अब 9वीं-10वीं में पढ़नी होंगी 3 भाषाएं, दो भारतीय भाषाएं जरूरी; तीसरी भाषा का क्या होगा बोर्ड एग्जाम?

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share

CBSE ने 9वीं और 10वीं के छात्रों के लिए नया तीन भाषा नियम लागू करने का ऐलान किया है। जुलाई 2026-27 सत्र से छात्रों को तीन भाषाएं पढ़नी होंगी, जिनमें दो भारतीय भाषाएं अनिवार्य रहेंगी।

अब 9वीं-10वीं में पढ़नी होंगी 3 भाषाएं, दो भारतीय भाषाएं जरूरी; तीसरी भाषा का क्या होगा बोर्ड एग्जाम?

देशभर के लाखों छात्रों और स्कूलों के लिए बड़ा बदलाव सामने आने वाला है। सीबीएसई ने 9वीं और 10वीं कक्षा में तीन-भाषा नियम लागू करने का फैसला किया है। नए नियम के मुताबिक अब छात्रों को तीन भाषाएं पढ़नी होंगी, जिनमें कम से कम दो भारतीय भाषाएं होना जरूरी रहेगा। यह व्यवस्था जुलाई से 2026-27 शैक्षणिक सत्र से लागू होगी। सीबीएसई ने इस संबंध में सभी संबद्ध स्कूलों को सर्कुलर जारी कर दिया है। बोर्ड ने साफ किया है कि भाषा शिक्षा अब NCERT के नए पाठ्यक्रम के अनुसार कराई जाएगी।

विदेशी भाषा चुन सकते हैं, लेकिन शर्त के साथ

नई व्यवस्था में छात्र विदेशी भाषा भी चुन सकते हैं, लेकिन उसे केवल तीसरी भाषा या अतिरिक्त चौथी भाषा के रूप में ही रखा जा सकेगा। यानी अंग्रेजी, फ्रेंच, जर्मन या दूसरी विदेशी भाषाओं को मुख्य भारतीय भाषाओं की जगह नहीं दिया जाएगा। सीबीएसई ने यह भी कहा है कि स्कूल अपनी सुविधा, संसाधन और उपलब्ध शिक्षकों के हिसाब से भाषाओं का चयन कर सकते हैं, लेकिन तीन में से कम से कम दो भाषाएं भारतीय मूल की होना अनिवार्य रहेगा।

स्कूलों को 31 मई तक करना होगा फैसला

सीबीएसई ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे 31 मई 2026 तक अपनी तीसरी भाषा तय कर लें। कई स्कूलों ने इस दिशा में तैयारी शुरू कर दी है, लेकिन कुछ संस्थानों को भाषा चयन और शिक्षक व्यवस्था जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बोर्ड लगातार स्कूलों की निगरानी कर रहा है और जरूरत पड़ने पर मदद भी उपलब्ध करा रहा है ताकि नई व्यवस्था समय पर लागू हो सके।

भाषा शिक्षकों की कमी से निपटने के लिए खास प्लान

कई स्कूलों में भाषा शिक्षकों की कमी को देखते हुए CBSE ने वैकल्पिक रास्ते भी सुझाए हैं। बोर्ड ने कहा है कि स्कूल जरूरत पड़ने पर मौजूदा शिक्षकों की भाषा दक्षता का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा क्लस्टर आधारित पढ़ाई, ऑनलाइन और हाइब्रिड क्लास, रिटायर्ड भाषा शिक्षकों की मदद और योग्य PG छात्रों को अस्थायी तौर पर जोड़ने का सुझाव भी दिया गया है।

स्थानीय साहित्य पर रहेगा जोर

CBSE ने स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे स्थानीय साहित्य, कविताएं, कहानियां और क्षेत्रीय पढ़ने की सामग्री को पढ़ाई में शामिल करें। इसका मकसद छात्रों की भाषा क्षमता को मजबूत बनाना और उन्हें अपनी जड़ों से जोड़ना बताया गया है। फिलहाल 2026-27 सत्र के लिए स्कूलों को अस्थायी रूप से कक्षा 6 की R3 किताबें 9वीं कक्षा में इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

तीसरी भाषा का बोर्ड एग्जाम नहीं होगा

छात्रों और अभिभावकों के लिए राहत की बात यह है कि तीसरी भाषा का कोई बोर्ड एग्जाम नहीं लिया जाएगा। सीबीएसई ने साफ किया है कि R3 यानी तीसरी भाषा का मूल्यांकन स्कूल स्तर पर आंतरिक तरीके से होगा। हालांकि, छात्रों के प्रदर्शन का जिक्र सीबीएसई प्रमाणपत्र में किया जाएगा। बोर्ड ने यह भी कहा है कि तीसरी भाषा की वजह से किसी छात्र को 10वीं बोर्ड परीक्षा में बैठने से नहीं रोका जाएगा।

विदेश से लौटने वाले और विशेष जरूरत वाले छात्रों को राहत

सीबीएसई ने कहा है कि विशेष जरूरत वाले बच्चों यानी CwSN छात्रों को मौजूदा नियमों के अनुसार छूट मिलती रहेगी। इसके अलावा विदेश से लौटने वाले छात्रों और भारत के बाहर स्थित CBSE स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष राहत दी जाएगी।

स्कूलों को OASIS पोर्टल पर देनी होगी जानकारी

बोर्ड ने स्कूल प्रिंसिपलों को निर्देश दिया है कि वे 30 जून 2026 तक OASIS पोर्टल पर कक्षा 6 से 9वीं तक की तीसरी भाषा संबंधी जानकारी अपडेट करें। इसके अलावा सीबीएसई ने कहा है कि नई भाषा व्यवस्था को लेकर विस्तृत दिशानिर्देश 15 जून 2026 तक जारी कर दिए जाएंगे।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।