कौवे को राष्ट्रीय पक्षी और पिथौरागढ़ में जोजिला पास बताने की गलती, BEd MEd एंट्रेंस आंसर-की में कई खामियां
देश का राष्ट्रीय पक्षी कौआ है। उत्तराखंड क्षेत्रफल के लिहाज से देश का सबसे छोटा राज्य है। उत्तराखंड में 16 अगस्त को हुई संयुक्त बीएड-एमएड प्रवेश परीक्षा की जो उत्तरपुस्तिका सामने आई है, ये उसके जवाब हैं।

देश का राष्ट्रीय पक्षी कौआ है। उत्तराखंड क्षेत्रफल के लिहाज से देश का सबसे छोटा राज्य है। भारत से लगी सबसे लंबी सीमा वाला देश पाकिस्तान है। कोई भी पढ़ा-लिखा व्यक्ति ऐसे वाक्य देखकर हैरत में पड़ जाएगा। उत्तराखंड में 16 अगस्त को हुई संयुक्त बीएड-एमएड प्रवेश परीक्षा की जो उत्तरपुस्तिका सामने आई है, ये उसके जवाब हैं। इन जवाबों देखकर अभी तक परीक्षा देने वाले पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राएं हैरत में हैं। हालांकि ऐसे बेतुके उत्तरों पर विश्वविद्यालय प्रशासन का जवाब यह है कि तकनीकी खामी के चलते ये अपलोड हो गए थे। विश्वविद्यालय ने इसे वेबसाइट से हटाकर नई पुस्तिका अपलोड कर दी है। अल्मोड़ा के सोबन सिंह जीना (एसएसजे) विश्वविद्यालय को स्वयं समेत कुमाऊं विश्वविद्यालय और श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय में बीएड व एमएड में प्रवेश की संयुक्त परीक्षा कराने का जिम्मा मिला था। 17 अगस्त को उत्तर पुस्तिका ऑनलाइन हुई तो विद्यार्थियों के होश उड़ गए। सेक्शन ‘ए’ को छोड़कर ‘बी’, ‘सी’ और ‘डी’ में सभी प्रश्नों के उत्तर गलत के साथ बेतुके भी दिखाए गए थे।
‘जोजिला दर्रे को पिथौरागढ़ में बताना गंभीर भूल’
हाईकोर्ट के अधिवक्ता विनोद चंद्र तिवारी का कहना है कि प्रतियोगी परीक्षा की आंसर की में लद्दाख के जोजिला दर्रे को उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में स्थित बताना एक गंभीर तथ्यात्मक भूल है। हाईकोर्ट ने कुलदीप राठी और शशांक पंत तथा सुप्रीम कोर्ट ने यूपी पब्लिक सर्विस कमीशन बनाम राहुल सिंह मामले में यह व्यवस्था दी है कि यदि प्रश्न या उत्तर वस्तुनिष्ठ रूप से पूरी तरह गलत प्रमाणित होता है, तो अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए कोर्ट की ओर से न्यायिक हस्तक्षेप किया जा सकता है। परीक्षा की शुचिता केवल नकल रोकने से नहीं, बल्कि पारदर्शी प्रक्रिया से ही सुनिश्चित होगी।
एफआरआई का मुख्यालय हल्द्वानी में दिखाया
सेक्शन डी की आंसर की में भारत का राष्ट्रीय पक्षी कौआ बता दिया गया। एफआरआई का मुख्यालय हल्द्वानी, उत्तराखंड में राज्यसभा की कुल सीटें दो और पिथौरागढ़ को तिब्बत से जोड़ने वाले दर्रे को जोजीला दिखा दिया। जबकि भारत का राष्ट्रीय पक्षी मोर, एफआरआई देहरादून में, राज्यसभा सांसद तीन और पिथौरागढ़ को तिब्बत से जोड़ने वाला दर्रा लिपूलेख है। भारत को जोड़ने वाली सबसे लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा में बांग्लादेश की जगह पाकिस्तान किर दिया गया।
आंसर-की जारी होने के बाद अभ्यर्थियों की ओर से शिकायतें मिलनी शुरू हो गई थीं। आंसर-की में गलत उत्तर अपलोड करना बड़ी लापरवाही है। मामले की सूचना विश्वविद्यालय को दे दी गई है। - लोकेश सुप्याल, छात्रसंघ अध्यक्ष, एसएसजे परिसर


