आईआईआईटी में बीटेक के 4 छात्रों को 1.58 करोड़ का पैकेज, शानदार रही औसत सैलरी
IIIT Campus Placement : आईआईआईटी प्रयागराज के बीटेक 2026 बैच का कुल प्लेसमेंट 96.25 प्रतिशत रहा। बीटेक आईटी के 4 छात्रों को सर्वाधिक 1.58 करोड़ रुपये का पैकेज मिला। औसत सीटीसी करीब 32.50 लाख रहा।

IIIT BTech Campus Placement : ट्रिपलआईटी प्रयागराज के बीटेक 2026 बैच के 480 विद्यार्थियों ने प्लेसमेंट के लिए पंजीकरण कराया, जिनमें 462 का चयन हुआ। इस तरह कुल प्लेसमेंट 96.25 प्रतिशत रहा। बीटेक इंफार्मेशन टेक्नॉलाजी के चार विद्यार्थियों को सर्वाधिक 1.58 करोड़ रुपये का पैकेज मिला। चयनित विद्यार्थियों का औसत वार्षिक सीटीसी करीब 32.50 लाख और मध्यिका सीटीसी 26 लाख रुपये रही। विद्यार्थियों को 46 प्री-प्लेसमेंट ऑफर, छह माह के ऑन-साइट इंडस्ट्री इंटर्नशिप के साथ 119 फुल-टाइम जॉब ऑफर और 97 विशिष्ट फुल-टाइम ऑफर मिले। 200 विद्यार्थियों को प्रदर्शन आधारित रोजगार के अवसर भी मिले। एमटेक के 145 पंजीकृत विद्यार्थियों में 112 का चयन हुआ और प्लेसमेंट दर 77.24 प्रतिशत रही।
13 सितंबर को ग्लोबल एल्युमनी मीट-2026
ट्रिपलआईटी में 13 सितंबर को ग्लोबल एल्युमनी मीट-2026 का आयोजन होगा। इसमें पूर्व छात्रों, शिक्षाविदों व उद्योग जगत के विशेषज्ञों की सहभागिता होगी। इस वर्ष पहली बार विद्यार्थियों के प्रोजेक्ट की प्रदर्शनी और संस्थान द्वारा पोषित चुनिंदा स्टार्टअप के शोकेस व डेमो आयोजित किए जाएंगे। उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना है। संस्थान और उद्योग जगत व पूर्व छात्र उद्यमियों के बीच दो से तीन समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर की संभावना है। चार श्रेणियों में प्रतिष्ठित पूर्व छात्र एल्युमनी गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में सम्मानित होंगे। पूर्व छात्र विभागों का भ्रमण कर विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन और मेंटरशिप भी देंगे।
- प्रयागराज, कार्यालय संवाददाता
दीक्षांत में 728 विद्यार्थियों को मिलेंगी उपाधियां
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआईटी) का 21वां दीक्षांत समारोह 12 सितंबर को दोपहर 2:30 बजे से प्रस्तावित है। समारोह में कुल 728 विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियां दी जाएंगी। इनमें 466 स्नातक, 210 स्नातकोत्तर, एमटेक-पीएचडी के 13 दोहरी उपाधि धारक, एमबीए-पीएचडी का एक विद्यार्थी, कार्यरत पेशेवरों के लिए पीएचडी के सात विद्यार्थी और 31 शोधार्थी शामिल हैं। मेधावी विद्यार्थियों को 22 पदक भी प्रदान किए जाएंगे। यह जानकारी गुरुवार को निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावने ने प्रेसवार्ता में दी।
निदेशक ने बताया कि स्नातक स्तर पर 281 विद्यार्थियों को बीटेक (आईटी), 140 को बीटेक (इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग) और 45 को बीटेक (बिजनेस इंफॉर्मेटिक्स) की उपाधि मिलेगी। इसके अलावा एमटेक, एमबीए समेत अन्य स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के 210 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की जाएंगी। समारोह के मुख्य अतिथि प्रो. अरविंद ए. नाटू, अध्यक्ष, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स, भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर) कोलकाता होंगे। विशिष्ट अतिथि प्रो. भीम सिंह और ट्रिपलआईटी के पूर्व छात्र एवं डिसेक्ट एआई के संस्थापक एवं सीईओ अपूर्व कुमार होंगे।


