Hindi Newsकरियर न्यूज़BPSC TRE 4 Vacancy: Bihar Teacher Recruitment 27000 vacancies notification in January bihar education minister sunil
BPSC TRE 4 : बीपीएससी टीआरई 4 में 27000 शिक्षकों की होगी भर्ती, बिहार शिक्षा मंत्री ने बताया नोटिफिकेशन कब तक

BPSC TRE 4 : बीपीएससी टीआरई 4 में 27000 शिक्षकों की होगी भर्ती, बिहार शिक्षा मंत्री ने बताया नोटिफिकेशन कब तक

संक्षेप:

BPSC TRE 4 Vacancy: शिक्षा मंत्री ने बताया कि चौथे चरण में प्राथमिक, मध्य विद्यालय और प्लस-टू स्तर पर 27,000 से अधिक पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए विभाग द्वारा सभी जिलों से रिक्तियों का अद्यतन ब्योरा मंगाया जा रहा है।

Dec 09, 2025 05:58 am ISTPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, भोरे (गोपालगंज)
share Share
Follow Us on

BPSC TRE 4.0 Notification : बीपीएससी टीआरई 4 भर्ती का नोटिफिकेशन 26 जनवरी तक आ जाएगा। यह जानकारी बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने गोपालगंज के भोरे में पत्रकारों को दी। वे भोरे स्थित गंडक परिसर में आयोजित एनडीए कार्यकर्ताओं के भोज में शामिल होने पहुंचे थे। मंत्री ने बताया कि इस चरण में प्राथमिक, मध्य विद्यालय और प्लस-टू स्तर पर 27,000 से अधिक पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए विभाग द्वारा सभी जिलों से रिक्तियों का अद्यतन ब्योरा मंगाया जा रहा है। रोस्टर तैयार होते ही बहाली की औपचारिक शुरुआत कर दी जाएगी। शिक्षा विभाग लगातार बीपीएससी के साथ समन्वय बनाकर काम कर रहा है, ताकि भर्ती प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके। सरकार का लक्ष्य है कि नई बहाली से विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पूरी तरह दूर हो और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार आए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

शिक्षकों की रिक्ति 23 जिलों ने अब तक नहीं भेजी

बिहार के स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर बहाली में देरी तय है। कारण है कि शिक्षा विभाग को अब भी राज्य के 38 जिलों में से 15 से ही कक्षा एक से 12 तक में शिक्षकों की रिक्ति मिली है। सभी जिलों से रिक्ति नहीं आने से विद्यालय अध्यापक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई 4) आयोजन की तिथि भी तय नहीं हो पा रही है। रोहतास, भोजपुर, औरंगाबाद, पश्चिम चंपारण, शिवहर, पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर, बांका और गया सहित 15 जिलों ने ही शिक्षकों की रिक्ति भेजी है। सभी जिलों से रिक्ति मिलने और रोस्टर क्लियरेंस के बाद ही विद्यालय अध्यापक नियुक्ति परीक्षा (टीआरई 4) के लिए रिक्ति बीपीएससी को भेजी जाएगी।

दरअसल, राज्य में 78 हजार प्रारंभिक से लेकर उच्च माध्यमिक स्कूलों में शिक्षकों के रिक्त पदों की सूचना मांगी जा रही है। इसके लिए शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों ने जिलों को पत्र सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रिक्ति मांगी है। पिछले दिनों शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर ने रिक्ति नहीं भेजने वाले जिलों के अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी थी। इसके बाद भी रिक्ति नहीं मिल रही है।

इसके पहले 21 सितंबर को तत्कालीन शिक्षा मंत्री ने प्रेस वार्ता कर बताया था सितंबर अंत तक रिक्ति बीपीएससी को चली जाएगी। शिक्षा विभाग ने टीआरई 4 में संभावित रिक्ति 26 हजार बतायी थी। यह भी कहा गया था कि टीआरई 4 दिसंबर तक हो जाएगी। इसके बाद टीआरई 5 अगले वर्ष 2026 में आयोजन की बात कही थी। इसके पहले सभी विषयों की एसटीईटी करा कर 16 नवंबर को रिजल्ट जारी करने की बात कही गई थी। लेकिन अभी विभिन्न विषयों के लिए एसटीईटी (माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा) आयोजित ही की जा रही है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार विभिन्न जिलों से कक्षा एक से 12 तक लगभग एक लाख शिक्षकों की रिक्ति आने की संभावना है। शिक्षक नियुक्ति दो चरणों में होगी। पिछले दो वर्षों में बीपीएससी की अनुशंसा पर तीन चरणों में 2 लाख 68 हजार 548 अध्यापकों की बहाली हुई है। पहले चरण में एक लाख 2 हजार 871 तो दूसरे चरण में 69 हजार 500 अध्यापक नियुक्त हुए।

भर्ती में डोमिसाइल लागू की जाएगी

टीआरई 4 में पहली बार व्यवस्था होगी कि राज्य के युवाओं के लिए लगभग 85 फीसदी सीटें रिजर्व रहेंगी। 15 फीसदी सीटों पर ही दूसरे राज्य के निवासी और बिहार के वैसे निवासी जिनकी मैट्रिक और इंटरमीडिए की डिग्री दूसरे राज्यों की है, की भर्ती होगी। डोमिसाइल लागू होने से बिहार के अधिक युवाओं को शिक्षक बनने का मौका मिलेगा। कक्षा 5 तक के लिए शिक्षक भर्ती में 50 प्रतिशत और अन्य कोटि में 35 प्रतिशत आरक्षण का लाभ सिर्फ बिहार की महिला अभ्यर्थियों को ही मिलेगा। पहले तीन चरणों में उत्तरप्रदेश और झारखंड सहित अन्य राज्यों से महिला अभ्यर्थी काफी संख्या में नियुक्त हो गए हैं।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay
पंकज विजय लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर हैं। यहां वह करियर, एजुकेशन, जॉब्स से जुड़ी खबरें देखते हैं। पंकज को पत्रकारिता में डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने एनडीटीवी डिजिटल, आजतक डिजिटल, अमर उजाला समाचार पत्र में काम किया। करियर-एजुकेशन-जॉब्स के अलावा वह विभिन्न संस्थानों में देश-विदेश, राजनीति, रिसर्च व धर्म से जुड़ी बीट पर भी काम कर चुके हैं। भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा व डीयू से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।