BTech : IIT का बड़ा फैसला, बीटेक में अब कम छात्रों को करेगा फेल, देगा बीटेक पास की डिग्री, क्या है शर्त
आईआईटी खड़गपुर में वे छात्र जो बीटेक (ऑनर्स) डिग्री के लिए जरूरी 10 में से न्यूनतम 6 सीजीपीए (क्यूम्युलेटिव ग्रेड पॉइंट एवरेज) हासिल नहीं कर पाते हैं, तो उन्हें बीटेक पास की डिग्री दी जाएगी।

आईआईटी खड़गपुर में वे छात्र जो बीटेक (ऑनर्स) डिग्री के लिए जरूरी 10 में से न्यूनतम 6 सीजीपीए (क्यूम्युलेटिव ग्रेड पॉइंट एवरेज) हासिल नहीं कर पाते हैं, तो उन्हें बीटेक पास की डिग्री दी जाएगी। लेकिन उन्हें ये बीटेक पास की डिग्री तभी दी जाएगी जब उनका सीजीपीए 5 या उससे अधिक होगा। वर्तमान नियम के मुताबिक 6 से कम सीजीपीए पाने वाले छात्रों को कोई डिग्री नहीं दी जाती है। आईआईटी संस्थान के अधिकारियों के अनुसार वर्ष 2027 में स्नातक होने वाले छात्र इस नए नियम का लाभ पाने वाला पहला बैच होंगे। आईआईटी खड़गपुर भारत के 23 आईआईटी में पहला संस्थान है जिसने बीटेक पास डिग्री शुरू करने का फैसला किया है।
अधिकारियों ने बताया कि छात्रों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को कम करने के उद्देश्य से लिया गया यह निर्णय बुधवार को आईआईटी की सीनेट की बैठक में औपचारिक रूप से मंजूर किया गया। सीनेट के एक सदस्य ने कहा, 'अब तक न्यूनतम 6 सीजीपीए हासिल न करने वाले छात्रों को कोई डिग्री नहीं दी जाती थी। नई व्यवस्था में जिन छात्रों का सीजीपीए 5 या उससे अधिक लेकिन 6 से कम होगा, उन्हें बीटेक पास डिग्री दी जाएगी, ताकि चार साल की उनकी मेहनत बेकार न जाए।'
किन छात्रों को माना जाएगा फेल
जिन छात्रों का सीजीपीए 5 से कम होगा, उन्हें फेल माना जाएगा। आईआईटी खड़गपुर के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने कहा, ‘बीटेक पास डिग्री लागू करने का मकसद छात्रों के मानसिक तनाव को कम करना था। जो छात्र पास हुए हैं, उन्हें डिग्री मिलनी चाहिए। इसलिए हमने बीटेक पास डिग्री देने का फैसला किया है। केवल 6 सीजीपीए पाने तक उन्हें रोकना उचित नहीं है क्योंकि इससे तनाव और चिंता बढ़ती है। हालांकि यदि छात्र अपने अंक सुधारना चाहते हैं, अतिरिक्त कोर्स करना चाहते हैं और दोबारा परीक्षा देना चाहते हैं, तो हम उन्हें पूरा प्रोत्साहन देंगे।’
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक संस्थान के शिक्षकों ने बताया कि कई छात्र विभिन्न कारणों से ऐसे विषय चुन लेते हैं जिनमें उनकी रुचि नहीं होती और ऐसे में वे आवश्यक सीजीपीए हासिल करने में कठिनाई महसूस करते हैं। एक प्रोफेसर ने कहा, 'अपनी क्लास के साथ वालों को ऑनर्स डिग्री के साथ स्नातक होते देखना और खुद डिग्री से वंचित रह जाना भारी मानसिक तनाव पैदा करता है। यह कदम 6 से कम सीजीपीए वाले छात्रों को आईआईटी से डिग्री पाने में मदद करेगा। इसके बाद वे प्रतियोगी परीक्षाओं में बैठ सकते हैं और एक अच्छी नौकरी हासिल कर सकते हैं।'
दोबारा परीक्षा देकर अधिक लाना बेहद मुश्किल
एक अन्य शिक्षक ने कहा कि 5 या उससे थोड़ा अधिक सीजीपीए वाले छात्रों के लिए दोबारा परीक्षा देकर 6 या उससे अधिक अंक लाना बेहद कठिन होता है। उन्होंने कहा, ‘जिस छात्र का सीजीपीए 5.8 है, उसके पास दोबारा परीक्षा देने पर 6 तक पहुंचने का मौका रहता है।’ छात्रों ने इस फैसले का स्वागत किया है।
एक छात्र ने कहा, 'ऑनर्स डिग्री के लिए आवश्यक सीजीपीए हासिल करने में संघर्ष कर रहे छात्रों को इससे निश्चित रूप से राहत मिलेगी।'

लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी




