CBSE 10th Exam 2026: सीबीएसई 10वीं में सेक्शन वाइज उत्तर देने के नियम बच्चे कंफ्यूज, जानें क्या हैं ये रूल
सेक्शन में बांटकर जवाब देने की अनिवार्यता से सीबीएसई 10वीं बोर्ड के बच्चे मानसिक दबाव में हैं। 10वीं बोर्ड परीक्षा शुरू होने में महज चार दिन बचे हैं। हर दिन काउंसलर को इस संबंध में कॉल आ रहे हैं।

सेक्शन में बांटकर जवाब देने की अनिवार्यता से सीबीएसई 10वीं बोर्ड के बच्चे मानसिक दबाव में हैं। 10वीं बोर्ड परीक्षा शुरू होने में महज चार दिन बचे हैं। हर दिन काउंसलर को इस संबंध में कॉल आ रहे हैं। काउंसलर्स के पास रोजाना आने वाले 50-60 में से 30 से 40 बच्चे यही सवाल कर रहे हैं। परीक्षा से ठीक पहले बोर्ड ने सेक्शन बांटकर जवाब लिखने का निर्देश दिया है। ऐसा पहली बार हो रहा है। छात्रों के दबाव में रहने से अभिभावक भी तनाव में हैं।
पूछ रहे, सेक्शन कैसे बांटेंगे? : काउंसलर डॉ. प्रमोद कुमार ने बताया कि बच्चे लगातार यह सवाल पूछ रहे हैं कि जीव विज्ञान का भौतिकी में अगर जवाब लिख दिया तो क्या पूरा अंक कट जाएगा। बेतिया की छात्रा निलांजना ने पूछा कि स्कूल में तो हमें इस तरह का कुछ भी नहीं बताया गया और ना ही प्री बोर्ड में ऐसा था। सेक्शन हम कैसे बांटेंगे? रांची के छात्र सुमित का सवाल था कि क्या प्रश्नपत्र में जिस तरह सेक्शन रहेगा, उसी क्रम में कॉपी में भी सेक्शन बांटना होगा। डॉ. कुमार ने कहा कि हम बच्चों को बता रहे कि भौतिकी के उत्तर भौतिकी शिक्षक देखेंगे, इतिहास के उत्तर इतिहास शिक्षक। यदि उत्तर गलत खंड में लिखा गया है, तो वह संबंधित परीक्षक की दृष्टि में आ ही नहीं पाएगा।
भले ही उत्तर विषयवस्तु की दृष्टि से सही हो। यह नियम इसलिए बनाया गया है कि मूल्यांकन निष्पक्ष, तेज और त्रुटिरहित हो सके।
सेक्शन बांट जवाब देने को लेकर दबाव में बच्चे
- काउंसलर से रोजाना 30-40 बच्चे कर रहे इससे ही जुड़े सवाल
- परीक्षा से ठीक पहले बोर्ड ने पहलीबार जारी किया है बदलाव का निर्देश
- छात्रों के दबाव में रहने से अभिभावकों का भी तनाव बढ़ा
सीबीएसई (CBSE) ने कक्षा 10 की विज्ञान और सामाजिक विज्ञान की बोर्ड परीक्षाओं के लिए नए सेक्शन वाइज उत्तर लिखने के नियम जारी किए हैं -
कैसे बांटने होंगे सेक्शन
- स्टूडेंट्स को विज्ञान के पेपर को तीन सेक्शन (जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान और भौतिक विज्ञान) में बांटना होगा।
- सामाजिक विज्ञान के पेपर को चार सेक्शन (इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान और अर्थशास्त्र) में विभाजित करना होगा।
- छात्रों को उत्तर लिखना शुरू करने से पहले अपनी उत्तर पुस्तिकाओं को इन सेक्शन में बांटना होगा। सेक्शन की हेडिंग देनी होगी कि वे किस सेक्शन के उत्तर देना चाह रहे हैं।
- प्रत्येक प्रश्न का उत्तर केवल उसके विषय वाले सेक्शन में ही लिखना होगा। उदाहरण के लिए, भौतिकी का उत्तर केवल भौतिकी सेक्शन में लिखना होगा, उसे जीव विज्ञान या रसायन विज्ञान के सेक्शन में नहीं लिखा जा सकता।
- गलत सेक्शन में लिखे गए उत्तरों का मूल्यांकन नहीं किया जाएगा और उनके लिए कोई अंक नहीं दिए जाएंगे, चाहे वे उत्तर सही ही क्यों न हों
रीचेकिंग में भी ठीक नहीं होंगे कटे मार्क्स
सेक्शन वाइज रूल न मानने के चलते कटे अंकों को सत्यापन (Verification) या पुनर्मूल्यांकन (Revaluation) के दौरान भी ठीक नहीं किया जाएगा।
सीबीएसई ने कहा है कि स्टूडेंट्स से उम्मीद की जाती है कि वे CBSE एकेडमिक वेबसाइट पर मौजूद सैंपल क्वेश्चन पेपर्स को पढ़ें ताकि वे समझ सकें कि सवालों को कैसे ग्रुप किया जाता है और जवाब कैसे दिए जाने चाहिए।



