अब पन्ना नहीं पलटेंगे एग्जामिनर, स्क्रीन पर होगी 12वीं की कॉपियों की जांच; 2026 से CBSE बोर्ड में बड़ा बदलाव
कक्षा 12 की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच अब ऑन-स्क्रीन मार्किंग से होगी। शिक्षक स्कूल बैठे-बैठे मूल्यांकन किया करेंगे, इसके लिए बोर्ड की तरफ से तमाम व्यवस्थाएं की गई हैं।

सीबीएसई बोर्ड ने 2026 से परीक्षा प्रणाली में एक बड़ा और आधुनिक बदलाव करने का फैसला लिया है। अब कक्षा 12 की बोर्ड कॉपियों की जांच पारंपरिक तरीके से नहीं, बल्कि कंप्यूटर स्क्रीन पर की जाएगी। इस नई व्यवस्था को ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) कहा जा रहा है, जिसके जरिए उत्तर पुस्तिकाओं को स्कैन करके डिजिटल रूप में शिक्षकों को भेजा जाएगा और वे उन्हें कंप्यूटर पर ही जांचेंगे। यह कदम बोर्ड ने मूल्यांकन प्रक्रिया को ज्यादा तेज, पारदर्शी और गलती-रहित बनाने के लिए उठाया है। वहीं, कक्षा 10 की कॉपियों की जांच फिलहाल पहले की तरह ही हाथ से, यानी फिजिकल तरीके से ही जारी रहेगी।
क्या है ऑन-स्क्रीन मार्किंग सिस्टम?
ऑन-स्क्रीन मार्किंग एक डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली है, जिसमें छात्रों की उत्तर पुस्तिकाएं पहले स्कैन की जाती हैं। इसके बाद ये कॉपियां सुरक्षित ऑनलाइन सिस्टम पर अपलोड होती हैं और शिक्षक कंप्यूटर पर उन्हें देखकर अंक देते हैं। इस सिस्टम में सॉफ्टवेयर खुद ही कुल अंक जोड़ देता है, जिससे टोटलिंग की गलती की संभावना खत्म हो जाती है। अभी तक कई बार हाथ से जोड़ने में गलती हो जाती थी, जिससे छात्रों को बाद में वेरिफिकेशन के लिए आवेदन करना पड़ता था।
क्यों किया जा रहा है यह बदलाव?
सीबीएसई का कहना है कि यह बदलाव शिक्षा प्रणाली को डिजिटल और आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम है। इससे कई फायदे होंगे जिसमें कॉपी जांच में होने वाली जोड़-घटाव की गलतियां खत्म होंगी, मूल्यांकन प्रक्रिया ज्यादा पारदर्शी बनेगी, रिजल्ट तैयार करने में कम समय लगेगा, मैनुअल काम कम होगा जिससे पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित होगी।
शिक्षक अब अपने स्कूल से ही जांच सकेंगे कॉपियां
इस नए सिस्टम की एक खास बात यह है कि शिक्षकों को अब कॉपी जांचने के लिए किसी मूल्यांकन केंद्र पर जाने की जरूरत नहीं होगी। वे अपने ही स्कूल में बैठकर, नियमित काम करते हुए कॉपियों का मूल्यांकन कर सकेंगे। इससे समय और यात्रा खर्च दोनों की बचत होगी और ज्यादा शिक्षक इस प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे।
भारत ही नहीं, विदेशों के शिक्षक भी जुड़ सकेंगे
सीबीएसई के 31,000 से ज्यादा स्कूल भारत में और 26 देशों में जुड़े हुए हैं। ऑन-स्क्रीन मार्किंग लागू होने के बाद इन सभी स्कूलों के शिक्षक डिजिटल तरीके से मूल्यांकन में भाग ले सकेंगे। इससे कॉपी जांच का दायरा बढ़ेगा और मूल्यांकन का काम तेजी से पूरा होगा।
कितने छात्र देंगे 2026 में बोर्ड परीक्षा?
सीबीएसई की 2026 की बोर्ड परीक्षाएं 17 फरवरी से 10 अप्रैल तक आयोजित की जा रही हैं। इन परीक्षाओं में लगभग 46 लाख छात्र शामिल होंगे, जो देश और विदेश के 8000 से ज्यादा परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा देंगे।
स्कूलों को क्या-क्या तैयारी करने को कहा गया है?
इस नई प्रणाली को लागू करने के लिए बोर्ड ने स्कूलों को जरूरी तकनीकी सुविधाएं तैयार रखने को कहा है। इसके तहत स्कूलों में कंप्यूटर लैब, स्थिर इंटरनेट कनेक्शन (कम से कम 2 Mbps), Windows 8 या उससे ऊपर वाले कंप्यूटर, न्यूनतम 4 GB RAM, अपडेटेड ब्राउजर और सॉफ्टवेयर और निर्बाध बिजली व्यवस्था जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करनी होंगी।
लागू करने से पहले होगा प्रशिक्षण और ट्रायल
सीबीएसई इस सिस्टम को सीधे लागू नहीं करेगा, बल्कि पहले शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी। ड्राई रन, डेमो सेशन, वीडियो गाइड और हेल्प सेंटर के जरिए उन्हें पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी ताकि लागू होने के समय कोई परेशानी न आए।
छात्रों के लिए क्या बदलेगा?
छात्रों के लिए परीक्षा देने का तरीका नहीं बदलेगा, वे पहले की तरह ही उत्तर पुस्तिका में लिखेंगे। बदलाव केवल कॉपी जांच की प्रक्रिया में होगा, जो अब पूरी तरह डिजिटल हो जाएगी।



