CBSE 10th Second Exam 2026: सीबीएसई 10वीं के प्राइवेट छात्र 2nd एग्जाम के लिए कैसे करें आवेदन, क्या हैं नियम व योग्यता
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने इस शैक्षणिक सत्र से सीबीएसई 10वीं के छात्रों के लिए टू-एग्जाम पॉलिसी लागू की है। इसका सीधा फायदा उन छात्रों को मिलेगा जो पहली परीक्षा में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए।
दो बार परीक्षा योजना के तहत कक्षा 10वीं के जो छात्र फरवरी मार्च 2026 में आयोजित हुई मुख्य बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए थे, उन्हें मई 2026 में होने वाली सेकेंड बोर्ड परीक्षाओं में बैठने का मौका दिया जाएगा। छात्र अधिकतम तीन विषयों में अपने परिणाम सुधार सकेंगे। इस बीच बोर्ड ने प्राइवेट उम्मीदवारों के लिए भी सेकेंड एग्जाम पॉलिसी का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
सीबीएसई कक्षा 10वीं के कौन से प्राइवेट छात्र सेकेंड बोर्ड परीक्षा 2026 में हिस्सा ले सकते हैं-
- 2024-25 सत्र के वे उम्मीदवार जिन्हें कंपार्टमेंट श्रेणी (थर्ड चांस) में रखा गया है।
- इसी सत्र के वे उम्मीदवार जो पात्र थे, लेकिन मुख्य परीक्षा 2026 में शामिल नहीं हुए। ऐसे उम्मीदवारों को थर्ड चांस कैटेगरी के तहत लिया जाएगा।
आवेदकों को अपने फॉर्म सीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध "Private Candidate" लिंक के माध्यम से ऑनलाइन जमा करने होंगे।
आवेदन की तिथियां
परीक्षा फॉर्म जमा करने और फीस भुगतान की प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी:
- बिना लेट फीस के: 16 अप्रैल, 2026 से 20 अप्रैल, 2026
- लेट फीस के साथ: 21 अप्रैल, 2026 से 22 अप्रैल, 2026
CBSE ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद किसी भी परिस्थिति में कोई भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
परीक्षा पैटर्न और पाठ्यक्रम
दूसरी बोर्ड परीक्षा उसी पाठ्यक्रम और परीक्षा योजना के आधार पर आयोजित की जाएगी, जो मुख्य परीक्षा 2026 के लिए निर्धारित थी।
उम्मीदवारों के लिए मुख्य निर्देश
आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ऑफलाइन माध्यम से किए गए आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।
परीक्षा शुल्क का भुगतान नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड जैसे ऑनलाइन माध्यमों से ही किया जाना अनिवार्य है। बिना शुल्क जमा किए गए आवेदन अस्वीकृत कर दिए जाएंगे। डिमांड ड्राफ्ट, पोस्टल ऑर्डर या चेक जैसे ऑफलाइन माध्यमों से कोई भी शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।
सीबीएसई ने यह भी बताया है कि 2025 की बोर्ड परीक्षाओं में शामिल हुए उम्मीदवारों की डिटेल्स ऑटो जनरेट हो जाएगी।
गाइडलाइंस
उम्मीदवार यह सुनिश्चित कर लें कि सभी विवरण सही-सही भरे गए हों। कोई भी गलत जानकारी देने या जाली दस्तावेज जमा करने पर आवेदन अस्वीकृत कर दिया जाएगा और जमा किया गया शुल्क भी जब्त कर लिया जाएगा।
परीक्षा केंद्र का आवंटन आवेदन जमा करते समय चुने गए शहर के आधार पर किया जाएगा। एक बार केंद्र आवंटित हो जाने के बाद, उसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे अपना फॉर्म स्वयं भरें, क्योंकि किसी तीसरे पक्ष द्वारा की गई गलतियों को सुधार का वैध आधार नहीं माना जाएगा।
केवल आवेदन फॉर्म जमा कर देने और शुल्क का भुगतान कर देने मात्र से पात्रता की गारंटी नहीं मिलती है। अंतिम पात्रता का निर्धारण सीबीएसई द्वारा अपने नियमों के अनुसार ही किया जाएगा।
सुधार विंडो और दस्तावेज
फॉर्म और शुल्क जमा करने के बाद, उम्मीदवार सत्यापन के लिए अपने आवेदन की एक प्रति डाउनलोड कर सकते हैं। करेक्शन केवल आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि तक ही किए जा सकते हैं।
आवेदकों को अपनी फोटो और हस्ताक्षर की स्कैन की हुई इमेज (JPG फॉर्मेट में, प्रत्येक 40 KB से अधिक नहीं) अपलोड करनी होगी।
- उम्मीदवार केवल उन विषयों के लिए आवेदन कर सकते हैं जो सिस्टम में अपने आप जेनरेट होते हैं। विषय कोड चुनते समय सावधानी बरतनी चाहिए, खासकर उन भाषाओं के लिए जहां कई कोर्स के विकल्प मौजूद हैं। आवेदन पत्र की कोई भी हार्ड कॉपी CBSE को भेजने की आवश्यकता नहीं है।
लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी


