BUMS : दो विषयों में फेल छात्रा को तीसरे वर्ष की बीयूएमएस परीक्षा में बैठने की अनुमति
पटना हाईकोर्ट ने बीयूएमएस की छात्रा खुशबू कुमारी को बड़ी राहत देते हुए उन्हें थर्ड ईयर की मुख्य प्रोफेशनल परीक्षा में बैठने की अनुमति दे दी है। कोर्ट ने एकेयू को 3 अक्टूबर से शुरू होने वाली परीक्षा में शामिल करने का निर्देश दिया है।

पटना हाईकोर्ट ने यूनानी मेडिकल छात्रा को बड़ी राहत दी है। न्यायमूर्ति हरीश कुमार की एकल पीठ ने कदमकुआं स्थित सरकारी तिब्बी कॉलेज में बीयूएमएस 2021-2026 सत्र की छात्रा खुशबू कुमारी की अर्जी को मंजूर करते हुए एकेयू को 3 अक्टूबर से शुरू होने वाली थर्ड ईयर मुख्य प्रोफेशनल परीक्षा में बैठने की अनुमति देने का आदेश दिया है।
कटिहार निवासी खुशबू कुमारी सेकेंड ईयर के फर्स्ट सप्लीमेंट्री परीक्षा 2025 में दो विषयों में फेल हो गई थी, जिसका रिजल्ट 20 अगस्त को प्रकाशित किया गया था। नियम के अनुसार विवि को तय समय में सेकेंड सप्लीमेंट्री परीक्षा करानी थी, लेकिन आज तक परीक्षा नहीं हुई। इसी बीच थर्ड ईयर मेन परीक्षा की तारीख 3 अक्तूबर घोषित कर दी गई। आवेदिका के अधिवक्ता ने एनसीआईएसएम के गजट का हवाला देते हुए कहा कि सेकेंड प्रोफेशनल में एक या दो विषय में फेल छात्र को थर्ड फाइनल प्रोफेशनल सत्र में शामिल करने की की अनुमति दी जा सकती है।
कोर्ट ने सेकेंड सप्लीमेंट्री समय पर नहीं कराने को यूनिवर्सिटी की चूक करार दिया। कहा कि छात्रा का एक साल बर्बाद होगा। कोर्ट ने विवि और कॉलेज को पोर्टल खोल फॉर्म और फीस स्वीकार करने सहित प्रोविजनल एडमिट कार्ड जारी करने का आदेश दिया। यूनिवर्सिटी को उचित समय में सेकेंड सप्लीमेंट्री परीक्षा कराने को कहा।

