खुशखबरी! CRPF कांस्टेबल के 9175 पदों पर बंपर भर्तियां, यूपी में 1215, बिहार में 694 पोस्ट; जानिए कब से होंगे आवेदन

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने कांस्टेबल और ट्रेड्समैन के 9175 पदों पर बंपर भर्तियां निकाली हैं, आवेदन 20 अप्रैल 2026 से शुरू होंगे। 10वीं पास युवाओं के लिए यह सरकारी नौकरी पाने का शानदार मौका है।

खुशखबरी! CRPF कांस्टेबल के 9175 पदों पर बंपर भर्तियां, यूपी में 1215, बिहार में 694 पोस्ट; जानिए कब से होंगे आवेदन

अगर आप भी देश की हिफाजत करने का जज्बा रखते हैं और वर्दी वाली सरकारी नौकरी की ख्वाहिश आपके मन में है तो आपके लिए एक बेहद ही शानदार खबर है। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने युवाओं को एक बड़ा तोहफा देते हुए कांस्टेबल (टेक्निकल और ट्रेड्समैन) के 9175 पदों पर बंपर भर्तियां निकाली हैं। बेरोजगारी के इस दौर में 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए यह किसी सुनेहरे मौके से कम नहीं है। सबसे खास बात यह है कि इन बंपर भर्तियों में उत्तर प्रदेश और बिहार के युवाओं के लिए अच्छी-खासी सीटें रखी गई हैं। नोटिफिकेशन के मुताबिक, यूपी के खाते में 1215 और बिहार के हिस्से में 694 पद आए हैं। यह भर्ती महिला और पुरुष दोनों उम्मीदवारों के लिए है इसलिए बेटियों के लिए भी यह सेना में जाकर अपना दमखम दिखाने का एक बेहतरीन मौका है। चूंकि आज 13 अप्रैल है ऐसे में आपको बता दें कि आवेदन की प्रक्रिया ठीक एक हफ्ते बाद यानी 20 अप्रैल 2026 से शुरू हो जाएगी।

पदों का पूरा ब्योरा

CRPF ने इन 9175 पदों को दो हिस्सों में बांटा है। इनमें पुरुष उम्मीदवारों के लिए 9096 पद और महिलाओं के लिए 79 पद आरक्षित किए गए हैं। शुरुआत में यह नौकरी अस्थायी होगी, लेकिन बाद में काम और जरूरत को देखते हुए इसे परमानेंट किया जा सकता है। अगर हम पुरुष वर्ग की बात करें तो सबसे ज्यादा 3176 पद ड्राइवर के लिए हैं। इसके अलावा कुक (1426), बगलर (1263), मोटर मैकेनिक (739), सफाई कर्मचारी (547), वाटर कैरियर (502), वॉशरमैन (363), बार्बर (231), टेलर (195), ब्रास बैंड (157), माली (141), कारपेंटर (123), कॉब्लर (118), गार्डनर (92), पेंटर (83) और पाइप बैंड के 32 पद शामिल हैं। वहीं महिलाओं के लिए वाटर कैरियर के 27, ब्रास बैंड के 18, पाइप बैंड के 16, बगलर के 11, हेयर ड्रेसर के 3, टेलर के 2 और माली व पेंटर के लिए 1-1 पद रखा गया है।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवार का किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही जिस ट्रेड के लिए आप अप्लाई कर रहे हैं, उस काम में आपकी अच्छी पकड़ और जानकारी होनी चाहिए। अगर आप ड्राइवर पद के लिए फॉर्म भर रहे हैं, तो आपके पास हैवी ड्राइविंग लाइसेंस (HMV) होना लाजिमी है और आपको ड्राइविंग टेस्ट भी पास करना होगा। वहीं मोटर मैकेनिक के लिए 10वीं के साथ-साथ संबंधित ट्रेड में 2 साल का ITI सर्टिफिकेट या 3 साल का अप्रेंटिस और एक साल का अनुभव मांगा गया है। उम्र की बात करें तो ड्राइवर पद के लिए आयु 21 से 27 साल के बीच होनी चाहिए। बाकी सभी ट्रेड के लिए उम्र 18 से 23 साल तय की गई है। उम्र की गणना 01 जनवरी 2026 को आधार मानकर की जाएगी। सरकारी नियमों के मुताबिक, ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को उम्र में 3 साल और एससी/एसटी वर्ग को 5 साल की खास छूट भी मिलेगी।

चयन की प्रक्रिया

इस भर्ती में सेलेक्शन का तरीका काफी पारदर्शी और कई चरणों में बंटा हुआ है। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित ऑनलाइन परीक्षा (CBT) होगी। इसे पास करने वालों को शारीरिक मानक परीक्षण (PST) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) से गुजरना होगा। इसके बाद ट्रेड टेस्ट, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और सबसे आखिर में मेडिकल टेस्ट होगा। फिजिकल की बात करें तो पुरुषों की लंबाई कम से कम 170 सेंटीमीटर और महिलाओं की 157 सेंटीमीटर होनी चाहिए। पुरुषों का सीना बिना फुलाए 80 सेमी और फुलाने पर 5 सेमी का फैलाव जरूरी है। वजन आपकी लंबाई और उम्र के हिसाब से मापा जाएगा। दौड़ के नियम ट्रेड के हिसाब से अलग-अलग हैं। कुछ खास ट्रेड में पुरुषों को 24 मिनट में 5 किलोमीटर भागना होगा, जबकि महिलाओं को 8 मिनट 30 सेकंड में 1.6 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। वहीं कुछ अन्य ट्रेड के लिए पुरुषों को 10 मिनट में 1.6 किलोमीटर और महिलाओं को 12 मिनट में यह दूरी तय करनी होगी। इसलिए बेहतर होगा कि आप अभी से मैदान में पसीना बहाना शुरू कर दें।

कितनी मिलेगी सैलरी और कैसे भरें फॉर्म?

चुने गए उम्मीदवारों को लेवल-3 के तहत 21,700 रुपये से लेकर 69,100 रुपये तक का शानदार वेतनमान मिलेगा। इसके अलावा कई तरह के सरकारी भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन से जुड़ी अहम तारीखें और फीस -

  • ऑनलाइन आवेदन शुरू: 20 अप्रैल 2026
  • फॉर्म भरने की आखिरी तारीख: 19 मई 2026

आवेदन शुल्क: जनरल, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के लिए 100 रुपये। (एससी/एसटी वर्ग और सभी महिलाओं के लिए यह फॉर्म एकदम मुफ्त है)।

ऐसे करें अप्लाई

फॉर्म भरने के लिए आपको CRPF की आधिकारिक वेबसाइट rect.crpf.gov.in पर जाना होगा। वहां रिक्रूटमेंट सेक्शन में जाकर 2026 की इस भर्ती का नोटिफिकेशन डाउनलोड करें और उसे तसल्ली से पढ़ें। अपनी योग्यता जांचने के बाद 'अप्लाई ऑनलाइन' लिंक पर क्लिक करें। अपनी सारी जानकारी सही-सही भरें, जरूरी डॉक्यूमेंट्स अपलोड करें और फीस जमा करके फॉर्म सबमिट कर दें। भविष्य के लिए इसका एक प्रिंटआउट अपने पास जरूर रख लें। किसी भी तरह की परेशानी होने पर आप हेल्पलाइन नंबर 011-26160255 पर कॉल करके मदद ले सकते हैं।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।