आईआईटी के छात्र अब अकेले रूम में नहीं रहेंगे, साहिल की खुदकुशी के बाद संस्थान ने बनाया नया प्लान
साहिल की खुदकुशी से हुई मौत के बाद आईआईटी बॉम्बे अब छात्रों की चिंताओं को दूर करने के लिए कई अहम कदम उठाने की तैयारी कर रहा है। IIT बॉम्बे कैंपस के सभी हॉस्टलों में ट्विन-शेयरिंग मॉडल लागू करने की योजना पर विचार कर रहा है।

20 साल के बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की खुदकुशी से हुई मौत के बाद आईआईटी बॉम्बे अब छात्रों की चिंताओं को दूर करने के लिए कई अहम कदम उठाने की तैयारी कर रहा है। संस्थान से जुड़े सूत्रों के मुताबिक IIT बॉम्बे कैंपस के सभी हॉस्टलों में ट्विन-शेयरिंग मॉडल लागू करने की योजना पर विचार कर रहा है। यानी रूम में एक नहीं दो छात्र रहेंगे। रिपोर्ट के मुताबिक यह संस्थान की दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है। भविष्य में बनाए जाने वाले नए हॉस्टलों में दो छात्रों के लिए शेयरिंग कमरे की व्यवस्था अपनाए जाने की संभावना है। सोमवार को आयोजित संस्थान के ओपन हाउस कार्यक्रम में भी इस प्रस्ताव पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक और अन्य अधिकारी मौजूद थे।
फिलहाल IIT बॉम्बे में फर्स्ट ईयर के छात्रों को शेयरिंग रूम दिए जाते हैं। इसके बाद जैसे-जैसे छात्र उच्च कक्षाओं में पहुंचते हैं, उन्हें अपने अपने अलग कमरे मिल जाते हैं। प्रस्तावित ट्विन-शेयरिंग मॉडल के तहत फर्स्ट ईयर के बाद वाली बड़ी क्लास के छात्रों के लिए भी दो लोगों के शेयरिंग कमरे की व्यवस्था बनाए रखने पर विचार किया जा रहा है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक संस्थान का प्रशासन छात्रों से कल्याण से जुड़े मामलों की पहचान के लिए फैकल्टी सदस्यों, अधिकारियों और विशेषज्ञों से भी सलाह ले रहा है। बुधवार सुबह प्रशासन की ओर से फैकल्टी सदस्यों से सुझाव मांगने के लिए एक गूगल फॉर्म साझा किया गया। इसके अलावा संस्थान स्तर और विभागीय स्तर पर फैकल्टी सदस्यों के साथ बैठकें भी आयोजित की गईं। इन बैठकों में छात्रों के लिए अतिरिक्त सहायता और सुविधाएं उपलब्ध कराने के उपायों पर चर्चा की गई।
एक वरिष्ठ प्रोफेसर ने बताया कि संस्थान मौजूदा सुविधाओं की समीक्षा कर रहा है और इस समीक्षा के आधार पर आगे की योजनाएं तैयार की जाएंगी।
छह हॉस्टलों में बढ़ाए गए काउंसलिंग के घंटे
घटना के बाद छात्रों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता अधिक आसानी से उपलब्ध कराने के लिए IIT बॉम्बे ने काउंसलिंग सुविधाओं को भी बढ़ाया है। बुधवार को संस्थान के डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स ने छात्रों को ईमेल भेजकर छह हॉस्टलों और स्टूडेंट्स वेलनेस सेंटर कार्यालय में काउंसलिंग के समय को बढ़ाने की जानकारी दी। इसका मकसद जरूरतमंद छात्रों को काउंसलिंग और सहायता आसानी से उपलब्ध कराना था।
बाहरी काउंसलिंग की सुविधा
IIT बॉम्बे ने एक अन्य ईमेल के जरिए अपनी पुरानी नीति को भी दोहराया जिसके तहत छात्र संस्थान के बाहर उपलब्ध काउंसलिंग सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। जो छात्र संस्थान से जुड़े बाहरी काउंसलिंग एजेंसी से सहायता लेना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं। संस्थान ने कहा है कि ऐसी काउंसलिंग के लिए होने वाले खर्च की भरपाई की जाएगी। छात्रों को अपने मेंटर्स के माध्यम से भी काउंसलर से संपर्क करने के लिए प्रोत्साहित किया गया है। IIT बॉम्बे ने विभिन्न काउंसलिंग सेवाओं के संपर्क नंबर भी साझा किए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर छात्रों को सहायता मिल सके।

