
CBSE Exams 2026: CBSE बोर्ड 2026 10वीं-12वीं प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए सख्त गाइडलाइंस जारी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
CBSE Practical Exams 2026: सीबीएसई ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं, प्रोजेक्ट वर्क और इंटरनल असेसमेंट को लेकर दिशा-निर्देश और मूल्यांकन मानदंड जारी कर दिए हैं।
CBSE Practical Exams 2026: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए कक्षा 10वीं और 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं, प्रोजेक्ट वर्क और इंटरनल असेसमेंट को लेकर दिशा-निर्देश और मूल्यांकन मानदंड जारी कर दिए हैं। बोर्ड ने सभी संबद्ध स्कूलों को निर्देश दिया है कि वे इन परीक्षाओं का संचालन समय पर और पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करें।
नियमों का पालन अनिवार्य
CBSE द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, स्कूलों को प्रैक्टिकल परीक्षाओं के संचालन के दौरान बोर्ड द्वारा निर्धारित मानदंडों का सख्ती से पालन करना होगा। कक्षा 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षाओं के लिए बोर्ड बाहरी परीक्षकों की नियुक्ति करेगा। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई स्कूल बिना बाहरी परीक्षक के प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजित करता है, तो उन परीक्षाओं को रद्द कर दिया जाएगा और छात्रों को बोर्ड की ओर से औसत अंक दिए जाएंगे। कक्षा 10वीं के लिए इंटरनल असेसमेंट स्कूल स्तर पर ही किया जाएगा, लेकिन इसके रिकॉर्ड सुरक्षित रखना अनिवार्य है।
अंकों को अपलोड करने की समय सीमा
बोर्ड ने स्कूलों को चेतावनी दी है कि प्रैक्टिकल परीक्षा और इंटरनल असेसमेंट के अंक निर्धारित समय सीमा के भीतर ही आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड किए जाने चाहिए। एक बार अंक अपलोड होने के बाद उनमें किसी भी प्रकार का संशोधन या सुधार संभव नहीं होगा। स्कूलों को सलाह दी गई है कि वे अंक भरते समय पूरी सावधानी बरतें ताकि छात्रों का परिणाम प्रभावित न हो।
उपस्थिति और रिकॉर्ड का रख-रखाव
नोटिस में यह भी कहा गया है कि प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान छात्रों की उपस्थिति अनिवार्य है। यदि कोई छात्र बीमारी या किसी अन्य वैध कारण से अनुपस्थित रहता है, तो स्कूल को बोर्ड के नियमों के अनुसार री-एग्जाम आयोजित करने की प्रक्रिया का पालन करना होगा। साथ ही, स्कूलों को प्रैक्टिकल परीक्षाओं की तस्वीरें और ग्रुप फोटो भी बोर्ड के ऐप पर अपलोड करनी होगी, जिसमें छात्र, बाहरी परीक्षक और आंतरिक परीक्षक स्पष्ट रूप से दिखाई दें।
लैब की तैयारी
CBSE ने स्कूलों को प्रयोगशालाओं को पूरी तरह तैयार रखने और सभी आवश्यक उपकरणों व रसायनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, यदि स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य संबंधी कोई दिशा-निर्देश प्रभावी हैं, तो उनका पालन करना भी अनिवार्य होगा।
यह कदम बोर्ड परीक्षाओं की निष्पक्षता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए उठाया गया है। छात्रों को सलाह दी गई है कि वे अपने प्रैक्टिकल विषयों और प्रोजेक्ट फाइलों को समय रहते तैयार कर लें। बोर्ड जल्द ही थ्योरी परीक्षाओं के लिए भी अंतिम डेटशीट जारी कर सकता है।

लेखक के बारे में
Prachiदिल्ली की रहने वाली प्राची लाइव हिन्दुस्तान में ट्रेनी कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले 1.5 वर्षों से वे करियर और शिक्षा क्षेत्र की बारीकियों को कवर कर रही हैं। प्राची ने प्रतिष्ठित भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) से इंग्लिश जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा और दिल्ली यूनिवर्सिटी से हिस्ट्री ऑनर्स में ग्रेजुएशन किया है। लाइव हिन्दुस्तान से 2024 में जुड़ने से पहले, उन्होंने 'नन्ही खबर', 'सी.वाई. फ्यूचर लिमिटेड' और 'कुटुंब' जैसे संस्थानों में कंटेंट लेखक के रूप में अपनी लेखनी को निखारा है। इतिहास की समझ और पत्रकारिता के जुनून के साथ, प्राची को खाली समय में उपन्यास पढ़ना और विश्व सिनेमा देखना पसंद है।
और पढ़ें



