कोचीन शिपयार्ड में ITI नौकरियों की बड़ी भर्ती, मौका हाथ से न जाने दें!

Feb 09, 2026 01:27 pm ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

आईटीआई पास उम्मीदवारों के लिए कोचीन शिपयार्ड की यह भर्ती सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका है, जहां अच्छी सैलरी और स्थिर काम का भरोसा मिलता है।

कोचीन शिपयार्ड में ITI नौकरियों की बड़ी भर्ती, मौका हाथ से न जाने दें!

आईटीआई पास उम्मीदवारों के लिए साल 2026 की यह भर्ती बेहद खास मानी जा रही है। कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड ने फैब्रिकेशन असिस्टेंट और आउटफिट असिस्टेंट के कुल 260 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। यह भर्ती उन युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है जो शिपयार्ड सेक्टर में स्थिर और अच्छी सैलरी वाली सरकारी नौकरी पाना चाहते हैं। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 21 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 16 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती अभियान के तहत फैब्रिकेशन असिस्टेंट के 113 पद और आउटफिट असिस्टेंट के 147 पद भरे जाएंगे। फैब्रिकेशन असिस्टेंट के अंतर्गत शीट मेटल वर्कर और वेल्डर के पद शामिल हैं, जबकि आउटफिट असिस्टेंट के तहत फिटर, इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक डीजल, मैकेनिक मोटर व्हीकल, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, पेंटर, मशीनिस्ट, क्रेन ऑपरेटर, इंस्ट्रूमेंट मैकेनिक, प्लंबर और शिपराइट वुड जैसे कई ट्रेड्स में भर्ती की जाएगी। इस तरह अलग-अलग आईटीआई ट्रेड वाले उम्मीदवारों के लिए मौके उपलब्ध हैं।

क्या होनी चाहिए योग्यता?

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो उम्मीदवार का दसवीं पास होना जरूरी है और साथ ही संबंधित ट्रेड में आईटीआई एनटीसी सर्टिफिकेट होना चाहिए। इसके अलावा न्यूनतम तीन साल का पोस्ट-क्वालिफिकेशन अनुभव अनिवार्य रखा गया है। अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग को भी अनुभव में गिना जाएगा, लेकिन उससे सैलरी तय नहीं होगी। अनुभव की गणना 7 फरवरी 2026 तक की जाएगी, इसलिए उम्मीदवारों को अपने दस्तावेज उसी हिसाब से तैयार रखने चाहिए।

चयनित उम्मीदवारों को शुरुआती तौर पर 23,300 रुपये प्रति माह का बेसिक कंसोलिडेट वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा अतिरिक्त काम के लिए अधिकतम 5,830 रुपये तक का भुगतान भी किया जा सकता है। इस तरह कुल मासिक सैलरी 29,130 रुपये तक पहुंच सकती है। अगर किसी उम्मीदवार के पास कोचीन शिपयार्ड या किसी अन्य बड़े शिपयार्ड में अतिरिक्त अनुभव है, तो उसे इससे ज्यादा वेतन भी मिल सकता है।

उम्र सीमा की बात करें तो सामान्य श्रेणी के उम्मीदवारों के लिए अधिकतम उम्र 45 साल तय की गई है, जिसकी गणना 7 फरवरी 2026 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार उम्र में छूट मिलेगी। ओबीसी उम्मीदवारों को तीन साल और एससी-एसटी उम्मीदवारों को पांच साल की छूट दी जाएगी, जबकि दिव्यांग और पूर्व सैनिकों को भी निर्धारित नियमों के तहत राहत मिलेगी।

आवेदन शुल्क सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 300 रुपये रखा गया है, जबकि एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों को किसी भी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही किया जा सकता है और बिना शुल्क जमा किए आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

क्या है चयन की प्रक्रिया?

चयन प्रक्रिया पूरी तरह प्रैक्टिकल टेस्ट पर आधारित होगी, जो कुल 100 अंकों का होगा। अलग-अलग श्रेणियों के लिए न्यूनतम पास अंक तय किए गए हैं। प्रैक्टिकल टेस्ट में सफल उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट बनाई जाएगी और उसी के आधार पर नियुक्ति की जाएगी। बराबर अंक होने की स्थिति में उम्र में बड़े उम्मीदवार को प्राथमिकता दी जाएगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को कोचीन शिपयार्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा और फिर ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरना होगा। सभी जरूरी प्रमाण पत्र, फोटो और दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य है। आवेदन सबमिट करने के बाद उसका प्रिंट या सॉफ्ट कॉपी संभालकर रखना जरूरी है, क्योंकि आगे की प्रक्रिया में इसकी जरूरत पड़ सकती है।

कुल मिलाकर, आईटीआई पास युवाओं के लिए कोचीन शिपयार्ड की यह भर्ती एक मजबूत सरकारी करियर की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकती है। अच्छी सैलरी, प्रतिष्ठित संस्थान और तकनीकी क्षेत्र में काम करने का मौका इस भर्ती को और भी खास बनाता है।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, Bihar Board Result 2026, CBSE Board Result 2026, UP Board Result 2026 और सरकारी जॉब अपडेट्स हिंदी में पाने के लिए आज ही Live Hindustan App डाउनलोड करें।