12वीं पास के लिए शानदार मौका! आधार सुपरवाइजर की निकली है नौकरी; यूपी में सबसे ज्यादा पद
csc aadhaar supervisor operator recruitment 2026 : सीएससी ई-गवर्नेंस ने आधार सुपरवाइजर और ऑपरेटर के 120 पदों पर बंपर भर्ती निकाली है। 12वीं पास और UIDAI सर्टिफिकेट धारक 20 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भर सकते हैं।

csc aadhaar supervisor operator recruitment 2026 : अगर आप भी लंबे समय से किसी शानदार मौके की तलाश में हैं और 12वीं पास कर चुके हैं तो आपके लिए एक बेहद अच्छी खबर सामने आई है। सीएससी ई-गवर्नेंस (CSC e-Governance) इंडिया ने एक बेहतरीन रोजगार का मौका दिया है। सीएससी ने देशभर में आधार सुपरवाइजर और आधार ऑपरेटर के पदों पर बंपर भर्ती का ऐलान किया है। इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 120 खाली पदों को भरा जाना है। जो भी उम्मीदवार इन पदों पर काम करने की इच्छा रखते हैं वो आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना फॉर्म भर सकते हैं। आइए इस नौकरी से जुड़ी बातों के बारे में बारीकियों से समझते हैं।
आवेदन की जरूरी तारीखें क्या हैं?
अगर आप इस नौकरी के लिए अप्लाई करने का मन बना रहे हैं, तो सबसे पहले तारीखों को डायरी में नोट कर लें। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 2 अप्रैल 2026 से ही शुरू कर दी गई है। फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 20 अप्रैल 2026 तय की गई है। इसके बाद किसी भी उम्मीदवार का आवेदन कुबूल नहीं किया जाएगा। इसलिए बेहतर यही है कि आखिरी मिनट की हड़बड़ी और सर्वर डाउन होने की परेशानी से बचने के लिए समय रहते csc.gov.in पर अपना रजिस्ट्रेशन मुकम्मल कर लें।
कौन कर सकता है अप्लाई?
अब बात करते हैं कि इस नौकरी के लिए कौन-कौन दावेदार हो सकता है। उम्र की बात करें तो इस पद के लिए उम्मीदवार की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए। अधिकतम उम्र सीमा और उसमें मिलने वाली रियायतें सरकारी नियमों के हिसाब से तय की गई हैं।
पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो जो भी उम्मीदवार किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (इंटरमीडिएट) का इम्तिहान पास कर चुके हैं, वो इसके लिए आराम से अप्लाई कर सकते हैं। इसके अलावा अगर आपने 10वीं के बाद दो साल का आईटीआई (ITI) कोर्स या फिर तीन साल का पॉलिटेक्निक डिप्लोमा कर रखा है, तो भी आप पूरी तरह से योग्य माने जाएंगे।
लेकिन ध्यान रहे, इसके साथ एक बेहद जरूरी शर्त जुड़ी हुई है। आपके पास UIDAI की तरफ से अधिकृत टेस्टिंग और सर्टिफाइंग एजेंसी द्वारा जारी किया गया 'आधार ऑपरेटर या सुपरवाइजर का सर्टिफिकेट' होना लाजमी है। साथ ही आपको कंप्यूटर चलाने की भी बेसिक समझ होनी चाहिए, क्योंकि आपका सारा काम कंप्यूटर पर ही होगा।
कहां कितनी जगह खाली है?
इस भर्ती के तहत देश के 9 अलग-अलग राज्यों में कुल 120 उम्मीदवारों को चुना जाएगा। सबसे ज्यादा वैकेंसी उत्तर प्रदेश के लिए हैं, जहां 30 पदों पर भर्तियां होनी हैं। आइए देखते हैं किस राज्य में कितनी जगह खाली है:
- उत्तर प्रदेश: 30 पद
- महाराष्ट्र: 24 पद
- छत्तीसगढ़: 24 पद
- बिहार: 14 पद
- पश्चिम बंगाल: 10 पद
- पंजाब: 08 पद
- गुजरात: 08 पद
- गोवा: 01 पद
- उत्तराखंड: 01 पद
कितनी मिलेगी सैलरी?
सैलरी के मामले में भी यह एक बेहतरीन विकल्प है। चुने गए उम्मीदवारों को संबंधित राज्य के सेमी-स्किल्ड मैनपावर के लिए तय किए गए न्यूनतम वेतन के हिसाब से पगार दी जाएगी, जो कि एक सम्मानजनक रकम होती है।
अगर आप आधार सुपरवाइजर का एग्जाम देने की सोच रहे हैं, तो आपको UIDAI के NSEIT पोर्टल के जरिए आवेदन करना होगा। जब स्टेट टीम से आपके अनुरोध को मंजूरी मिल जाएगी, तभी आप इस इम्तिहान में बैठ पाएंगे। इसके अलावा LMS सर्टिफिकेशन के लिए आपको ई-लर्निंग पोर्टल (e-learning.uidai.gov.in) पर जाकर अपना आईडी और पासवर्ड बनाना होगा।
फॉर्म कैसे भरें?
आवेदन करने की प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। आप घर बैठे अपने लैपटॉप या मोबाइल से इन आसान स्टेप्स को फॉलो करके फॉर्म भर सकते हैं -
1. सबसे पहले सीएससी ई-गवर्नेंस की ऑफिशियल वेबसाइट csc.gov.in पर जाएं।
2. होमपेज पर आपको 'Recruitment' या 'Latest Opening' का सेक्शन नजर आएगा, वहां क्लिक करें।
3. वहां "CSC e‑Governance Services Indian Aadhaar Supervisor/ Operator Recruitment 2026" वाले लिंक को ढूंढकर उस पर जाएं और 'Apply Online' बटन दबाएं।
4. अगर आप पहली बार साइट पर आए हैं, तो 'New Registration' पर क्लिक करें। अपना नाम, मोबाइल नंबर, ईमेल और जन्म तिथि जैसी जरूरी चीजें दर्ज करके अपना रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड बना लें।
5. इसके बाद अपने आईडी-पासवर्ड से लॉगिन करें और एप्लीकेशन फॉर्म में अपनी निजी और शैक्षणिक जानकारी बहुत ही ध्यान से भरें।
6. फॉर्म में मांगे गए अपने तमाम दस्तावेज जैसे- पासपोर्ट साइज फोटो, साइन, 10वीं/12वीं/ITI की मार्कशीट और UIDAI वाला आधार ऑपरेटर सर्टिफिकेट तय साइज में अपलोड करें।
7. अगर नोटिफिकेशन में कोई आवेदन फीस मांगी गई है, तो उसका ऑनलाइन पेमेंट करें।
8. फॉर्म को फाइनल सबमिट करने से पहले एक बार उसका पूरा 'Preview' देख लें कि कहीं कोई गलती तो नहीं हुई है। सब कुछ सही होने पर फॉर्म सबमिट कर दें और भविष्य के लिए उसका एक प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


