दादा चंबल के डाकू, पोते ने पहले IIT निकाला और फिर UPSC पास कर बना रेलवे में अफसर
चंबल से ताल्लुक रखने वाले प्रभाकर सिंह तोमर पहले आईआईटी जाकर बड़े इंजीनियर बने और फिर यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा क्रैक कर सरकार में अफसर बन गए हैं।

एक वक्त था जब मध्य प्रदेश के चंबल की पहचान बीहड़ों में गूंजती गोलियों की आवाज, डाकुओं के नाम से कांपते गांव और सूरज ढलते ही वीरान हो जाने वाले इलाके के रूप में होती थी। लेकिन आज यहां के युवा डकैतों के गढ़ से बदनाम अपने क्षेत्र की पहचान बदल रहे हैं। इसी चंबल से ताल्लुक रखने वाले होनहार और प्रतिभाशाली देव प्रभाकर सिंह तोमर पहले आईआईटी जाकर बड़े इंजीनियर बने और फिर यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा क्रैक कर सरकार में अफसर बन गए हैं। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया 629वीं रैंक हासिल की। देव प्रभाकर की कहानी उन लाखों युवाओं के सामने प्रेरणा हैं जो घर परिवार की विपरीत परिस्थितियों के बीच कामयाबी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
दादा और चाचा चंबल के बागी रहे
देव प्रभाकर के दादा को सरकारी रिकॉर्ड चंबल के डकैत के तौर पर बताता है। दशकों पहले उनके दादा को चंबल का डकैत कहा जाता था। चाचा भी बागी हो गए थे। लेकिन प्रभाकर और उनका परिवार उन्हें बागी कहते हैं। जोश टॉक्स से बात करते हुए तोमर ने बताया कि उनके दादाजी लगभग 75 साल पहले पारिवारिक समस्याओं और उस समय सरकार के साथ हुए विवादों के कारण बागी बन गए थे। तब घर में खाने-पीने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता था। दो वक्त की रोटी भी सुकून से नहीं मिल सकती थी।
प्रभाकर के पिता ने चुनी अलग रहा
देव प्रभाकर के पिता को कुछ अलग करना था और इस दलदल से निकलना था। ऐसे में वो अपना गांव छोड़कर ग्वालियर चले गए। वहां उन्होंने शिक्षा को चुना। पढ़ाई पूरी की और बाद में टीचर बन गए। प्रभाकर के पिता के टीचर बनने के बाद स्थिति सामान्य हुई। प्रभाकर ने भी अपने पिता की तरह पढ़ाई का रास्ता चुना।
इंग्लिश मीडियम की पढ़ाई बनी चुनौती
प्रभाकर ने शुरुआती 5वीं तक की पढ़ाई एमपी बोर्ड के स्कूल से की। छठी कक्षा में उनका दाखिला सीबीएसई स्कूल में कराया गया, जहां ग्रामीण माहौल के कारण उन्हें भाषा और माहौल में ढलने में काफी दिक्कतें हुईं। अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई करने में काफी समस्या होती थी। फिर बाद में चीजें आसान हो गईं।
घर से तैयारी कर IIT क्रैक किया
देव प्रभाकर ने 11वीं क्लास तक आते-आते उन्होंने करियर के तौर पर इंजीनियरिंग के बारे में सोचना शुरू कर दिया, इंजीनियरिंग एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी शुरू की और IIT में दिलचस्पी लेने लगे। 11वीं-12वीं में दोस्तों को बड़ी कोचिंग में जाता देख आर्थिक तंगी के कारण वे कोटा नहीं जा सके। उन्होंने घर पर ही सेल्फ-स्टडी की। मेहनत रंग लाई और IIT रोपड़ (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) में एडमिशन पाने में सफलता हासिल की। उन्होंने खुद से नौकरियों के लिए अप्लाई करना शुरू किया और आखिरकार उन्हें नीदरलैंड में फिलिप्स से नौकरी का ऑफर मिला। वह वहां चले गए और अपना करियर शुरू किया। अच्छा प्रोफेशनल माहौल होने के बावजूद, तोमर सोचने लगे कि क्या विदेश में बनाई गई जिंदगी वैसी ही है जैसी वह चाहते थे।
UPSC का सफर शुरू
विदेश में बहुत अच्छा पैकेज होने के बावजूद उन्हें लगा कि वे जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़कर काम करना चाहते हैं। घरवालों के भारी विरोध के बावजूद उन्होंने नीदरलैंड्स की नौकरी छोड़ दी और भारत लौट आए। आकर पिता के साथ आर्थिक स्थिति पर चर्चा की। उनके पिता ने बताया कि परिवार के पास जमा सेविंग से मुश्किल से आधा से एक साल ही गुजारा हो सकता है। देव ने अपनी नौकरी की सेविंग को भी परिवार की सेविंग में मिलाया, जिससे कुल मिलाकर डेढ़ से दो साल का बजट बना। इसी कारण उन पर यह दबाव था कि उन्हें 1-2 प्रयासों में ही हर हाल में परीक्षा निकालनी होगी, वरना परिवार दोबारा पुराने दौर जैसी आर्थिक तंगी में चला जाता।
दूसरे प्रयास में फेल, गर्लफ्रेंड ने छोड़ा साथ
यूपीएससी के पहले प्रयास में वे प्रीलिम्स क्रैक नहीं कर सके। 12.5 नंबर से रह गए,जिससे उन्हें बहुत बड़ा धक्का लगा। दूसरा प्रयास में प्रीलिम्स ढाई नंबर से रुका। । इस दौरान आर्थिक स्थिति खराब हो गई, उनकी गर्लफ्रेंड भी उन्हें छोड़कर चली गई और हताशा में उन्होंने एक दिन अपने सारे नोट्स रद्दी वाले को बेच दिए थे। उन्होंने कहा था- "जीतने वाले घोड़े पर सब दांव लगाते हैं, लेकिन हारे हुए घोड़े पर कोई दांव नहीं लगाना चाहता।"
फिर जिंदगी में जो पार्टनर आईं (जिनसे आगे चलकर उनकी शादी हुई), उन्होंने उनके सबसे मुश्किल दौर में उनका अटूट साथ दिया। दो असफलताओं के बाद उन्होंने अपनी तैयारी के तरीके पर दोबारा ध्यान दिया। उन्होंने समझा कि सिर्फ पढ़ाई करना और ज्यादा से ज्यादा स्टडी मटेरियल जुटाना काफी काफी नहीं है। परीक्षा के पैटर्न और जरूरत को समझकर तैयारी करना भी जरूरी है। इसके बाद उन्होंने अपनी तैयारी का तरीका बदल दिया।
तीसरे और चौथे प्रयास में वे इंटरव्यू तक पहुंचे पर फाइनल लिस्ट में नाम नहीं आया। इस दौरान इस दौरान वह दिल्ली में शिक्षक के तौर पर काम करने लगे थे।
अंतिम प्रयास और ऑल इंडिया 629वीं रैंक
फिर प्रभाकर ने अपना अंतिम प्रयास दिया। 22 अप्रैल को जब परिणाम आया, तो इस बार नतीजा अलग था। उन्होंने UPSC परीक्षा में ऑल इंडिया 629वीं रैंक (AIR 629) हासिल की और IRTS (भारतीय रेलवे यातायात सेवा) अधिकारी बने।


