बिहार बीपीएससी शिक्षक बहाली, 32 हजार से ज्यादा पदों के लिए bpsc.bih.nic.in पर कल से आवेदन; जानिए पूरी डिटेल
बिहार लोक सेवा आयोग ने बीपीएससी टीआरई 4.0 के तहत 32,388 शिक्षक पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। इसके लिए 25 सितंबर यानी कल से ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।

अगर आप सरकारी मास्टर बनने की तैयारी कर रहे हैं और लंबे समय से बिहार में किसी बड़ी भर्ती का इंतजार था तो आपके लिए एक बेहद शानदार खबर सामने आई है। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने शिक्षक भर्ती परीक्षा के चौथे चरण यानी बीपीएससी टीआरई-4.0 का बिगुल बजा दिया है। इस बार आयोग ने कुल 32,388 पदों पर शिक्षकों की बहाली का ऐलान किया है। देशभर के योग्य उम्मीदवारों के पास बिहार के सरकारी स्कूलों में पढ़ाने का यह एक सुनहरा मौका है। आयोग से मिली जानकारी के मुताबिक, इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 25 सितंबर 2026 यानी कल से शुरू होने जा रही है। जो भी उम्मीदवार इन पदों के लिए जरूरी योग्यता रखते हैं, वे 26 अक्टूबर 2026 तक अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
जानिए किस क्लास के लिए निकले हैं कितने पद
आयोग ने इस बार पहली कक्षा से लेकर 12वीं तक के स्कूलों के लिए अलग-अलग स्तर पर वैकेंसी निकाली है। अगर आप पदों के गणित को देखें तो सबसे ज्यादा सीटें उच्च माध्यमिक यानी 11वीं और 12वीं क्लास के शिक्षकों के लिए रखी गई हैं। पूरा आंकड़ा कुछ इस तरह है -
- कक्षा 1 से 5 (प्राथमिक शिक्षक): 3,847 पद
- कक्षा 6 से 8 (मिडिल स्कूल शिक्षक): 8,563 पद
- कक्षा 9 और 10 (माध्यमिक शिक्षक): 3,877 पद
- कक्षा 11 और 12 (उच्च माध्यमिक शिक्षक): 16,101 पद
- कुल पद: 32,388
इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए प्राइमरी से लेकर हायर सेकेंडरी तक के स्कूलों में खाली पड़े पदों को भरा जाएगा। इससे जहां एक तरफ स्कूलों में पढ़ाई का स्तर सुधरेगा, वहीं दूसरी ओर हजारों युवाओं का सरकारी नौकरी पाने का सपना भी पूरा होगा।
जरूरी तारीखों पर रखें नजर
शिक्षक बनने का सपना देख रहे युवाओं को सलाह दी जाती है कि वे आखिरी तारीख का इंतजार बिल्कुल न करें। 25 सितंबर से एप्लीकेशन पोर्टल खोल दिया जाएगा, जबकि आवेदन की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर तय की गई है। आयोग की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bih.nic.in पर जाकर उम्मीदवार अपना ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। ध्यान रखें कि किसी भी तरह का ऑफलाइन आवेदन या डाक से भेजा गया फॉर्म स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बीपीएससी टीआरई 4.0 के लिए कैसे करें आवेदन?
अगर आप इस भर्ती के लिए अप्लाई करने की सोच रहे हैं, तो नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करके आसानी से अपना फॉर्म भर सकते हैं -
1. सबसे पहले बिहार लोक सेवा आयोग की ऑफिशियल वेबसाइट bpsc.bih.nic.in पर जाएं।
2. होमपेज पर आपको BPSC TRE 4.0 Registration का लिंक दिखेगा, उस पर क्लिक करें।
3. अपनी बेसिक जानकारी जैसे नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल दर्ज करके रजिस्ट्रेशन पूरा करें।
4. रजिस्ट्रेशन होने के बाद मिले यूजर आईडी और पासवर्ड से पोर्टल पर लॉग इन करें।
5. अब आवेदन फॉर्म खुलेगा, जिसमें अपनी निजी, शैक्षणिक और बाकी जरूरी डिटेल्स ध्यान से भरें।
6. मांगे गए सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स, फोटो और साइन को तय साइज और फॉर्मेट में अपलोड करें।
7. अपनी कैटेगरी के हिसाब से परीक्षा फीस का ऑनलाइन भुगतान करें।
8. फॉर्म सबमिट करने से पहले एक-एक जानकारी को दोबारा अच्छे से चेक कर लें ताकि कोई गलती न रहे।
9. सब कुछ सही होने पर फॉर्म को फाइनल सबमिट कर दें।
10. भविष्य में जरूरत के लिए भरे हुए फॉर्म और फीस रसीद की एक कॉपी डाउनलोड करके प्रिंट जरूर निकाल लें।
फॉर्म भरते समय इन बातों का रखें खास ध्यान
बीपीएससी टीआरई 4.0 का फॉर्म भरने से पहले आयोग द्वारा जारी ऑफिशियल नोटिफिकेशन और गाइडलाइंस को अच्छी तरह जरूर पढ़ लें। अपनी पात्रता यानी एजुकेशन क्वालिफिकेशन और उम्र सीमा को पहले ही जांच लें। दस्तावेज अपलोड करते वक्त इस बात का ख्याल रखें कि जो फोटो या सर्टिफिकेट आप अपलोड कर रहे हैं, वे एकदम साफ हों। धुंधले या गलत डॉक्यूमेंट्स अपलोड होने पर आपका फॉर्म रिजेक्ट भी हो सकता है। समय रहते फीस जमा करके फाइनल सबमिशन जरूर पूरा करें ताकि आखिरी दिनों में वेबसाइट पर ट्रैफिक बढ़ने से कोई परेशानी न आए।

