CTET Exam 2026: सीटेट पेपर-2 पर बवाल, 2 केंद्रों की परीक्षा रद्द, 15 दिन में री-एग्जाम
CTET Exam 2026: बिहार के वैशाली में CTET पेपर-2 के दौरान हंगामे के बाद 2 परीक्षा केंद्रों पर एग्जाम रद्द कर दिया गया। CBSE ने 15 दिनों के भीतर दोबारा परीक्षा कराने का ऐलान किया।

CTET Exam 2026: CTET पेपर-2 पेपर को लेकर परीक्षा केंद्र पर हंगामा, अभ्यर्थियों की नाराजगी और सोशल मीडिया पर उठते सवालों के बीच अब CBSE की ओर से तस्वीर साफ करने की कोशिश की गई है। CTET पेपर-2 को लेकर बोर्ड ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया है कि देशभर में परीक्षा लगभग पूरी तरह सफल रही, लेकिन वैशाली के दो परीक्षा केंद्रों पर हालात काबू से बाहर हो गए। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने CTET परीक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि देशभर में बनाए गए 1803 परीक्षा केंद्रों में से 1801 केंद्रों पर CTET पेपर-2 की परीक्षा सफलतापूर्वक आयोजित की गई ।
हालांकि बिहार के वैशाली (हाजीपुर) जिले में स्थित दो परीक्षा केंद्रों पर CTET पेपर-2 की परीक्षा नहीं कराई जा सकी। ये दोनों केंद्र सेंट जॉन्स एकेडमी, बसमती नगर (केंद्र कोड 125016) और लक्ष्य इंटरनेशनल एकेडमी (केंद्र कोड 125014) रहे।
क्या बोला CBSE?
CBSE के मुताबिक, इन दोनों केंद्रों पर परीक्षा अपरिहार्य परिस्थितियों के कारण आयोजित नहीं हो पाई। बोर्ड ने यह भी साफ किया है कि इन केंद्रों पर जिन उम्मीदवारों को परीक्षा के लिए आवंटित किया गया था, उनके लिए री-एग्जामिनेशन 15 दिनों के भीतर कराया जाएगा।
बोर्ड ने कहा है कि दोबारा परीक्षा की संशोधित तारीख और समय की जानकारी संबंधित उम्मीदवारों को अलग से दी जाएगी । उम्मीदवारों को किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है, सभी प्रभावित अभ्यर्थियों को दोबारा परीक्षा का पूरा मौका मिलेगा।




