यूपी पॉलिटेक्निक के 1 लाख से अधिक छात्र अंकों से असंतुष्ट, रीचेकिंग के लिए किया आवेदन
यूपी के राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में पढ़ने वाले एक लाख से अधिक छात्र-छात्राएं सम सेमेस्टर परीक्षा के परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद 1.08 लाख छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया है।

यूपी के राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों में पढ़ने वाले एक लाख से अधिक छात्र-छात्राएं सम सेमेस्टर परीक्षा के परिणाम से संतुष्ट नहीं हैं। परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद 1.08 लाख छात्रों ने पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया है। इतनी बड़ी संख्या में पुनर्मूल्यांकन के आवेदन से परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों की असंतुष्टि का अंदाजा लगाया जा सकता है। पॉलीटेक्निक की सम सेमेस्टर परीक्षाओं में इस बार करीब 2.62 लाख छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। परिणाम घोषित होने के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने अपने अंकों को अपेक्षा से कम बताया। उनका कहना है कि परीक्षा में प्रदर्शन बेहतर होने के बावजूद कई विषयों में कम अंक मिले हैं।
अंकों में सुधार की उम्मीद
इसी उम्मीद में छात्रों ने उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया है कि जांच दोबारा होने पर उनके अंकों में सुधार हो सकता है। प्राविधिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित सम सेमेस्टर परीक्षाओं के परिणाम दो चरणों में जारी किए गए थे। पहला परिणाम 27 जुलाई और दूसरे चरण का परिणाम तीन अगस्त को जारी किया गया था। परिणाम आने के बाद से ही कम अंक मिलने की शिकायतें सामने आने लगी थीं।
इसके बाद छात्रों को पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन का मौका दिया गया। प्रदेश भर के पॉलीटेक्निक छात्रों के बीच पुनर्मूल्यांकन को लेकर इसलिए भी उम्मीद बनी हुई है क्योंकि बड़ी संख्या में विद्यार्थियों का मानना है कि मूल्यांकन के दौरान उनकी उत्तर पुस्तिकाओं में अपेक्षित अंक नहीं दिए गए। वहीं, इतनी बड़ी संख्या में आवेदन होने से मूल्यांकन प्रक्रिया और परिणाम की पारदर्शिता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब छात्रों की नजर पुनर्मूल्यांकन के नतीजे पर है।
एक छात्र ने दो विषयों से अधिक में आवेदन किया
पुनर्मूल्यांकन के लिए लिए एक लाख आठ हजार से अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। आवेदन 2 लाख 52 हजार विषयों के लिए किया है। जिसका मतलब है कि एक छात्र ने कम से कम दो विषयों से अधिक विषयों में आवेदन किया है। प्राविधिक शिक्षा सचिव डा. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन करने वाले परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो गया है। जल्दी ही परिणाम जारी किया जाएगा।


