CBSE 10th Topper : सीबीएसई 10वीं में गाजियाबाद के दक्ष और गुरुग्राम के तनय ने किया टॉप, आए 500 में से 500 अंक
CBSE 10th Topper 2026 : गाजियाबाद में वसुंधरा सेक्टर-छह स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र दक्ष वासुदेव ने CBSE 10वीं में 100 प्रतिशत अंक प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया। वहीं गुरुग्राम के तनय ने भी 100 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार उपलब्धि दर्ज की है।

CBSE Class 10 Result 2026 Toppers List: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने बुधवार को 10वीं कक्षा का रिजल्ट घोषित कर दिया। देश में कई छात्रों ने पूरे 100 फीसदी अंक हासिल किए हैं। गाजियाबाद में वसुंधरा सेक्टर-छह स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के छात्र दक्ष वासुदेव ने शत प्रतिशत अंक प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया। वैशाली सेक्टर-5 निवासी दक्ष वासुदेव ने बताया कि उन्होंने कुल सात विषय लेकर पढ़ाई की थी। उन्होंने गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, जापानी भाषा और डाटा विज्ञान में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए] जबकि सामाजिक विज्ञान में 99 और हिंदी में 93 अंक हासिल हुए हैं। बेस्ट पांच विषयों में उनके कुल 500 में से 500 अंक रहे। सीबीएसई बोर्ड रिजल्ट में बेस्ट 5 सब्जेक्ट स्कोर की पॉलिसी को फोलो करता है।
दक्ष का सिविल सेवा में जाने का है लक्ष्य
वैशाली सेक्टर-5 निवासी दक्ष वासुदेव ने बिना कोचिंग के स्वअध्ययन के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। दक्ष के पिता विघ्नेश्वर वासुदेव सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी में कार्यरत हैं। माता शिल्पा वासुदेव मानव संसाधन क्षेत्र से जुड़ी हैं। दक्ष ने बताया कि वह पिछले करीब सात माह से प्रतिदिन 12 से 13 घंटे पढ़ाई कर रहे थे। दक्ष का कहना है कि वह किसी भी बिंदु को बिना समझे आगे नहीं बढ़े। इसमें पिता ने भी अच्छी तरह मार्गदर्शन किया। दक्ष का लक्ष्य आगे चलकर संयुक्त प्रवेश परीक्षा में सफलता पाकर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान में प्रवेश लेना है। इसके बाद वह संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा देकर देश सेवा करना चाहते हैं। उनकी सफलता से परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
गुरुग्राम के तनय श्रीवास्तव के भी 100 फीसदी अंक
गुरुग्राम के सेक्टर-49 निवासी तनय श्रीवास्तव ने दसवीं कक्षा में 100 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार उपलब्धि दर्ज की है। वर्तमान में वह एमिटी सेक्टर-46 में 11वीं कक्षा में पीसीएम (भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित) विषयों के साथ अध्ययन कर रहे हैं और भविष्य में रिसर्च के क्षेत्र में करियर बनाने का लक्ष्य रखते हैं। तनय ने बताया कि उनकी इस सफलता का मुख्य आधार सेल्फ स्टडी रही। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी पढ़ाई को घंटों में नहीं बांधा, बल्कि जब भी मन किया, पूरी एकाग्रता के साथ पढ़ाई की। उनका मानना है कि नियमितता और समझ के साथ पढ़ाई करने से बेहतर परिणाम मिलते हैं। तनय ने दसवीं में इंग्लिश, मैथ्स, सोशल साइंस, संस्कृत और आईटी जैसे विषयों में शत-प्रतिशत अंक प्राप्त किए। उन्होंने बताया कि उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ रीडिंग और कंप्यूटर गेम्स का भी शौक है, जिससे उन्हें मानसिक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। उनके पिता रितेश टेलीकॉम कम्युनिकेशन क्षेत्र में कार्यरत हैं, जबकि उनकी मां अपना छोटा व्यवसाय संभालती हैं।
फरीदाबाद की आशना को भी 100 फीसदी अंक
