बिहार में BSSC के खिलाफ आग बबूला अभ्यर्थी, इंटर लेवल समेत इन मांगों को लेकर आंदोलन तेज
BSSC Inter level exam date : बीएसएससी की सुस्ती के खिलाफ आंदोलन तेज होता जा रहा है। आक्रोशित अभ्यर्थी बीते कई दिनों से द्वितीय इंटर स्तरीय परीक्षा और सीजीएल 4 परीक्षा की तिथियां घोषित करने की मांग कर रहे हैं।

BSSC Inter level exam date : बिहार में बीएसएससी यानी बिहार कर्मचारी चयन आयोग की सुस्ती के खिलाफ आंदोलन तेज होता जा रहा है। आक्रोशित अभ्यर्थी बीते कई दिनों से द्वितीय इंटर स्तरीय परीक्षा और सीजीएल 4 परीक्षा की तिथियां घोषित करने की मांग कर रहे हैं। आपको बता दें कि बीएसएससी ने तीन साल पहले 2023 में द्वितीय इंटर स्तरीय परीक्षा के लिए आवेदन लिया था। अभी तक इसकी प्रारंभिक परीक्षा की तिथि तय नहीं हो सकी है। वर्ष 2023 के सितंबर से आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई। इसमें कई बार संशोधन हुए। तीन वर्षों में चार बार रिक्तियां बढ़ीं। दस बार निर्देश बदले। परीक्षा ऑफलाइन होगी या ऑनलाइन, यह स्पष्ट नहीं है। अब रिक्तियां बढ़कर 26426 हो चुकी है। परीक्षा के लिए 36 लाख आवेदन आए हैं।
10 लाख युवाओं को एक साल से CGL एग्जाम का इंतजार
बिहार कर्मचारी आयोग ने चतुर्थ स्नातक स्तरीय सीजीएल एक साल से अटकी हुई है। इसका विज्ञापन अगस्त 2025 को निकाला था। उस समय 1064 सीटें थीं। अब 1883 सीटें हो गई हैं। इस परीक्षा के लिए लगभग आवेदक 10 लाख हैं।
682 पदों पर 4 लाख आवेदन, अब तक एग्जाम की तारीख घोषित नहीं
बिहार कर्मचारी चयन आयोग ने मार्च 2025 में प्रखंड संख्यिकी पदाधिकारी का विज्ञापन निकाला था। इसके लिए 682 पदों के लिए आवेदन लिया गया। अब तक प्रारंभिक परीक्षा की तिथि घोषित नहीं की गई है। 4 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी करने वाले बीएसएससी इंटर स्तरीय का आवेदन करने वाले लाखों अभ्यर्थी तीन साल से प्रीलिम्स परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। गुस्साय अभ्यर्थियों का कहना है कि उनकी उम्र भी बढ़ती जा रही है। कोचिंग का खर्चा वहन करना मुश्किल हो रहा है। आयोग को फौरन सीजीएल और इंटर लेवल परीक्षा कराकर नई भर्तियां निकालनी चाहिए। एक अभ्यर्थी राहुल कुमार ने बताया कि सभी परीक्षाओं का हाल खराब है। खासकर बीएसएससी की परीक्षा हमेशा देर से होती है। अभिभावकों का भी दबाव अलग रहता है। रूम रेंट भी बढ़ गया है। बढ़ती महंगाई से परेशानी बढ़ी है।
संविदा कर्मियों को दिए जा रहे 25 फीसदी अतिरिक्त अंकों के वेटेज का विरोध
इसके साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में संविदा कर्मियों को दिए जा रहे 25 फीसदी अतिरिक्त अंकों/वेटेज का विषय भी लाखों अभ्यर्थियों के लिए अहम है। इस व्यवस्था से सामान्य अभ्यर्थियों के बीच समान अवसर और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा को लेकर चिंता पैदा हो रही है। ऐसे में अभ्यर्थियों ने मांग की है कि संविदा कर्मियों को दिया जा रहा 25 फीसदी वेटेज वापस लिया जाए और सभी अभ्यर्थियों के लिए समान एवं निष्पक्ष प्रतियोगिता सुनिश्चित की जाए।
क्या क्या हैं मांगें
- बीएसएससी इंटर लेवल परीक्षा की तिथि शीघ्र घोषित की जाए।
- CGL-4 परीक्षा का आयोजन जल्द कराया जाए।
- आगामी परीक्षाओं के लिए बीएसएससी और बीपीएसएससी का नियमित एवं समयबद्ध परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाए।
- संविदा कर्मियों को दिया जा रहा 25 फीसदी वेटेज/अतिरिक्त अंक वापस लिया जाए।
- सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर और समान प्रतियोगिता का अधिकार सुनिश्चित किया जाए।
- भर्ती एवं परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध बनाया जाए।
अभ्यर्थियों के पास कोई स्पष्ट और बाध्यकारी परीक्षा कैलेंडर नहीं है। लाखों युवा वर्षों से तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें यह निश्चित रूप से पता नहीं होता कि परीक्षा कब होगी। इससे उनकी पढ़ाई, उम्र सीमा, आर्थिक स्थिति और भविष्य की योजनाओं पर सीधा असर पड़ता है।
छात्र नेता दिलीप कुमार ने कहा कि बीएसएससी और बीपीएसएससी को वार्षिक कैलेंडर जारी होना चाहिए। कब भर्ती निकलेगी, कब एग्जाम होगा, सब समय पर हो। पारदर्शिता के साथ सब होना चाहिए। परीक्षा खत्म होने के 10-12 दिन में उसकी आंसर-की आनी चाहिए ताकि उन्हें पता चल सके कि आयोग प्रश्नों का क्या उत्तर मान रहा है।
एक अभ्यर्थी ने सोशल मीडिया पर लिखा- 'माननीय मुख्यमंत्री जी, बिहार के लाखों युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने हेतु राज्य की सभी प्रतियोगी परीक्षाओं में समग्र सुधार की अत्यंत आवश्यकता है: UPSC की तर्ज पर फिक्स वार्षिक परीक्षा कैलेंडर पेपर लीक विरोधी कड़े कानून का शत-प्रतिशत पालन, ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी व समयबद्ध आंसर-की, निष्पक्ष जांच व डिजिटल ट्रैकिंग , आपसे न्याय और ठोस नीति की अपील है।'
एक और अन्य ने लिखा, 'BSSC की लंबित भर्ती परीक्षाओं का आयोजन न होने से राज्य के लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। वर्षों से तैयारी कर रहे युवाओं की उम्र सीमा समाप्त हो रही है।

