिए टीईटी की तैयारी में जुटे हुए हैं।
अगस्त 2028 तक हर हाल में पास करना है टीईटी
टीचरों को नौकरी में बने रहने या प्रमोशन पाने के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) को अनिवार्य करने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के फैसले से देश भर के हजारों प्राइमरी शिक्षकों की नौकरी पर तलवार लटकी हुई है। कुछ दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने सभी पुनर्विचार याचिकाएं भी खारिज कर दी थी। शीर्ष अदालत ने टीईटी को अनिवार्य बताते हुए सेवा में बने रहने के लिए यह परीक्षा पास करने की समय सीमा 31 अगस्त, 2028 तक बढ़ा दी। पहले यह 31 अगस्त 2027 थी।
यूपी, झारखंड, एमपी व राजस्थान समेत देश के विभिन्न राज्यों में ऐसे लाखों शिक्षक हैं जो बगैर टीईटी पास किए वर्षों से स्कूलों में पढ़ा रहे हैं। अब इन टीचरों को 2 साल ( सितंबर 2025 - कोर्ट के फैसले की तिथि से ) में टीईटी पास करना ही होगा वरना या तो इन्हें इस्तीफा देना होगा या फिर इन्हें जबरन रिटायर कर दिया जाएगा। इस कड़े फैसले से सिर्फ उन्हें छूट मिलेगी जिनकी नौकरी 5 साल की बची है। लेकिन इन्हें भी अगर प्रमोशन चाहिए तो टीईटी पास करना ही पड़ेगा।
यूपी में 1.86 लाख शिक्षकों के सामने नौकरी का संकट है। हजारों शिक्षकों के पास तो टीईटी में बैठने की पात्रता ही नहीं है क्योंकि वे ग्रेजुएट ही नहीं हैं।
अब आगे क्या है विकल्प
- केंद्र सरकार अध्यादेश लाकर सेवारत टीचरों को टीईटी अनिवार्यता से राहत दे।
- राज्यों में सीमित विभागीय परीक्षा हो, यानी सेवारत टीचरों की अलग से परीक्षा ली जाए।
- टीईटी पास करने के न्यूनतम अंकों में राहत मिले।
- नियमित अंतराल पर परीक्षा होती रहे।
आगे क्या कदम
देश भर के प्रभावित शिक्षकों ने संसद के मानसून सत्र के बीच जुलाई में देश भर में खासतौर पर दिल्ली में बड़े आंदोलन की योजना बनाई है। शिक्षक संघ केंद्र सरकार से अध्यादेश लाने की मांग करेंगे।
क्या है सीटीईटी परीक्षा
सीटीईटी परीक्षा का पेपर 1 प्राथमिक (कक्षा 1 से 5) तक को और पेपर 2 उच्च प्राथमिक (कक्षा 6 से 8) स्तर के बच्चों को पढ़ाने की पात्रता पाने के लिए होता है।
सीबीएसई हर साल दो बार सीटीईटी परीक्षा आयोजित करता है। पहली परीक्षा जुलाई और दूसरी दिसंबर के महीने में आयोजित की जाती है। सीटेट के पेपर -1 में भाग लेने वाले सफल उम्मीदवार कक्षा 1 से लेकर कक्षा 5 तक के लिए होने वाली शिक्षक भर्ती के लिए योग्य माने जाएंगे। जबकि पेपर -2 में बैठने वाले सफल अभ्यर्थी कक्षा 6 से 8वीं तक के लिए होने वाली शिक्षक भर्ती के लिए योग्य माने जाएंगे। इस परीक्षा को पास करने वाले परीक्षार्थी देशभर के केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और आर्मी स्कूलों में शिक्षकों के पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन कर सकते हैं।
कितने होने चाहिए न्यूनतम मार्क्स
सीटीईटी परीक्षा को पास करने के लिए किसी भी अभ्यर्थी को न्यूनतम योग्यता अंक हासिल करना आवश्यक है।
CTET मिनिमम पासिंग मार्क्स - जनरल कैटेगरी के लिए 150 में कम से कम 90 अंक (60 प्रतिशत ) आने चाहिए, जबकि एससी, एसटी के लिए 150 में से 82 अंक (55 फीसदी ) आने चाहिए।
सीटीईटी सितंबर 2026 की महत्वपूर्ण तिथियां:
ऑनलाइन आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि: 10.06.2026 (रात्रि 23:59 बजे तक)।
शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 10.06.2026 (रात्रि 23:59 बजे तक) (डेबिट/क्रेडिट कार्ड अथवा नेट बैंकिंग के माध्यम से)।
आवेदन में ऑनलाइन सुधार (Correction Window): 15.06.2026 से 18.06.2026 तक।
प्रवेश पत्र (Admit Card) डाउनलोड: परीक्षा के दिन से ठीक दो दिन पूर्व।
परीक्षा की तिथि: 06-09-2026 (रविवार)। (यदि अभ्यर्थियों की संख्या बढ़ती है, तो परीक्षा 05 सितंबर 2026, शनिवार को भी आयोजित की जा सकती है)।
परिणाम की घोषणा: अक्टूबर 2026 के अंत तक (संभावित)
इस बार सीटीईटी में दो बड़े बदलाव
1. इस बार नहीं मिलेगा एग्जाम सिटी चुनने का ऑप्शन
इस बार सीटीईटी का फॉर्म भरते समय आवेदन पोर्टल पर परीक्षा शहर चुनने का कोई विकल्प या प्रावधान नहीं है। CBSE द्वारा उम्मीदवारों को परीक्षा शहर का आवंटन रेंडम बेसिस पर किया जाएगा। परीक्षा शहर बदलने का कोई भी अनुरोध स्वीकार नहीं किया जाएगा
2. अब सीटीईटी 20 की बजाय 27 भाषाओं में होगी
सीटीईटी सितंबर 2026 परीक्षा 20 की बजाय 27 भाषाओं में होगी। यानी 7 भाषाओं को और जोड़ा गया है। सितंबर 2026 की परीक्षा में फरवरी वाली सभी 20 भाषाओं को बरकरार रखा गया है और 7 अतिरिक्त नई भाषाओं को सूची में जोड़ा गया है।
पहले से मौजूद 20 भाषाएं: अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, बंगाली, गारो, गुजराती, कन्नड़, खासी, मलयालम, मणिपुरी, मराठी, मिज़ो, नेपाली, उड़िया, पंजाबी, संस्कृत, तमिल, तेलुगु, तिब्बती और उर्दू।
7 नई जोड़ी गई भाषाएं: बोडो , डोगरी , कश्मीरी , कोंकणी , मैथिली , संथाली , सिंधी
लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी


