BSEB Bihar Board 12th Exam : बिहार बोर्ड 12वीं परीक्षा में 2 बार होगी तलाशी, हर छात्र का जारी हुआ यूनिक आईडी
बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा दो फरवरी से 13 फरवरी तक होगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी शामिल होंगे। राज्यभर में 1,762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट की परीक्षा दो फरवरी से 13 फरवरी तक होगी। दो पालियों में होने वाली इस परीक्षा में कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी शामिल होंगे। राज्यभर में 1,762 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में 6,75,844 छात्राएं और 6,42,002 छात्र शामिल होंगे। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रवेश प्रारंभ होगा। बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा को लेकर जारी एडमिट कार्ड और बिहार बोर्ड के भेजे उपस्थिति पत्रक से परीक्षार्थियों का मिलान होगा। दोनों की फोटो मिलने के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। बिहार बोर्ड ने शुक्रवार को यह निर्देश जारी किया। बोर्ड ने सभी केन्द्राधीक्षकों को इसका सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। कहा है कि हर विद्यार्थी का यूनिक आईडी जारी किया गया है। बोर्ड ने कहा है कि सभी विषयों में प्रश्नपत्र का 10 सेट कोड होगा।
निर्देश दिया गया है कि सभी परीक्षार्थियों की दो स्तर पर तलाशी होगी। पहली परीक्षा भवन में प्रवेश करते समय और दूसरा परीक्षा कक्ष में वीक्षक के द्वारा। प्रवेश के समय गेट पर प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी और पुलिस बल की मदद से जांच की प्रक्रिया की जाएगी। वहीं, वीक्षकों को परीक्षार्थियों की जांच के बाद घोषणा पत्र भी देना है कि सही से जांच कर ली गई है।
बोर्ड ने निर्देश दिया है कि वैसे दिव्यांग परीक्षार्थी जो स्वयं लिखने में असमर्थ हैं, उनके अनुरोध पर विभाग श्रुतिलेखक उपलब्ध कराएगा। दिव्यांग परीक्षार्थी नियमानुसार खुद भी श्रुतिलेखक ला सकते हैं। परीक्षार्थियों को ऑबजेक्टिव से लेकर सब्जेक्टिव में दोगुना विकल्प मिलेगा। 2 और 5 अंक के भी सवालों में यह व्यवस्था रहेगी। बोर्ड ने निर्देश दिया है कि 500 परीक्षार्थियों पर एक वीडियोग्राफर तैनात रहेगा।
एक घंटा पहले होगा केन्द्रों पर एनाउंसमेंट
सभी परीक्षा केन्द्रों को एक घंटा पहले प्रवेश को लेकर एनाउंसमेंट करना होगा। जिन केन्द्र पर एक तरफ चहारदीवारी नहीं है, तालाब या झाड़ियां उगी हैं, वहां अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था का निर्देश दिया गया है। जिले में ऐसे केन्द्र की संख्या चार है जहां अतिरिक्त पुलिस बल लगाए जाएंगे।
20 से अधिक केन्द्रों ने नहीं दी सीट प्लानिंग
मुजफ्फरपुर में इंटर परीक्षा में शुक्रवार शाम तक 20 से अधिक केन्द्रों ने सीट प्लानिंग नहीं दी। 30 जनवरी तक का समय सभी केन्द्राधीक्षकों को इसके लिए दिया गया था। परीक्षा के लिए जिले में 81 केन्द्र बनाए गए हैं। सभी केन्द्राधीक्षकों को इस बार दो दिन पहले ही सीट प्लान और प्रश्नपत्र डिस्ट्रीटयूशन चार्ट बनाकर डीईओ कार्यालय में उपलब्ध कराना था। इसके तहत केन्द्राधीक्षकों को बताना था कि प्रश्नपत्र के 50, 20 और 10 वाले पैकेट कितने आए। किस पैकेट को किस परीक्षा कक्ष में खोला जाना है। इसमें कक्ष की संख्या और इसमें वितरित किए जाने वाले प्रश्नपत्रों की संख्या भी सिटिंग प्लान के अनुसार देनी थी। डीईओ अरविन्द कुमार सिन्हा ने कहा कि शनिवार सुबह 11 बजे तक का अल्टीमेटम इन केंद्राधीक्षकों दिया गया है।
आज करना है वीक्षकों को योगदान, कल होगी ट्रेनिंग
डीईओ ने कहा कि परीक्षा में 3500 वीक्षक लगाए गए हैं। शनिवार को सभी वीक्षकों को योगदान करना है। रविवार को उनकी ट्रेनिंग केन्द्रों पर केन्द्राधीक्षक कराएंगे। कई वीक्षक पहली बार परीक्षा कराएंगे। ऐसे में उन्हें सारी जानकारी दी जाएगी।
19 केन्द्रों पर देर शाम तक पहुंचाए गए बेंच-डेस्क
इंटर परीक्षा में 19 केन्द्रों पर बेंच-डेस्क की जरूरत बताई गई। इसमें निजी स्कूल में बनाए गए केन्द्र अधिक थे। पास के मिडिल स्कूल से इन केन्द्रों पर बेंच-डेस्क शुक्रवार देर शाम तक पहुंचाए गए।
ट्रेनिंग नहीं, वीक्षण कार्य में जाएंगे शिक्षक
मुजफ्फरपुर। एक ही शिक्षक की ड्यूटी आवासीय ट्रेनिंग में भी लग गई तो साथ में इंटर परीक्षा के वीक्षण का भी पत्र आ गया। जिले के दर्जनों शिक्षक इसे लेकर हलकान रहे। शिक्षा भवन में देर शाम ऐसे शिक्षक अपने दोनों पत्र लेकर पहुंचते रहे। डीईओ ने कहा कि जिन शिक्षकों को दोनों पत्र आया है, वे ट्रेनिंग में नहीं जाकर इंटर परीक्षा में वीक्षण कार्य करेंगे। इनकी ट्रेनिंग बाद में होगी। उधर, इंटर वीक्षण कार्य में लगाए गए वीक्षकों में से 100 से अधिक एक बार में बीमार पड़ गए हैं। कई वीक्षक के पति या पत्नी आवेदन लेकर कार्यालय में पहुंचते रहे। डीईओ ने कहा कि बहाना करने वालों पर कार्रवाई होगी।
मुजफ्फरपुर जिले के चार केन्द्रों के केन्द्राधीक्षक (सीएस) बदले गए हैं। शुक्रवार देर शाम बिहार बोर्ड ने बदले हुए केन्द्राधीक्षकों की सूची जिले को भेजी। बोर्ड ने डीईओ को निर्देश दिया है कि संबंधित परीक्षा केन्द्रों के केन्द्राधीक्षक ने सेवानिवृत्ति समेत अन्य कारण का हवाला देते हुए आवेदन दिया है। ऐसे में इन केन्द्रों पर परिवर्तन किया जा रहा है। जिले में नए सीएस के तौर पर एमएसकेबी में शाहिदा फिरदौस, नीतिश्वर कॉलेज में डॉ. शशि कुमार पासवान, हाईस्कूल छपरा में विनीता कुमारी और छाजन मोहिनी में डॉ. अनिता सिंह रहेंगे।

लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी




