BTech : एकेटीयू में बीटेक छात्रों को इंजीनियरिंग ब्रांच बदलने का अवसर, जानें क्या हैं शर्तें और नियम
AKTU BTech : एकेटीयू में सत्र 2026-27 के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्रों को शाखा बदलने का मौका मिलेगा, जिसके लिए प्रथम वर्ष की दोनों सेमेस्टर परीक्षाएं पहले प्रयास में पास करना जरूरी होगा।

एकेटीयू में सत्र 2026-27 के बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्रों को शाखा बदलने का मौका मिलेगा। विश्वविद्यालय ने संस्थानों को शाखा परिवर्तन की प्रक्रिया और पात्रता से संबंधित प्रारूप जारी कर दिया है। इसके तहत संस्थान स्तर पर योग्यता क्रम के आधार पर शाखा परिवर्तन किया जाएगा। एकेटीयू परीक्षा नियंत्रक प्रो. दीपक नगरिया ने बताया कि बीटेक में शाखा परिवर्तन के लिए उन्हीं छात्रों पर विचार किया जाएगा, जिन्होंने सत्र 2025-26 में बीटेक प्रथम वर्ष की दोनों सेमेस्टर की परीक्षाएं सभी पेपर पहले प्रयास में उत्तीर्ण की हों। साथ ही छात्र के किसी भी सेमेस्टर या विषय में कैरी ओवर पेपर नहीं होना चाहिए। विश्वविद्यालय के जारी प्रमाणपत्र प्रारूप में संस्थान के प्रधानाचार्य या निदेशक को इन शर्तों की जांच कर प्रमाणित करना होगा। विश्वविद्यालय ने शाखा परिवर्तन के लिए संस्थानों से शाखावार सीटों का पूरा विवरण मांगा है। शाखा परिवर्तन के इच्छुक छात्रों का चयन प्रथम वर्ष के प्राप्त अंकों/वाईजीपीए मेरिट से होगा।
एकेटीयू में बिखरी रंग-बिरंगी छटा
एकेटीयू में हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को तिरंगा कंसर्ट की रंग-बिरंगी छटा से परिसर गुलजार रहा। कार्यक्रम के दौरान छात्रों की देशभक्ति की खुशबू से सजी एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने मन मोह लिया। कुलपति प्रो जेपी पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित तिरंगा कंसर्ट के मुख्य अतिथि विधायक योगेश शुक्ला रहे। कार्यक्रम के दौरान सेना के लेफ्टिनेंट मरणोपरांत कीर्ति चक्र से सम्मानित शहीद शशांक तिवारी के पिता और बहन ऑनलाइन माध्यम से जुड़कर उनकी वीरता के बारे में बताया। परिवार ने बताया कि शशांक शुरू से ही होनहार और हर क्षेत्र में आगे थे। कार्यक्रम में छात्रों ने देश की अनेकता में एकता की शक्ति का दर्शन कराया। इस मौके पर कुलसचिव रीना सिंह, उप कुलसचिव डॉ आरके सिंह, डॉ आकाश वेद, डॉ विनय चतुर्वेदी सहित अन्य मौजूद रहे।
CCSU : दोपहर तक पोर्टल ने रुलाया शाम तक हुए 43 सौ प्रवेश
चौधरी चरण सिंह विवि कैंपस एवं संबद्ध कॉलेजों में बीए, बीएससी, बीकॉम सहित यूजी-पीजी ट्रेडिशनल-प्रोफेशनल के प्रथम वर्ष पाठ्यक्रमों में सोमवार से प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन समर्थ पोर्टल की रफ्तार सुस्त रही। हालांकि दोपहर बाद प्रवेश प्रक्रिया ने थोड़ी रफ्तार पकड़ी और शाम तक 43 सौ प्रवेश पोर्टल पर कंफर्म हो गए। पहली मेरिट से प्रवेश का कल अंतिम दिन रहेगा। छात्रों के अनुसार दोपहर 12 बजे तक समर्थ पोर्टल का सर्वर डाउन रहा और लॉगइन नहीं हुआ। दोपहर बाद पोर्टल से ऑफर लेटर देखे जा सके। इसके बाद छात्र कैंपस एवं कॉलेज पहुंचे और प्रवेश प्रक्रिया पूरी की। प्रवेश समन्वयक प्रो.भूपेंद्र सिंह के अनुसार सोमवार शाम तक 43 सौ प्रवेश ऑनलाइन कंफर्म हुए हैं। पोर्टल में कुछ दिक्कतें से लॉगइन नहीं कर सके थे, लेकिन बाद में समाधान हो गया। प्रो.भूपेंद्र सिंह के अनुसार छात्र समर्थ पोर्टल पर लॉगइन करके डैशबोर्ड चेक करते रहें। कैंपस एवं कॉलेज में मेरिट में नाम आने पर छात्रों को डैशबोर्ड पर ऑफर लेटर भेजा जाएगा। कैंपस से फीस जमा करने का लिंक मिलेगा जबकि कॉलेज से ऑफर लेटर। यदि ऑफर लेटर मिला है तो छात्र इसे प्रिंट करते हुए संबंधित कॉलेज या संस्थान में जाकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। विवि में पहली मेरिट से कल प्रवेश की अंतिम तिथि होगी।


