Hindi Newsकरियर न्यूज़CSBC Bihar Police Exam: Bihar Police Constable recruitment exam today know rules timing time guidelines instructions
CSBC Bihar Police Exam : बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आज, जानें एंट्री टाइम समेत सभी नियम

CSBC Bihar Police Exam : बिहार पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा आज, जानें एंट्री टाइम समेत सभी नियम

संक्षेप:

CSBC Bihar Police Constable Exam : केन्द्रीय चयन पर्षद सिपाही भर्ती की बिहार पुलिस व बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में कांस्टेबल ड्राइवर भर्ती परीक्षा आज राज्य के विभिन्न केंद्रों पर होगी। केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि ओएमआर शीट के साथ प्रश्नपत्र भी परीक्षार्थियों से वापस ले लिया जाए।

Dec 10, 2025 06:07 am ISTPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

CSBC Bihar Police Constable Exam : केन्द्रीय चयन पर्षद सिपाही भर्ती की बिहार पुलिस व बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस में कांस्टेबल ड्राइवर भर्ती परीक्षा आज राज्य के विभिन्न केंद्रों पर होगी। परीक्षा में अभ्यर्थियों के दोनों हाथों के अंगूठे का निशान लिया जाएगा। बुधवार को 27 केन्द्रों पर आयोजित परीक्षा को लेकर यह निर्देश दिया गया है। कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों के प्रवेश का रिपोर्टिंग टाइम 9.30 से रखा गया है। 10.30 के बाद किसी परीक्षार्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मुजफ्फरपुर जिले में 15 हजार अभ्यर्थी इस परीक्षा में शामिल होंगे। सभी परीक्षा केंद्र पर जैमर एवं सीसीटीवी लगाए जाएंगे। परीक्षा कक्ष में दीवाल घड़ी लगेगी। परीक्षा अवधि में वीडियो ग्राफी करायी जाएगी।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

क्या हैं गाइडलाइंस

ई-प्रवेश पत्र व वैद्य फोटो पहचान पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा केन्द्र के अंदर अभ्यर्थियों को मोबाइल, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, स्मार्टवॉच, डिजिटल डायरी, पॉमटॉप, पीडीए समेत सभी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, लिखित सामग्री, सादा कागज व क्लिपबोर्ड ले जाने की मनाही है। अभ्यर्थियों को स्वयं पेन लाने की अनुमति नहीं है। कलम ओएमआर शीट के साथ सीलबंद बॉक्स में उपलब्ध करायी जाएगी और उसी का उपयोग अनिवार्य होगा। परीक्षा समाप्ति के बाद प्रश्न-पुस्तिका व ओएमआर शीट केंद्र से बाहर ले जाना पूर्णतः वर्जित है। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों के दोनों हाथों के अंगूठों के निशान का डिजिटल सत्यापन, फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की जाएगी।

विभिन्न जिलों से परीक्षार्थी देर रात ही पहुंचे जंक्शन पर डेरा डाले हुए थे। वहीं, केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि ओएमआर शीट के साथ प्रश्नपत्र भी परीक्षार्थियों से वापस ले लिया जाए। परीक्षा शुरू होने के शुरुआती एक घंटे तक केन्द्राधीक्षक और वीक्षक भी मोबाइल नहीं रखेंगे। वीक्षकों को कक्ष का आवंटन परीक्षा शुरू होने के कुछ देर पहले होगा। परीक्षा एक पाली में दोपहर 12 से दो बजे तक होगी। सभी सवाल ऑब्जेक्टिव होंगे।

ये भी पढ़ें:अटकी बिहार पुलिस कांस्टेबल समेत 25847 भर्ती अब जल्द पूरी होगी,कहां कितनी वैकेंसी

11.30 में परीक्षार्थियों के सामने खोला जाएगा सीलबंद बैग

केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि 9.30 में परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश करा देना है। दो बजे से पहले कोई भी अभ्यर्थी केन्द्र से बाहर नहीं जा सकेंगे। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पीने के पानी की समुचित व्यवस्था रखने का निर्देश दिया गया है। किसी परीक्षार्थी के एडमिट कार्ड पर पिता या किसी अन्य नाम में स्पेलिंग मिस्टेक पर उन्हें परीक्षा में शमिल होने से रोका नहीं जाएगा। ऐसे परीक्षार्थियों से एक आवेदन ले लिया जाएगा। सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट को तीन घंटे पहले हर हाल में परीक्षा केन्द्र पर पहुंच जाना है।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay
पंकज विजय लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर हैं। यहां वह करियर, एजुकेशन, जॉब्स से जुड़ी खबरें देखते हैं। पंकज को पत्रकारिता में डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने एनडीटीवी डिजिटल, आजतक डिजिटल, अमर उजाला समाचार पत्र में काम किया। करियर-एजुकेशन-जॉब्स के अलावा वह विभिन्न संस्थानों में देश-विदेश, राजनीति, रिसर्च व धर्म से जुड़ी बीट पर भी काम कर चुके हैं। भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा व डीयू से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।