Budget 2026 : बजट में रोजगार, स्किल और AI पर क्या होगा ऐलान, युवाओं की खास नजर
संसद में 1 फरवरी सुबह 11 बजे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्तीय वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश करेंगी। सभी युवाओं की नजरें शिक्षा व रोजगार क्षेत्र पर टिकी हुई हैं।

संसद में 1 फरवरी सुबह 11 बजे वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्तीय वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश करेंगी। सभी युवाओं की नजरें शिक्षा व रोजगार क्षेत्र पर टिकी हुई हैं। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत शिक्षा में गुणवत्ता सुधार और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बड़े फैसलों की उम्मीद की जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है बजट में एआई स्किल ट्रेनिंग को लेकर बड़े ऐलान किए जा सकते हैं। जानकारों का मानना है कि शिक्षा में बेहतर नतीजों को पाने के लिए शिक्षकों, बुनियादी ढांचे और तकनीक के विकास में लगातार सरकारी निवेश की जरूरत होगी.
रोजगार को बढ़ावा देने के लिए AI स्किल बजट में 40 प्रतिशत इजाफे की मांग
लॉजिस्टिक क्षेत्र कौशल परिषद (एलएसएससी) के एक बजट सर्वेक्षण में देश में रोजगार बढ़ाने के लिए आगामी आम बजट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) कौशल विकास के परिव्यय में 40 प्रतिशत वृद्धि की मांग की गई है। एक बयान के मुताबिक, यह सिफारिश भारत के कार्यबल को भविष्य के लिए तैयार और विश्वस्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के सरकार के मिशन को गति देगी। सर्वेक्षण में 10 शहरों और 160 कंपनियों को शामिल किया गया। इसमें रोजगार को बढ़ावा देने के लिए एआई-आधारित कौशल और प्रशिक्षण में निवेश को 40 प्रतिशत बढ़ाने का आह्वान किया गया है।
वर्टेक्स ग्रुप के संस्थापक और अध्यक्ष गगन अरोड़ा ने कहा कि जैसा कि आर्थिक समीक्षा में बताया गया है कि भारत की बेरोजगारी दर पांच प्रतिशत पर स्थिर है और श्रम बल की भागीदारी बढ़ रही है। ऐसे में प्रौद्योगिकी और उभरते क्षेत्रों में कौशल की कमी को दूर करना रोजगार सृजन में तेजी लाने के लिए आवश्यक है।
उन्होंने सुझाव दिया कि सरकार को एआई, डेटा विश्लेषण और उभरती प्रौद्योगिकियों में बड़े पैमाने पर कौशल कार्यक्रमों के लिए वर्तमान स्तर से कम से कम 40 प्रतिशत अधिक बजट आवंटन करना चाहिए।
आम बजट पेश करने के बाद 30 कॉलेज के विद्यार्थियों से संवाद करेंगी वित्त मंत्री सीतारमण
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को आम बजट 2026-27 पेश करने के बाद देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 30 कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगी। सीतारमण एक फरवरी को अपना रिकॉर्ड नौवां बजट पेश करने जा रही हैं, जिसमें दो अंतरिम बजट भी शामिल हैं।



