
बिहार में पंप ऑपरेट भर्ती के आवेदन की तारीख बढ़ी, अब 8 फरवरी तक कर लें आवेदन
बिहार तकनीकी सेवा आयोग की पंप ऑपरेटर भर्ती 2025 में 191 पदों पर आवेदन दोबारा शुरू। योग्यता, उम्र सीमा, फीस और आवेदन तारीख की पूरी जानकारी यहां पढ़ें।
अगर आप बिहार में सरकारी नौकरी की तलाश में हैं और आईटीआई कर चुके हैं, तो ये खबर आपके बड़े काम की है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग ने पंप ऑपरेटर भर्ती 2025 का विज्ञापन जारी कर दिया है और खास बात ये है कि जिन उम्मीदवारों से पहले मौका छूट गया था, उनके लिए आवेदन की प्रक्रिया दोबारा खोल दी गई है। तय तारीखों के बीच आवेदन करके आप सीधे सरकारी नौकरी की दौड़ में शामिल हो सकते हैं।
दोबारा खुला आवेदन, जल्दी करें तैयारी
बीटीएससी पंप ऑपरेटर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 31 जनवरी 2026 से शुरू होकर 8 फरवरी 2026 तक लिए जाएंगे। परीक्षा शुल्क जमा करने की आखिरी तारीख भी यही है। परीक्षा की तारीख आयोग समय पर बताएगा और प्रवेश पत्र परीक्षा से पहले जारी किए जाएंगे।
कितनी है फीस और कैसे करें भुगतान
इस भर्ती में आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए एक जैसा रखा गया है। सामान्य, पिछड़ा, अति पिछड़ा, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और सभी वर्ग की महिलाओं के लिए शुल्क 100 रुपये है। फीस ई-चालान या डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और नेट बैंकिंग के जरिए जमा की जा सकती है।
उम्र की शर्त क्या कहती है
उम्मीदवार की उम्र की गणना 1 अगस्त 2025 के आधार पर होगी। न्यूनतम उम्र 18 साल तय की गई है। अधिकतम उम्र पुरुषों के लिए 37 साल और महिलाओं के लिए 40 साल है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के मुताबिक अतिरिक्त छूट दी जाएगी।
कितनी सीटें और किस वर्ग के लिए
इस भर्ती के तहत कुल 191 पद भरे जाएंगे। इनमें सामान्य वर्ग के लिए 77, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 19, अति पिछड़ा वर्ग के लिए 33, पिछड़ा वर्ग के लिए 23, पिछड़ा वर्ग महिला के लिए 6, अनुसूचित जाति के लिए 31 और अनुसूचित जनजाति के लिए 2 पद रखे गए हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
पंप ऑपरेटर पद के लिए उम्मीदवार का दसवीं पास होना जरूरी है। इसके साथ ही आईटीआई में मशीनिस्ट या फिटर ट्रेड से पास होना अनिवार्य है। योग्यता से जुड़ी बाकी बारीक जानकारी के लिए आधिकारिक विज्ञापन जरूर पढ़ना चाहिए।
आवेदन करते समय इन बातों का रखें ध्यान
आवेदन से पहले पूरा विज्ञापन ध्यान से पढ़ लें। अपनी योग्यता, पहचान पत्र, पता और बाकी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें। फोटो, हस्ताक्षर और पहचान पत्र की स्कैन कॉपी भी तैयार रखें। फॉर्म भरने के बाद एक बार पूरा प्रीव्यू जरूर जांचें। शुल्क जमा किए बिना आवेदन पूरा नहीं माना जाएगा। अंत में भरे हुए फॉर्म का प्रिंट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें।