फरीदाबाद के एमवीएन स्कूल का दावा है कि छात्रा आशना खुराना ने शत प्रतिशत अंक हासिल कर जिला में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, फरीदबाद के नितेश बहल 99.8 प्रतिशत लाकर दूसरे स्थान पर रहे।
सोनीपत के छात्र को भी 500 में से पूरे 500 अंक
- सोनीपत में, जानकीदास कपूर पब्लिक स्कूल के मनन ने एक शानदार उपलब्धि हासिल की; उन्होंने 500 में से पूरे 500 अंक प्राप्त किए और इस क्षेत्र के सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वालों में से एक बनकर उभरे।
कोलकाता के दो विद्यार्थियों को पूरे 100 फीसदी अंक
कोलकाता शहर के स्कूलों से मिली ताजा जानकारी के अनुसार भवन गंगाबक्स कनोडिया विद्यामंदिर की अनीशा घोष और BDM इंटरनेशनल स्कूल की जयशीर्ष्या बसु ने 500 में से पूरे 500 अंक प्राप्त किए।
ओडिशा के पुरी की छात्रा टीना रथ ने भी पूरे 100 फीसदी अंक हासिल किए हैं। छात्रा ने मैथ्स स्टैंडर्ड में 100 में से 99 मार्क्स और बाकी पांच सब्जेक्ट्स में पूरे 100 मार्क्स हासिल किए हैं। नियम के हिसाब से पांच सबसे अच्छे सब्जेक्ट्स को ध्यान में रखा जाएगा। इसलिए उसने 500 मार्क्स हासिल किए।
गाजियाबाद के योगित के 99.8 फीसदी अंक, स्वाध्याय के दम पर पाई सफलता
इंदिरापुरम के शक्ति खंड 2 निवासी योगित जैन ने सीबीएसई कक्षा 10 की परीक्षा में 499 अंक प्राप्त किए। 99.8 फीसदी अंक लाने वाले योगित इंदिरापुरम स्थित जेकेजी इंटरनेशनल विद्यालय के छात्र हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ वह जिले के मेधावी छात्रों में शामिल हो गए हैं। योगित जैन के पिता राजेश जैन कॉरपोरेट मामले मंत्रालय में संयुक्त निदेशक हैं, जबकि माता प्रिया जैन गृहिणी हैं। योगित ने बताया कि उन्होंने नियमित रूप से छह घंटे तक पढ़ाई की। वह स्वाध्याय के साथ यूट्यूब के जरिए भी पढ़ाई करते थे। उन्हें शतरंज और बैडमिंटन भी पसंद है।
नोएडा के अर्जुन धर ने 99.8 प्रतिशत अंक हासिल किए
नोएडा के अर्जुन धर ने 99.8 प्रतिशत अंक हासिल किए। सेक्टर गामा-2 स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल के छात्र अर्जुन धर ने अपनी उपलब्धि का श्रेय माता-पिता को दिया है। उन्होंने कहा कि रोजाना छह से आठ घंटे तक पढ़ाई की। किसी भी टॉपिक को सतही रूप से पढ़ने के बजाय उसे गहराई से समझा। वह इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। अर्जुन के पिता कर्नल आलोक धर भारतीय सेना में सेवारत हैं और उनकी मां ज्योति कौल धर डॉक्टर हैं। अर्जुन की बड़ी बहन एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही हैं। घर में शिक्षा का माहौल बना रहता है।
गुरुग्राम की रिद्धिमा गुप्ता का भी शानदार प्रदर्शन
गुरुग्राम की छात्रा रिद्धिमा गुप्ता ने दसवीं कक्षा में 99.8 प्रतिशत अंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया है। वह वर्तमान में एमिटी इंटरनेशनल स्कूल, सेक्टर-46 में 11वीं कक्षा में पीसीएम (फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स) विषयों के साथ पढ़ाई कर रही हैं और आगे चलकर आईआईटी बॉम्बे से उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना देखती हैं। रिद्धिमा ने बताया कि उन्होंने अपनी तैयारी पूरी तरह सेल्फ स्टडी के जरिए की। उन्होंने न तो किसी ट्यूशन का सहारा लिया और न ही सोशल मीडिया का इस्तेमाल किया। उनका मानना है कि ध्यान भटकाने वाली चीजों से दूरी बनाकर पढ़ाई पर फोकस करना ही उनकी सफलता की कुंजी रही। रिद्धिमा ने बताया कि वह रोजाना लगभग 3 से 4 घंटे पढ़ाई करती थीं, लेकिन सबसे अहम बात यह रही कि वह पूरी लगन और समझ के साथ पढ़ती थीं। जब भी उन्हें पढ़ाई से थोड़ा ब्रेक लेना होता, तो वह स्विमिंग या किताबें पढ़कर खुद को रिलैक्स करती थीं। उनके पिता अतुल गुप्ता पेशे से कार्यरत हैं, जबकि मां नीतू गुप्ता गृहिणी हैं। रिद्धिमा का कहना है कि परिवार का सहयोग ही उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी


