ICSE , ISC Result 2026 को लेकर क्या अपडेट, जानें कब तक जारी होंगे 10वीं-12वीं के नतीजे

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share

ICSE और ISC बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजों का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर है, CISCE जल्द ही 10वीं और 12वीं के रिजल्ट जारी करने वाला है।

ICSE , ISC Result 2026 को लेकर क्या अपडेट, जानें कब तक जारी होंगे 10वीं-12वीं के नतीजे

जैसे-जैसे अप्रैल का महीना आगे बढ़ रहा है काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (CISCE) के 10वीं और 12वीं के छात्रों के दिलों की धड़कनें भी तेज होती जा रही हैं। इम्तिहान खत्म होने के बाद अब हर किसी की जुबान पर बस एक ही सवाल है कि आखिर ICSE (कक्षा 10) और ISC (कक्षा 12) के नतीजे कब आएंगे? अगर आपने भी इस साल बोर्ड की परीक्षाएं दी हैं और अपने स्कोरकार्ड का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए कुछ बेहद अहम अपडेट्स सामने आ रहे हैं। इस साल ICSE कक्षा 10 की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू होकर 30 मार्च 2026 तक चली थीं। वहीं, दूसरी ओर ISC कक्षा 12 के इम्तिहान 12 फरवरी को शुरू हुए थे और 3 अप्रैल 2026 को खत्म हुए थे। परीक्षा खत्म होने के फौरन बाद ही कॉपियों की चेकिंग का काम जोरों-शोरों से शुरू कर दिया गया था। ताजा जानकारी के मुताबिक, मूल्यांकन की प्रक्रिया अब अपने बिल्कुल आखिरी पड़ाव पर है।

कब आ सकते हैं नतीजे?

भले ही बोर्ड की तरफ से अभी तक रिजल्ट की तारीख और समय को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन अंदरूनी सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नतीजे किसी भी वक्त जारी किए जा सकते हैं। अक्सर यह देखा गया है कि CISCE परीक्षा खत्म होने के लगभग एक महीने के भीतर रिजल्ट घोषित कर देता है।

पिछले कुछ सालों के रुझानों पर नजर डालें तो बोर्ड आमतौर पर अप्रैल के आखिरी हफ्ते या मई के पहले हफ्ते में नतीजे जारी करता रहा है। साल 2024 और 2025 में नतीजे 6 मई को आए थे, जबकि 2023 में 14 मई को रिजल्ट जारी किया गया था। हालांकि, इस बार कॉपियों की चेकिंग काफी तेजी से हुई है, इसलिए पूरी उम्मीद जताई जा रही है कि अप्रैल के आखिरी सप्ताह (25 से 30 अप्रैल के बीच) तक नतीजे छात्रों के सामने होंगे। अगर किसी तकनीकी या प्रशासनिक वजह से देरी होती है, तो भी मई के पहले हफ्ते तक स्कोरकार्ड पक्के तौर पर जारी कर दिए जाएंगे। अच्छी बात यह है कि बोर्ड 10वीं और 12वीं के नतीजे एक ही दिन जारी करता है।

कहां और कैसे चेक कर सकेंगे अपना रिजल्ट?

रिजल्ट जारी होने वाले दिन वेबसाइट पर अचानक से काफी ट्रैफिक आ जाता है, जिस वजह से साइट क्रैश होने या धीमी चलने की दिक्कत आम है। छात्रों की सहूलियत के लिए बोर्ड कई अलग-अलग माध्यमों से नतीजे चेक करने की सुविधा देता है। ऑनलाइन रिजल्ट चेक करने के लिए छात्रों को मुख्य रूप से दो आधिकारिक वेबसाइट्स पर नजर बनाए रखनी होगी -

1. cisce.org

2. results.cisce.org

स्कोरकार्ड डाउनलोड करने का सीधा और आसान तरीका

नतीजे वाले दिन किसी भी तरह की हड़बड़ाहट से बचने के लिए, आप नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो कर सकते हैं:

सबसे पहले बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.cisce.org पर जाएं।

होमपेज खुलने के बाद, आपको कोर्स चुनने का विकल्प मिलेगा। वहां अपनी क्लास के हिसाब से 'ICSE' या 'ISC' पर क्लिक करें।

अब आपकी स्क्रीन पर एक लॉगिन विंडो खुलेगी। यहां आपको अपना 7 अंकों का 'यूनिक आईडी' (UID) और 'इंडेक्स नंबर' डालना होगा।

इसके बाद स्क्रीन पर दिख रहे कैप्चा कोड को ध्यान से भरें और 'सबमिट' बटन पर क्लिक कर दें।

ऐसा करते ही आपका स्कोरकार्ड आपकी स्क्रीन पर आ जाएगा।

भविष्य के लिए इस डिजिटल मार्कशीट को डाउनलोड कर लें और इसका एक प्रिंटआउट भी निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें।

इंटरनेट न होने पर SMS से भी चेक कर सकते हैं रिजल्ट

अगर रिजल्ट वाले दिन आपके पास इंटरनेट की सुविधा नहीं है या वेबसाइट काम नहीं कर रही है, तो आपको परेशान होने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं है। आप एक मामूली से SMS के जरिए भी अपने नंबर जान सकते हैं।

10वीं के छात्रों को अपने फोन के मैसेज बॉक्स में जाकर लिखना होगा: ICSE <स्पेस> <अपना 7 अंकों का Unique ID>

12वीं के छात्रों को टाइप करना होगा: ISC <स्पेस> <अपना 7 अंकों का Unique ID>

इस मैसेज को टाइप करने के बाद आपको इसे 09248082883 पर भेज देना है। चंद मिनटों के भीतर ही आपके हर विषय के नंबर और पास/फेल का स्टेटस आपके मोबाइल पर मैसेज के रूप में आ जाएगा।

DigiLocker से भी मिलेगी मार्कशीट

आजकल डिजिटल दस्तावेजों का चलन है और बोर्ड भी इसे बढ़ावा दे रहा है। छात्र भारत सरकार के डिजिलॉकर ऐप या वेबसाइट (digilocker.gov.in) पर जाकर भी अपनी पक्की और वेरिफाइड डिजिटल मार्कशीट हासिल कर सकते हैं। इसके लिए बस आपको अपने आधार कार्ड या रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा। एजुकेशन सेक्शन में जाकर CISCE को चुनें और अपनी डिटेल्स डालकर मार्कशीट अपने लॉकर में सेव कर लें।

जरूरी सलाह

फिलहाल सभी छात्रों को हमारी यही सलाह है कि वो अपना एडमिट कार्ड (जिस पर UID और इंडेक्स नंबर लिखा होता है) अभी से खोजकर सुरक्षित जगह पर रख लें। कई बार बच्चे ऐन मौके पर अपना रोल नंबर भूल जाते हैं या एडमिट कार्ड गुम कर देते हैं, जिससे उन्हें बाद में काफी परेशानी उठानी पड़ती है। बोर्ड किसी भी वक्त अचानक रिजल्ट का ऐलान कर सकता है, इसलिए आधिकारिक वेबसाइट पर रोजाना एक बार नजर जरूर डालते रहें। तनाव बिल्कुल न लें और आने वाले नतीजों के लिए सकारात्मक सोच बनाए रखें।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।