
CAT 2025 एग्जाम कल, तीन शिफ्टों में होगी परीक्षा; ये चीजें ले जाना मना
CAT 2025 में लाखों उम्मीदवार अपनी मैनेजमेंट करियर की पहली सीढ़ी चढ़ने की तैयारी में जुटे हैं। कल होने वाली परीक्षा सख्त नियमों और तीन शिफ्टों में आयोजित होगी, सुरक्षा व्यवस्था भी पूरी तरह पुख्ता की गई है।
CAT 2025 : कल का दिन देशभर के लाखों स्टूडेंट्स के लिए बेहद अहम है। IIM में मैनेजमेंट की पढ़ाई का सपना देखने वाले उम्मीदवार कल CAT 2025 की परीक्षा देंगे। सुबह से शाम तक तीन शिफ्टों में होने वाली यह परीक्षा न सिर्फ़ दिमाग़ की परीक्षा है, बल्कि अनुशासन, समय और सख़्त गाइडलाइनों का भी टेस्ट है। इस बार सुरक्षा इंतजाम और भी कड़े कर दिए हैं, जिससे हर उम्मीदवार को निष्पक्ष माहौल मिल सके।
परीक्षा तीन शिफ्ट में 170 शहरों में सख्त निगरानी
CAT 2025 का आयोजन करीब 170 शहरों में किया जा रहा है। परीक्षा तीन शिफ्टों में होगी-
- पहली शिफ्ट: सुबह 8:30 से 10:30
- दूसरी शिफ्ट: दोपहर 12:30 से 2:30
- तीसरी शिफ्ट: शाम 4:30 से 6:30
इन्फ्रास्ट्रक्चर और सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए IIM ने कुछ केंद्रों पर मोबाइल सिग्नल जैमर भी लगाए हैं ताकि किसी भी तरह की नकल या अनुचित गतिविधि को रोका जा सके।
परीक्षा हॉल में क्या लेकर जाना जरूरी है
उम्मीदवारों को सिर्फ दो चीजें अनिवार्य रूप से ले जानी हैं-
- एडमिट कार्ड
- वैध पहचान पत्र
- आधार कार्ड
- वोटर आईडी
- पैन कार्ड
- ड्राइविंग लाइसेंस
- पासपोर्ट
इनके बिना किसी भी उम्मीदवार को परीक्षा हॉल में एंट्री नहीं मिलेगी।
किन चीजों पर पूरी तरह पाबंदी
इस परीक्षा को लेकर साफ कहा है कि परीक्षा केंद्र में कोई भी इलेक्ट्रॉनिक या स्टोरेज उपकरण लाना पूरी तरह मना है। इनमें शामिल हैं-
- मोबाइल फोन
- स्मार्टवॉच
- ब्लूटूथ डिवाइस
- कैलकुलेटर
- ईयरफोन
- पर्स, बैग, वॉलेट
- ज्वेलरी और मेटल आइटम
- जेबों वाले कपड़े, बड़े बटन, जैकेट, शॉल, मोटे जूते
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे हल्के और बिना अतिरिक्त पॉकेट वाले कपड़े पहनकर आएं।
CAT स्कोर कहां-कहां मान्य होगा
CAT का स्कोर IIM के सभी पोस्टग्रेजुएट और डॉक्टोरल प्रोग्राम्स में प्रवेश का रास्ता खोलता है। इसके अलावा कई गैर-IIM संस्थान भी इस स्कोर को मान्यता देते हैं, हालांकि उनके चयन प्रक्रिया में IIM की कोई भूमिका नहीं होती।





