CBSE बोर्ड एग्जाम 2026 से पहले जान लें ये जरूरी नियम, एग्जाम हॉल में क्या ले जाना है और क्या नहीं
CBSE Board Exam 2026 Guidelines: परीक्षा से पहले पढ़ाई जितनी जरूरी है, उतना ही जरूरी है नियमों की सही जानकारी वरना छोटी गलती भी परेशानी बन सकती है। आइए जानते हैं सीबीएसई परीक्षा की गाइडलाइन के बारे में।

CBSE Board Exam 2026 Guidelines: सीबीएसई बोर्ड परीक्षाएं नजदीक आते ही ज्यादातर छात्र फॉर्मूले, डायग्राम और नोट्स दोहराने में जुट जाते हैं। लेकिन हर साल बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर इस बात को लेकर उलझन में रहते हैं कि आखिर एग्जाम हॉल में क्या ले जाना सही है और क्या ले जाना मना है। कई बार जानकारी की कमी के कारण छात्र ऐसी चीजें साथ ले आते हैं जो नियमों के खिलाफ होती हैं, जिससे उन्हें परेशानी उठानी पड़ती है। इसलिए परीक्षा से पहले इन जरूरी निर्देशों को समझ लेना बेहद जरूरी है।
कैलकुलेटर को लेकर सबसे ज्यादा कन्फ्यूजन, जान लें साफ नियम
क्लास 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाओं में सामान्य छात्रों के लिए कैलकुलेटर पूरी तरह से प्रतिबंधित है। यह नियम गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान, अकाउंटेंसी समेत सभी विषयों पर लागू होता है। साइंटिफिक कैलकुलेटर भी अनुमति में शामिल नहीं है। यानी किसी भी तरह का कैलकुलेटर परीक्षा हॉल में ले जाना नियमों के खिलाफ माना जाएगा।
क्या किसी को छूट मिलती है
कुछ विशेष परिस्थितियों में ही अनुमति दी जाती है, जैसे दिव्यांग श्रेणी के छात्र, जिन्हें पहले से मंजूरी मिली हो, कुछ व्यावसायिक विषय, जहां बोर्ड की ओर से अलग निर्देश जारी किए गए हों। लेकिन ऐसी अनुमति सीधे छात्र नहीं ले सकते, इसके लिए स्कूल के माध्यम से पहले से स्वीकृति लेना जरूरी होता है।
मैथ्स और साइंस के जरूरी उपकरण ले जा सकते हैं
छात्रों को परीक्षा में बुनियादी ज्योमेट्री उपकरण ले जाने की अनुमति होती है।
इनमें शामिल हैं:
- पारदर्शी स्केल,
- कंपास,
- डिवाइडर,
- प्रोट्रैक्टर,
- डायग्राम और ग्राफ के लिए पेंसिल,
- इरेजर और शार्पनर।
ध्यान रहे, केवल जरूरी और साधारण उपकरण ही लेकर जाएं, अतिरिक्त सामग्री से बचें।
मैप घर से ले जाने की जरूरत नहीं, बोर्ड ही देगा
अक्सर छात्रों को लगता है कि भूगोल की परीक्षा के लिए मैप घर से ले जाना होगा, लेकिन ऐसा नहीं है। सीबीएसई द्वारा जरूरी आउटलाइन मैप प्रश्नपत्र के साथ ही दिया जाता है।
छात्रों को निर्देश के अनुसार मैप पर अपना रोल नंबर लिखना होता है। उत्तर पुस्तिका जमा करते समय मैप शीट को अंदर ठीक से लगाना जरूरी होता है।
ग्राफ पेपर भी सेंटर पर मिलेगा
गणित, अर्थशास्त्र या भौतिकी जैसे विषयों में जहां ग्राफ की जरूरत होती है, वहां ग्राफ पेपर परीक्षा केंद्र द्वारा उपलब्ध कराया जाता है। छात्रों को अपना ग्राफ पेपर साथ ले जाने की अनुमति नहीं होती। इसलिए अतिरिक्त कागज ले जाने से बचें।
लिखने और प्रस्तुति से जुड़े जरूरी नियम
कई छात्र सही उत्तर जानते हुए भी प्रस्तुति में गलती कर बैठते हैं, जिससे नंबर कट जाते हैं। इसलिए इन बातों का ध्यान रखना जरूरी है डायग्राम और ग्राफ केवल पेंसिल से बनाएं। उत्तर लिखने के लिए नीले या रॉयल ब्लू पेन का इस्तेमाल करें। कटिंग फ्लूड या व्हाइटनर का प्रयोग न करें। गलती होने पर शब्द को साफ तरीके से काटें। अगर अतिरिक्त शीट लें तो उसे ठीक से बांधकर ही जमा करें।
छोटी सावधानी से बच सकती है बड़ी परेशानी
बोर्ड परीक्षा सिर्फ पढ़ाई की नहीं, बल्कि अनुशासन और सही प्रक्रिया की भी परीक्षा होती है।इसलिए परीक्षा से पहले नियमों को समझ लें, जरूरी सामान ही लेकर जाएं और आत्मविश्वास के साथ पेपर दें।



