Bihar Board : बिहार बोर्ड 10वीं 12वीं की मार्कशीट पर अब नहीं लिखा जाएगा फेल
बिहार बोर्ड मैट्रिक-इंटर के परीक्षार्थियों की मार्कशीट पर अब फेल नहीं लिखा जाएगा। फेल की जगह प्रमाण पत्र पर कौशल के लिए पात्र शब्द का प्रयोग होगा। इसके लिए नियम में बदलाव होगा।

बिहार बोर्ड मैट्रिक-इंटर के परीक्षार्थियों की मार्कशीट पर अब फेल नहीं लिखा जाएगा। फेल की जगह प्रमाण पत्र पर कौशल के लिए पात्र शब्द का प्रयोग होगा। इसके लिए नियम में बदलाव होगा। इस बाबत शिक्षा विभाग जल्द ही बिहार बोर्ड को निर्देश जारी करेगा। गुरुवार की रात समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि मैट्रिक की पूरक परीक्षा देने वालों के लिए एक माह तक विशेष कक्षाएं चलाई जाएंगी। बैठक में 5 सितंबर को श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित शिक्षक दिवस समारोह की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शिक्षक सहयोग पोर्टल की भी शुरुआत करेंगे।
16 सितंबर 2026 तक भरे परीक्षा फॉर्म
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की ओर से मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इंटर का परीक्षा फॉर्म वेबसाइट intermediate.biharboardonline.com और मैट्रिक का परीक्षा फॉर्म वेबसाइट exam.biharboardonline.org के माध्यम से शिक्षण संस्थान के प्रधान भरेंगे। फॉर्म की एक प्रति शिक्षण संस्थान के प्रधान के पास जमा होगी और दूसरी प्रति पर प्रधान के हस्ताक्षर, मुहर एवं तिथि अंकित कर छात्र को पावती के रूप में वापस दी जाएगी।
छात्र फॉर्म भरने से पहले अपने मूल सूचीकरण प्रमाण पत्र से सभी विवरणों (नाम, माता-पिता का नाम, जन्म तिथि, विषय आदि) का मिलान अवश्य कर लें।
महत्वपूर्ण निर्देश
-अनिवार्य संपर्क विवरण: प्रत्येक छात्र के लिए मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी देना अनिवार्य है। एक छात्र के लिए केवल एक ही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी पंजीकृत होनी चाहिए।
-त्रुटि सुधार: यदि किसी विद्यार्थी के मूल सूचीकरण प्रमाण पत्र में कोई त्रुटि (जैसे वर्तनी, लिंग, जाति, विषय आदि) है, तो ऑनलाइन फॉर्म भरने की अवधि के दौरान शिक्षण संस्थान के प्रधान द्वारा उसमें सुधार किया जा सकता है।
-प्रवेश पत्र की अनिवार्यता: निर्धारित तिथि के भीतर फॉर्म न भरने और परीक्षा शुल्क जमा न करने वाले विद्यार्थियों का प्रवेश पत्र जारी नहीं किया जाएगा।


