Hindi Newsकरियर न्यूज़कॅरियर काउंसलरupsssc up lekhpal bharti 2025 exam preparation focus on general knowledge syllabus pattern tips
यूपी में लेखपाल की बड़ी भर्ती, कैसे पाएं सफलता? ये टिप्स चयन में होंगे कारगर

यूपी में लेखपाल की बड़ी भर्ती, कैसे पाएं सफलता? ये टिप्स चयन में होंगे कारगर

संक्षेप:

यूपी लेखपाल भर्ती परीक्षा 2025 में सफलता के लिए सामान्य ज्ञान, यूपी जीके और कंप्यूटर की सही रणनीति जानिए। पूरा सिलेबस, एग्जाम पैटर्न और तैयारी के टिप्स यहां जानिए।

Jan 03, 2026 06:08 pm ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग राज्य में लेखपाल पदों पर बंपर भर्ती की तैयारी कर रहा है। 12वीं पास और पीईटी 2025 क्वालिफाई उम्मीदवारों के लिए यह मौका किसी सुनहरे अवसर से कम नहीं है। लेकिन इस परीक्षा में सफलता यूं ही नहीं मिलती। यहां स्मार्ट रणनीति और खासतौर पर सामान्य ज्ञान पर मजबूत पकड़ ही आपको मेरिट तक पहुंचा सकती है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

सामान्य ज्ञान क्यों है लेखपाल परीक्षा की रीढ़

यूपी लेखपाल भर्ती की लिखित परीक्षा में सबसे ज्यादा सवाल विषयगत ज्ञान यानी सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स से पूछे जाते हैं। कुल 100 प्रश्नों में से लगभग 65 प्रश्न इसी सेक्शन से आते हैं। साफ है कि अगर इस हिस्से पर आपकी पकड़ मजबूत है, तो चयन की राह काफी आसान हो जाती है।

यह सेक्शन सिर्फ रटने का नहीं, बल्कि समझ और विश्लेषण की मांग करता है। इतिहास की घटनाएं, संविधान के अनुच्छेद, आर्थिक योजनाएं, पर्यावरणीय मुद्दे और ताजा राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय घटनाएं, सब कुछ यहां मायने रखता है।

विषयवार तैयारी से बनाएं जीत की रणनीति

परीक्षा की तैयारी शुरू करने से पहले सिलेबस को गहराई से समझना जरूरी है। सिलेबस दरअसल आपका रोडमैप होता है। इससे न तो कोई टॉपिक छूटता है और न ही समय बर्बाद होता है।

विषयगत ज्ञान (General Knowledge + Current Affairs)

इस सेक्शन में भारतीय इतिहास, राष्ट्रीय आंदोलन, राज्य व्यवस्था, संविधान, भारत और विश्व का भूगोल, अर्थव्यवस्था, सामाजिक विकास, विज्ञान, पर्यावरण और आपदा प्रबंधन से सवाल पूछे जाते हैं। तैयारी के लिए एनसीईआरटी की किताबें और भरोसेमंद प्रतियोगी पुस्तकें पढ़ें। रोज अखबार पढ़ने की आदत डालें और सरकारी योजनाओं पर खास ध्यान दें।

कंप्यूटर ज्ञान: स्कोर बढ़ाने का आसान मौका

कंप्यूटर ज्ञान से 15 प्रश्न पूछे जाएंगे। यह सेक्शन अपेक्षाकृत आसान माना जाता है, बशर्ते बुनियादी तैयारी हो। यहां कंप्यूटर फंडामेंटल, हार्डवेयर सॉफ्टवेयर, इनपुट आउटपुट डिवाइस, ऑपरेटिंग सिस्टम, एमएस वर्ड, एक्सेल, पावर प्वाइंट, इंटरनेट, ई मेल और नेटवर्किंग से जुड़े सवाल आते हैं। कीबोर्ड शॉर्टकट्स और रोजमर्रा में इस्तेमाल होने वाले आईटी गैजेट्स की जानकारी भी फायदेमंद साबित होती है।

यूपी सामान्य ज्ञान: लोकल फोकस, बड़ा फायदा

यूपी से संबंधित सामान्य जानकारी से 20 प्रश्न पूछे जाते हैं। यह सेक्शन कई उम्मीदवार हल्के में ले लेते हैं, जबकि यहीं से निर्णायक बढ़त मिल सकती है। उत्तर प्रदेश का इतिहास, कला संस्कृति, लोक नृत्य, त्योहार, साहित्य, क्षेत्रीय भाषाएं, प्रशासनिक ढांचा, अर्थव्यवस्था, कृषि, उद्योग, पर्यटन और हालिया राज्य स्तरीय घटनाएं, इन सभी पर गहरी पकड़ बनाएं। खासतौर पर रोज अखबार में यूपी से जुड़ी खबरें जरूर पढ़ें।

परीक्षा का प्रारूप और निगेटिव मार्किंग

लिखित परीक्षा कुल 100 अंकों की होगी, जिसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे तय की गई है। हर गलत उत्तर पर एक चौथाई अंक की कटौती होगी, इसलिए अंधाधुंध अनुमान लगाने से बचना बेहद जरूरी है। प्रश्न पत्र तीन भागों में बंटा होगा- विषयगत ज्ञान, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी और उत्तर प्रदेश सामान्य ज्ञान।

चयन प्रक्रिया कैसे होगी

उम्मीदवारों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। यानी लिखित परीक्षा में अच्छा स्कोर ही आगे का रास्ता तय करेगा।

स्मार्ट स्टडी और टाइम मैनेजमेंट है असली मंत्र

पहली बार परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए लेखपाल परीक्षा चुनौतीपूर्ण हो सकती है। लेकिन सही टाइम टेबल, मॉक टेस्ट, पिछले वर्षों के प्रश्न पत्र और नियमित रिवीजन से यह चुनौती अवसर में बदली जा सकती है। सामान्य ज्ञान को रोजाना थोड़ा थोड़ा पढ़ना, करंट अफेयर्स को नोट्स में बदलना और यूपी जीके को प्राथमिकता देना, यही रणनीति आपको बाकी उम्मीदवारों से आगे ले जा सकती है।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारी लाइव हिन्दुस्तान में बतौर चीफ सब एडिटर कार्यरत हैं। वे करियर, एजुकेशन और जॉब्स से जुड़ी खबरें बनाते हैं। यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी, आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं पर इनकी पैनी नजर रहती है। कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक, जामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2016 में इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत की और लाइव हिन्दुस्तान से पहले जी न्यूज, इंडिया टीवी और एबीपी न्यूज जैसे बड़े मीडिया हाउस में काम कर चुके हैं। करियर, एजुकेशन और जॉब्स के अलावा हिमांशु को राजनीति, देश-विदेश, रिसर्च और मनोरंजन बीट का भी अनुभव है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।